महिलाओं में पीरियड्स के दौरान साफ-सफाई और स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता बढ़ाने के लिए सरकार पिछले कुछ दशकों से कई जागरूकता कार्यक्रम चला रही है। पीरियड के दौरान सफाई का ध्यान नहीं रखना और लापरवाही बरतना महिलाओं की सेहत के लिए गंभीर समस्या बन सकता है। इससे संक्रमण और स्वास्थ्य संबंधी कई परेशानियों का खतरा बढ़ सकता है।

पीरियड्स के दौरान सही सैनिटरी पैड का इस्तेमाल न करना, समय पर पैड न बदलना, साफ-सफाई की अनदेखी करना, कम ब्लीडिंग होना या सामान्य से अधिक ब्लीडिंग जैसी समस्याएं ऐसे मुद्दे हैं, जिन पर पहले महिलाएं अक्सर खुलकर बात करने से कतराती थीं। हालांकि, बदलते समय के साथ महिलाओं में अपनी सेहत को लेकर जागरूकता बढ़ी है। अब महिलाएं पीरियड से जुड़ी परेशानियों पर खुलकर चर्चा करने लगी हैं और इन समस्याओं को लेकर डॉक्टरों से सलाह लेने में भी संकोच नहीं करतीं।

National Family Health Survey-6 (NFHS-6) के आंकड़ों के मुताबिक गुजरे सालों की तुलना में महिलाएं पीरियड को लेकर काफी सतर्क रहती है और इस दौरान सेफ हाइजीनिक तरीके अपनाती हैं। NFHS-6 के मुताबिक गुजरे सालों की बात करें तो  2015-16 में यह आंकड़ा 57.6 फीसदी था जिसमें अब काफी सुधार हो चुका है। इस सुधार के लिए सरकार की योजनाएं, सस्ते सैनिटरी पैड उपलब्ध कराना और जागरूकता अभियानों चलाना पूरी तरह जिम्मेदार है। नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे-6 के आंकड़ों के मुताबिक, देश में 15 से 24 साल की 79.2 फीसदी युवतियां अब पीरियड के दौरान साफ-सफाई के नियमों का पालन करती हैं। रिपोर्ट के मुताबिक इस आंकड़े में सुधार के लिए केवल सस्ते सेनेटरी पैड की मौजूदगी ही जिम्मेदार नहीं है बल्कि महिलाओं की खुद की सतर्कता भी जिम्मेदार है।

साल 2015 से 2024 तक के आंकड़े क्या बताते हैं?

नेशनल फैमिली हेल्थ सर्वे के गुजरे 10 सालों के आंकड़ों की बात करें तो

  •  2015-16 में 57.6 फीसदी युवतियां हाइजीन तरीकों का इस्तेमाल करती थीं।
  •  2019-21 में यह आंकड़ा बढ़कर 77.6 फीसदी हो गया जो साफ बताता है कि महिलाओं ने मेंस्टुअल हाइजीन में सुधार किया।
  •  2023-24 की रिपोर्ट के मुताबिक अब यह आंकड़ा बढ़कर 79.2 फीसदी पहुंच गया है। यानी गुजरे दस सालों में करीब 21.6 प्रतिशत अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

पीरियड के दौरान महिलाएं कौन -कौन से हाइजीनिक तरीके अपना सकती हैं?

  1. विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) और यूनिसेफ के ज्वाइंट मॉनिटरिंग प्रोग्राम के अनुसार पीरियड के दौरान महिलाएं साफ-सफाई का खास ध्यान रखें। साफ सफाई का मतलब सिर्फ सैनिटरी पैड का इस्तेमाल करने तक सीमित नहीं है बल्कि साफ, स्किन फ्रेंडली  सामग्री का इस्तेमाल करें। जरूरत के मुताबिक उसे समय-समय पर बदलें। सैनिटरी पैड, टैम्पोन, मेंस्ट्रुअल कप या दोबारा इस्तेमाल किए जा सकने वाले कपड़े के पैड साफ, आरामदायक और साफ हो। डब्ल्यूएचओ के मुताबिक घर घर में महिलाओं को निजी सुरक्षा और सफाई करने के लिए सुरक्षित माहौल और सुविधा मिले। इस्तेमाल की गई सामग्री को सुरक्षित तरीके से धोना, सुखाना या नष्ट करना भी जरूरी है। इस तरह के तरीके अपनाकर महिलाएं संक्रमण से बचाव कर सकती हैं।
  2. पीरियड के दौरान महिलाएं कैसे कपड़े पहनें ये भी मायने रखता है। WHO के मुताबिक इस दौरान महिलाएं हल्की और हवादार कॉटन की पैंटी का इस्तेमाल करें। टाइट कपड़े नमी और गर्मी को अंदर रोक सकते हैं, जिससे कीटाणु पनप सकते हैं। पैड या पीरियड अंडरवियर को बहुत देर तक पहने रखने से रैश या इन्फेक्शन हो सकता है इसलिए उसे समय-समय पर बदलते रहें।
  3. जेनाइटल एरिया को साफ रखें। हर दिन वजाइना की सफाई करें। सफाई करने के लिए जरूरी नहीं है कि आप महंगे साबुन या महंगे स्किन केयर प्रोडक्ट का इस्तेमाल करें। आप पानी से भी इन जगहों की सफाई कर सकते हैं। वजाइना एक ऐसा अंग है जो खुद को साफ रखता है। वजाइना को आगे के हिस्से से पीछे की ओर पोंछें, न कि पीछे से आगे की ओर।
  4. टॉयलेट पेपर का इस्तेमाल भी सोच-समझकर करें। खुशबूदार या सेंटेड टॉयलेट पेपर या सैनिटरी पैड के इस्तेमाल से स्किन में जलन और इरिटेशन हो सकता है। इसलिए ऐसे उत्पादों का इस्तेमाल करने से बचें, क्योंकि ये संवेदनशील त्वचा को प्रभावित कर सकते हैं।
  5. पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। शरीर को हाइड्रेट रखना बेहद जरूरी है। पर्याप्त पानी पीने से यूरिनरी ट्रैक्ट हेल्दी रहता है और यूटीआई (यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन) के खतरे को कम करने में मदद मिल सकती है। हालांकि, केवल ज्यादा पानी पीने से यीस्ट इंफेक्शन से बचाव नहीं होता उसके लिए आपको अपनी ओवर ऑल सेहत का ध्यान रखना भी जरूरी है।
  6. अपने पीरियड को ट्रैक और मॉनिटर करें। आपका मैंस्टुअल साइकल आपकी ओवर ऑल हेल्थ का एक महत्वपूर्ण संकेत है। अनियमित पीरियड डायबिटीज, थायराइड की समस्याओं और सीलिएक डिजीज जैसी स्थितियों का संकेत हो सकते हैं। आप कैलेंडर पर या अपने फोन में मौजूद किसी खास ऐप की मदद से अपने पीरियड को ट्रैक कर सकती हैं।
  7. सालाना कुछ हेल्थ चेकअप भी आपकी अच्छी सेहत के लिए जरूरी हैं। आप साल में एक बार पैप स्मीयर, पेल्विक जांच और ब्रेस्ट टेस्ट जैसी जांच जरूर कराएं। अच्छी प्रजनन हेल्थ के लिए ये जांचें बहुत ज़रूरी हैं, क्योंकि इनसे कैंसर या दूसरी हेल्थ प्रॉब्लम कों शुरुआत में ही समझने का मौका मिलता है।

डिस्क्लेमर:यह खबर उपलब्ध NFHS-6 संबंधी आंकड़ों और Indian Express में प्रकाशित लेख पर आधारित है।