बदलते मौसम में इम्यूनिटी कम होना सिर्फ एक कहावत नहीं, बल्कि इसके पीछे वैज्ञानिक कारण हैं। मौसम में अचानक बदलाव शरीर के इम्यून सिस्टम को अस्थायी रूप से कमजोर कर सकता है। जैसे ही तापमान और आर्द्रता (humidity) में बदलाव होता है हमारे शरीर का आंतरिक सिस्टम बाहरी वातावरण के साथ तालमेल बिठाने की कोशिश करता है, जिससे इम्यूनिटी अस्थायी रूप से प्रभावित होती है। जब गर्मी से ठंड या ठंड से गर्मी के मौसम में बदलाव होता है, तो शरीर खुद को एडजस्ट करने में समय लगाता है। इस दौरान श्वसन तंत्र (Respiratory system) संवेदनशील हो जाता है और सर्दी-खांसी, वायरल इंफेक्शन का खतरा बढ़ता है।
गैस्ट्रो लिवर हॉस्पिटल में कानपुर में गैस्ट्रोलॉजिस्ट डॉक्टर वीके मिश्रा ने बताया अच्छी इम्यूनिटी के लिए आपको कुछ खास विटामिन की जरूरत होती है। अगर इम्यूनिटी अच्छी होगी तो आप बार-बार बीमार नहीं पड़ेंगे। आपको जल्दी-जल्दी सर्दी जुकाम और खांसी नहीं होगी। अगर आपको कोई इंजूरी हुई तो वो तेजी से ठीक होगी और एनर्जी लेवल बूस्ट होगा। इम्यूनिटी बढ़ाने में विटामिन सी सबसे ज्यादा मदद करता है। अगर आप चाहते हैं कि बदलते मौसम में आपकी इम्यूनिटी मजबूत रहे तो आप डाइट में विटामिन सी से भरपूर फूड्स का सेवन करें। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से फूड्स खाने से बॉडी को विटामिन सी मिलता है और इम्यूनिटी मजबूत होती है।
संतरे का करें सेवन
संतरा विटामिन C का बेहतरीन स्रोत है, जो शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं की कार्यक्षमता बढ़ाकर संक्रमण से लड़ने की क्षमता मजबूत करता है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स फ्री रेडिकल्स से होने वाले नुकसान को कम करते हैं और सूजन घटाने में मदद करते हैं। संतरे में फाइबर भी होता है, जो आंतों की सेहत सुधारकर इम्यून सिस्टम को सपोर्ट करता है। नियमित संतरा खाने से सर्दी-जुकाम और वायरल संक्रमण का खतरा कम हो सकता है।
आंवला खाएं
हालिया शोध और हेल्थ एक्सपर्ट का मानना है कि सही पोषण के जरिए हम इस इम्यूनिटी गैप को भर सकते हैं। इम्यूनिटी को मजबूत करने के लिए डाइट में आप आंवला को शामिल करें। National Institutes of Health (NIH) और कई रिसर्च के अनुसार आंवला पोषक तत्वों का एक ऐसा कॉकटेल है जो शरीर के लगभग हर अंग पर सकारात्मक प्रभाव डालता है। एक छोटे से आंवले में नारंगी (Orange) की तुलना में 20 गुना अधिक विटामिन C होता है।
कीवी खाएं
journal of Nutrients में प्रकाशित एक शोध के अनुसार कीवी में संतरा और स्ट्रॉबेरी से भी अधिक विटामिन C होता है। विटामिन C शरीर में सफेद रक्त कोशिकाओं की सक्रियता बढ़ाकर संक्रमण से लड़ने की क्षमता मजबूत करता है। इसमें विटामिन E, फोलेट और पोटैशियम भी होते हैं जो इम्यून सेल्स को सपोर्ट करते हैं। कीवी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस कम करते हैं और सूजन घटाने में मदद करते हैं। साथ ही इसका फाइबर आंतों की सेहत सुधारता है, जिससे गट इम्यूनिटी बेहतर होती है। नियमित सेवन से सर्दी-जुकाम का खतरा कम हो सकता है।
रोज शहद खाएं
शहद सिर्फ स्वाद ही नहीं बढ़ाता, बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद एंटीबैक्टीरियल, एंटीफंगल और एंटीऑक्सीडेंट तत्व इम्यूनिटी को मजबूत करने में मदद करते हैं। शहद गले की खराश में राहत देता है, पाचन प्रक्रिया को संतुलित रखता है और मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करता है। Frontiers in Microbiology में प्रकाशित शोध के अनुसार शहद में हाइड्रोजन पेरोक्साइड और उच्च शर्करा सांद्रता होती है, जो हानिकारक बैक्टीरिया को बढ़ने से रोकती है। इसका सेवन करने से बीमार होने का खतरा टलता है।
गर्म पानी पिएं
बदलते मौसम में इम्यूनिटी को मजबूत करने के लिए आप गर्म पानी का सेवन करें। Journal Chest में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक ठंडा पानी पीने से नेजल म्यूकस (Nasal Mucus) गाढ़ा हो जाता है, जिससे वो श्वसन मार्ग से आसानी से बाहर नहीं निकल पाता। गर्म पानी या सूप म्यूकस के प्रवाह को 20% तक तेज कर देते हैं, जिससे शरीर वायरस को जल्दी बाहर निकाल पाता है।
डिस्क्लेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
