क्या आप जानते हैं कि आपकी याददाश्त का कमजोर होना सिर्फ उम्र का असर नहीं, बल्कि आपके गलत लाइफस्टाइल का नतीजा है। मेडिकल साइंस के मुताबिक अत्यधिक तनाव हमारे मस्तिष्क को उसकी वास्तविक उम्र से कहीं ज्यादा तेजी से बूढ़ा कर सकता है। हालिया रिसर्च बताती हैं कि कोर्टिसोल जैसे स्ट्रेस हार्मोन दिमाग के उस हिस्से को सिकोड़ सकते हैं जो यादें सहेजता है। अगर आप भी अक्सर छोटी-छोटी बातें भूलने लगे हैं, तो यह महज थकान नहीं बल्कि आपके मस्तिष्क की चेतावनी हो सकती है।

मैरिंगो एशिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो एंड स्पाइन (MAIINS), गुरुग्राम में चेयरमैन डॉ. प्रवीण गुप्ता के मुताबिक लंबे समय तक तनाव सिर्फ मानसिक स्वास्थ्य पर असर नहीं डालता, बल्कि दिमाग की उम्र और कार्यक्षमता को भी प्रभावित करता है। लंबे समय तक तनाव में रहने से मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान होता है, याददाश्त और सीखने की क्षमता कमजोर हो सकती है, और दिमाग जल्दी बूढ़ा हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि तनाव और दिमाग का क्या है कनेक्शन हैं और ये कैसे दिमाग को बूढ़ा कर रहा है। तनाव से बचने के लिए कौन कौन से उपाय करना जरूरी है। 

तनाव और दिमाग का क्या है कनेक्शन

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में तनाव एक आम बात हो गई है। काम का दबाव, पढ़ाई, परिवार की जिम्मेदारियां और सोशल मीडिया से जुड़े तनाव अक्सर हमारी मानसिक और शारीरिक सेहत पर गहरा असर डालते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि लगातार तनाव आपके दिमाग को भी जल्दी बूढ़ा कर सकता है? मैरिंगो एशिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरो एंड स्पाइन (MAIINS), गुरुग्राम के चेयरमैन, डॉ. प्रवीण गुप्ता के अनुसार, लंबे समय तक तनाव में रहने से न केवल मानसिक स्वास्थ्य पर असर पड़ता है, बल्कि मस्तिष्क की उम्र और कार्यक्षमता पर भी लंबे समय तक प्रभाव पड़ता है।

तनाव और दिमाग का संबंध

लंबे समय तक तनाव में रहने से शरीर में एक खास हार्मोन का स्तर बढ़ जाता है, जो मस्तिष्क में कोशिकाओं को प्रभावित करता है और याददाश्त, फोकस और सीखने की क्षमता को कम कर सकता है। लगातार ओवर थिंकिंग और तनाव आजकल की जिंदगी का हिस्सा बन चुके हैं, लेकिन इसका असर सिर्फ मानसिक स्थिति तक सीमित नहीं रहता। लंबे समय तक बना रहने वाला तनाव दिमाग की कार्यक्षमता को प्रभावित करता है और धीरे-धीरे मानसिक थकान बढ़ाता है। क्रोनिक यानी लंबे समय तक रहने वाला तनाव दिमाग को नुकसान पहुंचा सकता है। यह दिमाग की कार्यप्रणाली को कमजोर करता है और समय से पहले ब्रेन एजिंग (Brain Ageing) की प्रक्रिया को तेज कर देता है, जिससे व्यक्ति का दिमाग उम्र से पहले बूढ़ा होने लगता है। तनाव का असर दिमाग पर कई रूपों में दिखाई देता है जैसे

  • याददाश्त कमजोर होना
  • निर्णय लेने की क्षमता में कमी
  • मूड में बदलाव और चिंता का बढ़ना
  • नींद की समस्या होना शामिल है।

डॉ. गुप्ता बताते हैं कि लंबे समय तक तनाव हिप्पोकैम्पस नामक मस्तिष्क के हिस्से को प्रभावित करता है, जो याददाश्त और सीखने के लिए जिम्मेदार है। समय के साथ इसका असर कोशिकाओं की संख्या और संरचना पर पड़ता है, जिससे दिमाग जल्दी बूढ़ा हो सकता है।

तनाव कैसे याददाश्त और सोचने की क्षमता पर करता है असर

तनाव का सीधा असर याददाश्त और सोचने की क्षमता पर पड़ता है। इससे कॉग्निटिव डिक्लाइन (Cognitive Decline) यानी समझने, याद रखने और निर्णय लेने की क्षमता कमजोर होने लगती है। व्यक्ति छोटी-छोटी बातें भूलने लगता है और फोकस कम हो जाता है।

तनाव का शॉर्ट टर्म और लॉन्ग टर्म प्रभाव

कम समय का तनाव सीमित असर डालता है, लेकिन जब तनाव लंबे समय तक बना रहता है, तो यह दिमाग की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे भविष्य में गंभीर मानसिक समस्याओं का खतरा बढ़ जाता है।

तनाव से बढ़ता है डिमेंशिया और दूसरी बीमारियों का जोखिम

लगातार तनाव और मानसिक दबाव से डिमेंशिया (Dementia) जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। कुछ मामलों में सूडो डिमेंशिया (Pseudo Dementia) की स्थिति भी देखने को मिलती है, जो डिप्रेशन और तनाव से जुड़ी होती है।

तनाव से दिमाग में होने वाले बदलाव

तनाव दिमाग के न्यूरोट्रांसमीटर (Neurotransmitters) को प्रभावित करता है। इससे हैप्पी हार्मोन कम हो जाते हैं, जिससे मूड खराब होता है, याददाश्त कमजोर होती है और दिमाग की कार्यक्षमता घटती है।

इम्यूनिटी पर भी असर करता है तनाव

क्रोनिक तनाव शरीर की इम्यूनिटी को कमजोर कर देता है। इससे शरीर बीमारियों से लड़ने में कमजोर हो जाता है और व्यक्ति जल्दी-जल्दी बीमार पड़ सकता है।

कब समझें कि तनाव खतरनाक हो रहा है?

जब तनाव आपकी रोजमर्रा की जिंदगी, नींद, याददाश्त और काम करने की क्षमता को प्रभावित करने लगे, तो यह संकेत है कि अब इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।

तनाव से कैसे करें बचाव और मैनेजमेंट

तनाव को कंट्रोल करने के लिए लाइफस्टाइल में बदलाव जरूरी है। अपने रिश्तों को मजबूत बनाना, हॉबी में समय देना और ओवरथिंकिंग से ध्यान हटाना मददगार हो सकता है। जरूरत पड़ने पर डॉक्टर या साइकोलॉजिस्ट से सलाह लेना भी जरूरी है। अगर तनाव और एंग्जायटी ज्यादा बढ़ जाए, तो इसका इलाज संभव है। सही समय पर इलाज लेने से मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर किया जा सकता है और दिमाग को लंबे समय तक हेल्दी रखा जा सकता है।

निष्कर्ष

लगातार तनाव सिर्फ एक मानसिक परेशानी नहीं, बल्कि यह दिमाग को नुकसान पहुंचा कर याददाश्त और सोचने की क्षमता को कमजोर कर सकता है। इसलिए समय रहते इसे पहचानना और सही तरीके से मैनेज करना बेहद जरूरी है।