क्या सुबह उठते ही खाली पेट Pantoprazole की गोली लेना आपकी रोज की दिनचर्या का हिस्सा बन चुका है? एसिडिटी, सीने में जलन और पेट में ज्यादा एसिड बनने जैसी समस्याओं में डॉक्टर Pantoprazole जैसी दवाएं लिखते हैं। Pantoprazole को लोग अक्सर Pantop-40 और Pan-40 जैसे ब्रांड नामों से भी जानते हैं। कई लोग इस दवा का सेवन कुछ दिनों या हफ्तों तक करने के बजाय महीनों और यहां तक कि लंबे समय तक करते रहते हैं। कुछ लोगों को ऐसा भी लगता है कि अगर उन्होंने सुबह यह दवा नहीं ली तो उन्हें एसिडिटी या सीने में जलन शुरू हो जाएगी। लेकिन क्या लंबे समय तक बिना डॉक्टर की सलाह के Pantoprazole लेना सही है? क्या रोजाना इस दवा का सेवन करने से शरीर पर कोई असर पड़ सकता है? और क्या हर बार पेट में जलन या दर्द होने पर इसे लेना जरूरी है?
मारेंगो एशिया हॉस्पिटल में गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विभाग के वरिष्ठ सलाहकार एवं विभागाध्यक्ष डॉ. अमित मित्तल ने जनसत्ता से बातचीत में बताया कि Pantoprazole पेट में बनने वाले एसिड को कम करने वाली दवा है। यह Proton Pump Inhibitor (PPI) दवाओं के समूह से संबंधित है। पेट में एसिड का उत्पादन कम होने से एसिडिटी, सीने में जलन और एसिड से जुड़ी कुछ दूसरी समस्याओं के लक्षणों में राहत मिल सकती है। इसका इस्तेमाल कुछ मरीजों में अल्सर और एसिड रिफ्लक्स जैसी स्थितियों के इलाज में भी किया जाता है। हालांकि, हर पेट दर्द या जलन को एसिडिटी मानकर खुद से Pantoprazole लेना सही नहीं है। कई बार ऐसे लक्षणों के पीछे गॉलस्टोन्स, दूसरी पाचन संबंधी समस्याएं या यहां तक कि हृदय से जुड़ी गंभीर समस्या भी हो सकती है। आइए, गैस्ट्रोएंटरोलॉजिस्ट से जानते हैं Pantoprazole के सही इस्तेमाल, लंबे समय तक सेवन के संभावित जोखिम और इससे जुड़ी जरूरी सावधानियां।
क्या एंटासिड लेने से बढ़ सकता है दूसरी बीमारियों का जोखिम?
हर पेट दर्द को गैस समझना गलत है। डॉक्टर अमित ने बताया कि आमतौर पर लोग पेट में दर्द या जलन होने पर सीधे इसे एसिडिटी मान लेते हैं और मेडिकल स्टोर से एंटासिड या एसिड कम करने वाली दवा ले लेते हैं। कई बार इससे लक्षणों में राहत भी मिल जाती है, लेकिन समस्या यह है कि इससे किसी दूसरी बीमारी के लक्षण छिप सकते हैं। उदाहरण के लिए, पेट दर्द के पीछे गॉलस्टोन्स, संक्रमण या दूसरी गंभीर बीमारी भी हो सकती है। ऐसे में केवल एसिडिटी की दवा लेते रहने से सही बीमारी का पता लगाने में देरी हो सकती है।
बिना डॉक्टर की सलाह के रोज Pantoprazole लेना कितना सही?
डॉक्टर के मुताबिक, Pantoprazole जैसी दवाओं को बिना जांच और डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक रोजाना लेते रहना सही तरीका नहीं है। अगर किसी मरीज को अल्सर जैसी समस्या है और जांच में इसकी पुष्टि हुई है, तो डॉक्टर की सलाह के अनुसार कुछ समय तक दवा दी जा सकती है। लेकिन अगर किसी व्यक्ति ने खुद ही यह मान लिया है कि उसे रोज एसिडिटी होती है और वह सुबह उठते ही Pantoprazole लेने लगा है, तो उसे अपनी स्थिति की दोबारा जांच करानी चाहिए।
क्या Pantoprazole का लम्बे समय तक सेवन बढ़ा सकता है दवा पर निर्भरता?
डॉक्टर के मुताबिक लंबे समय तक दवा लेने के बाद कुछ लोगों को ऐसा महसूस हो सकता है कि अगर उन्होंने दवा नहीं ली तो एसिडिटी हो जाएगी। इससे व्यक्ति दवा पर मनोवैज्ञानिक रूप से निर्भर महसूस कर सकता है। ऐसे में केवल दवा जारी रखने के बजाय एसिडिटी के मूल कारणों जैसे खानपान और लाइफस्टाइल पर भी ध्यान देना जरूरी है। हालांकि दवा कब और कैसे बंद करनी है, यह मरीज की बीमारी और डॉक्टर की सलाह पर निर्भर करता है।
लंबे समय तक Pantoprazole लेने से सेहत में होने वाले जोखिम
डॉक्टर अमित ने बताया लंबे समय तक Pantoprazole लेने से Vitamin B12 और कैल्शियम की कमी जैसी समस्याएं बढ़ सकती हैं। डॉक्टर ने बताया लंबे समय तक इस्तेमाल करने वाले कुछ मरीजों में पोषक तत्वों से जुड़ी कमी और कमजोरी जैसी समस्याएं भी सामने आ सकती हैं।
क्या किडनी पर भी असर पड़ सकता है?
