High Cholesterol Symptoms in Youth: खराब कोलेस्ट्रॉल हमारे स्वास्थ्य का बहुत बड़ा दुश्मन है, पहले यह समस्या मध्यम आयु वर्ग के लोगों को होती थी। जिसमें उन्हें उच्च रक्तचाप, मोटापा, मधुमेह और हृदय रोग का सामना करना पड़ता था, लेकिन पिछले कुछ समय से कई युवा हार्ट अटैक, ब्रेन स्ट्रोक और हाई बीपी के शिकार हो रहे हैं। इसलिए जरूरी है कि आप समय रहते एलडीएल बढ़ने के लक्षणों को पहचान लें, इन्हें नजरअंदाज करना लंबे समय में खतरनाक साबित हो सकता है। आइए जानते हैं वो लक्षण कौन-कौन से हैं-
हाई कोलेस्ट्रॉल के सामान्य लक्षण | Common symptoms of high cholesterol
कुछ सामान्य लक्षण हैं जो इस बात का इशारा करते हैं कि व्यक्ति के शरीर में कोलेस्ट्रॉल का लेवल बढ़ा हुआ है या नहीं। ऐसी स्थिति में व्यक्ति को मतली, सुन्नता, थकान, सांस लेने में कठिनाई, सीने में दर्द, हाई ब्लड प्रेशर या एनजाइना आदि जैसे लक्षण देखे जाते हैं। हाई कोलेस्ट्रॉल के बारे में गंभीर बात यह है कि प्रारंभिक अवस्था में इसके कोई लक्षण नहीं होते हैं। इसलिए आमतौर पर व्यक्ति को हाई कोलेस्ट्रॉल की स्थिति का पता बहुत देर से चलता है।
बेचैनी और पसीना आना
गर्मी के मौसम में पसीना आना सामान्य बात है, लेकिन अगर सामान्य कमरे के तापमान या सर्दी के मौसम में भी आपके माथे से पसीना आ रहा है तो समझ लीजिए कि यह किसी बड़े खतरे का संकेत है। दरअसल, कोलेस्ट्रॉल बढ़ने से सही मात्रा में खून दिल तक नहीं पहुंच पाता है, जिससे बेवजह पसीना और बेचैनी होने लगती है।
आंखों के चारों ओर पीले धब्बे
जब कोलेस्ट्रॉल बहुत ज्यादा बढ़ जाता है तो आंखों के आसपास की त्वचा पीली पड़ जाती है या उस पर पीले रंग के दाने निकल आते हैं। ऐसा खून में अत्यधिक चर्बी बढ़ने के कारण होता है, जो बहुत ही खतरनाक होता है।
सीढ़ियां चढ़ते समय सांस फूलना
25 से 30 साल के बीच उम्र वालों को किसी भी तरह की शारीरिक गतिविधियां करने में ज्यादा दिक्कत नहीं होनी चाहिए। लेकिन कुछ ऐसे भी लोग हैं जो सीढ़िया नहीं चढ़ पाते हैं, चढ़ते भी हैं तो उनकी सांस फूलने लगती है और दिल की धड़कन बहुत तेज हो जाती है। बता दें कि यह हाई कोलेस्ट्रॉल का शुरुआती चेतावनी संकेत हो सकता है।
कोलेस्ट्रॉल कितना होना चाहिए और इसे कब बढ़ा हुआ माना जाना चाहिए?
जब शरीर में कोलेस्ट्रॉल का स्तर निर्धारित स्तर से अधिक हो जाता है तो यह मानव शरीर के लिए खतरनाक हो जाता है और कई समस्याओं का कारण बनता है। आपको बता दें कि 200 मिलीग्राम प्रति डेसीलीटर कोलेस्ट्रॉल हमारे शरीर के लिए सामान्य श्रेणी में माना जाता है। एक आदमी के लिए एक अच्छा कोलेस्ट्रॉल या HDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर 40 होना चाहिए। तो महिलाओं के लिए यह 50 होना चाहिए। साथ ही बैड कोलेस्ट्रॉल या LDL कोलेस्ट्रॉल का स्तर 100 से नीचे होना चाहिए। वहीं, सामान्य परिस्थितियों में ट्राइग्लिसराइड्स 149 mg/dL से कम होना चाहिए।