डॉक्टर ने लंबे समय तक Pantoprazole के इस्तेमाल को किडनी से जुड़ी समस्याओं के संभावित जोखिम से भी जोड़ा है। खासकर पहले से किडनी की बीमारी वाले मरीजों को बिना डॉक्टर की सलाह के लंबे समय तक दवा नहीं लेते रहना चाहिए।
Pantoprazole क्या हड्डियों पर भी करती है असर?
डॉक्टर अमित के मुताबिक लंबे समय तक Pantoprazole का इस्तेमाल करने से बॉडी में कैल्शियम की कमी हो सकती है जिससे हड्डियों की कमजोरी और फ्रैक्चर का जोखिम बढ़ सकता है।
क्या Pantoprazole से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है?
डॉक्टर ने बताया कि पेट का एसिड शरीर की प्राकृतिक सुरक्षा व्यवस्था का हिस्सा है। लंबे समय तक एसिड को दबाने वाली दवाओं के इस्तेमाल को कुछ संक्रमणों के जोखिम से जोड़ा गया है। इंटरव्यू में डॉक्टर ने खास तौर पर छाती के संक्रमण और निमोनिया का उल्लेख किया।
Pantoprazole के सामान्य साइड इफेक्ट क्या हो सकते हैं?
डॉक्टर अमित ने बताया कुछ लोगों में Pantoprazole लेने के दौरान सिरदर्द, चक्कर, मतली, कब्ज या दस्त जैसी परेशानियां हो सकती हैं। अगर दवा लेने के बाद लगातार या गंभीर लक्षण दिखाई दें तो डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
किन लोगों को विशेष सावधानी बरतनी चाहिए?
डॉक्टर अमित ने बताया कि जिन लोगों को इस दवा से एलर्जी या hypersensitivity है, उन्हें विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। गंभीर एलर्जिक रिएक्शन होने की स्थिति में तुरंत डॉक्टर को दिखाना जरूरी है। इसके अलावा, जिन मरीजों को पहले से लिवर या किडनी से जुड़ी बीमारी है, उन्हें Pantoprazole शुरू करने या लंबे समय तक जारी रखने से पहले डॉक्टर को अपनी पूरी मेडिकल हिस्ट्री बतानी चाहिए।
बुजुर्गों को रोज सुबह Pantoprazole लेना चाहिए?
कई बुजुर्ग लोग लंबे समय से सुबह उठते ही एसिडिटी की दवा लेते रहते हैं, भले ही उस समय कोई खास लक्षण न हो। डॉक्टर के मुताबिक, ऐसी स्थिति में यह देखना जरूरी है कि दवा अभी भी मरीज के लिए जरूरी है या वह सिर्फ आदत के कारण इसे ले रहा है।
Chronic acidity वालों को क्या करना चाहिए?
जिन लोगों को लंबे समय से एसिडिटी की समस्या रहती है, उनके लिए सिर्फ रोजाना दवा लेते रहना पर्याप्त समाधान नहीं है। डॉक्टर ने लाइफस्टाइल और डाइट में सुधार करने पर जोर दिया है। इसके लिए जरूरत के अनुसार चाय-कॉफी का सेवन कम करना, बहुत ज्यादा मसालेदार भोजन से बचना, वजन कंट्रोल रखना, शराब और स्मोकिंग से दूरी बनाना तथा खान-पान की आदतों को सुधारना मददगार हो सकता है।
क्या दवा खाना खुद ही बंद कर देना चाहिए?
Pantoprazole को लंबे समय से लेने वाला व्यक्ति इसे अपने स्तर पर अचानक बंद करने के बजाय डॉक्टर से सलाह ले। दवा कितने समय तक जारी रखनी है और कब कम या बंद करनी है, यह बीमारी के कारण और मरीज की स्थिति पर निर्भर करता है।
पेट के किस दर्द को गैस समझने की गलती न करें?
डॉक्टर के मुताबिक पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से में तेज या लगातार दर्द होने पर इसे केवल एसिडिटी मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए, क्योंकि यह गॉलब्लैडर से जुड़ी समस्या का संकेत हो सकता है। इसी तरह पेट के दर्द के साथ पीठ में दर्द भी हो तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है, क्योंकि इसके पीछे गॉलब्लैडर या पैंक्रियास से जुड़ी समस्या समेत कई कारण हो सकते हैं।
डॉक्टर की सलाह
Pantoprazole एक प्रभावी एसिड कम करने वाली दवा है और कई मरीजों में डॉक्टर की सलाह पर इसका इस्तेमाल जरूरी और फायदेमंद हो सकता है। समस्या तब हो सकती है जब इसे बिना सही कारण जाने रोजाना और लंबे समय तक खुद से लिया जाता रहे। सबसे जरूरी बात यह है कि सीने में भारीपन या दर्द और पेट के ऊपरी दाहिने हिस्से के तेज दर्द को सिर्फ गैस या एसिडिटी मानकर नजरअंदाज न करें।
डिस्क्लेमर: यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार की गई है। यह किसी भी तरह से योग्य डॉक्टर या मेडिकल विशेषज्ञ की सलाह, निदान (Diagnosis) या इलाज का विकल्प नहीं है। पेट दर्द, गैस या एसिडिटी के लगातार बने रहने पर किसी भी दवा का सेवन या बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
