आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी और खराब लाइफस्टाइल के कारण ‘हाई ब्लड प्रेशर’ (Hypertension) एक आम समस्या बन चुकी है। साइलेंट किलर मानी जाने वाली इस बीमारी को कंट्रोल करने में हमारी डाइट सबसे अहम भूमिका निभाती है। संतुलित डाइट का सेवन करके, नमक का सेवन कंट्रोल कर और हेल्दी लाइफस्टाइल को अपनाकर बीपी को नॉर्मल रखा जा सकता है। बीपी को नॉर्मल रखने में कुछ फूड्स जैसे केला,चुकंदर और अनार को असरदार माना जाता है।  लेकिन सवाल ये उठता है कि क्या इन रोजमर्रा के खाद्य पदार्थों में ऐसे पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो दिल की सेहत को दुरुस्त रखने में मदद कर सकते हैं।

PSRI हॉस्पिटल,नई दिल्ली में डायटेटिक्स विभाग की प्रमुख डॉ. शालिनी गार्विन ब्लिस के मुताबिक हाई ब्लड प्रेशर की समस्या अक्सर बिना किसी स्पष्ट लक्षण के बनी रहती है। अगर इसे लम्बे समय तक कंट्रोल नहीं किया जाए तो ये दिल के रोग, स्ट्रोक और किडनी संबंधी समस्याओं का खतरा बढ़ा सकती है। जिन लोगों का बीपी ज्यादा रहता है उन्हें इसे कंट्रोल करने के लिए दवा की जरूरत पड़ती है।

हाई बीपी के मरीजों में खान-पान बीपी को कंट्रोल करने में अहम भूमिका निभाता है। डाइट में कुछ चीजों का सेवन आपके बीपी को नॉर्मल रखने में मदद करता है। किचन में मौजूद कुछ फूड जैसे अनार,चुकंदर और केला ऐसे फल हैं जिनका सेवन करके आप बीपी को नॉर्मल रख सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ये फल कैसे बीपी को नॉर्मल रखने में मददगार साबित होते हैं।

अनार है एंटीऑक्सीडेंट का अच्छा स्रोत

अनार में पॉलीफेनॉल नामक प्लांट बेस्ड यौगिक भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। इनमें एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं, जो शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। कई रिसर्च में ये बात साबित हो चुकी है कि अनार का सेवन ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मददगार साबित होता है।  अनार को साबुत खाने से एंटीऑक्सीडेंट के साथ डाइटरी फाइबर भी मिलता है। अगर आप इसका जूस पीना पसंद करते हैं, तो बिना चीनी के जूस का सेवन करें। याद रखे की अनार के जूस की मात्रा का भी सीमित सेवन करें। लगभग 150 मिलीलीटर तक ही इस जूस को पिएं। डॉक्टर ने बताया कि अनार का सेवन उसके जूस की तुलना में साबुत फल खाना बेहतर होता है, क्योंकि इससे फाइबर मिलता है और पेट भी अधिक देर तक भरा हुआ महसूस होता है।

चुकंदर का सेवन ब्लड फ्लो बेहतर करने में भी है मददगार

चुकंदर में नाइट्रेट पाया जाता हैं, शरीर इन नाइट्रेट को नाइट्रिक ऑक्साइड में बदलता है। यह एक ऐसा यौगिक है, जो रक्त वाहिकाओं को आराम देने और उन्हें चौड़ा करने में मदद करता है। इससे रक्त का प्रवाह बेहतर हो सकता है। चुकंदर के जूस को लेकर की गई कई रिसर्च के नतीजे उत्साहजनक रहे हैं।

साल 2022 में प्रकाशित सात रैंडमाइज्ड कंट्रोल ट्रायल के सिस्टमैटिक रिव्यू और मेटा-एनालिसिस में हाई ब्लड प्रेशर वाले 218 लोगों को शामिल किया गया था। इसमें पाया गया कि नाइट्रेट से भरपूर चुकंदर के जूस का सेवन करने वालों का सिस्टोलिक ब्लड प्रेशर यानी ऊपर वाला बीपी, उन लोगों की तुलना के मुकाबले औसतन लगभग 5 mmHg कम हुआ था जिन्होंने इस जूस का सेवन नहीं किया था। आप चुकंदर को सलाद, सब्जी या पकाकर अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।  एक छोटा चुकंदर, जिसका वजन लगभग 75–100 ग्राम हो वो सेहत के लिए पर्याप्त है। जिन लोगों को किडनी में पथरी होने की समस्या रहती है, उन्हें चुकंदर खाने से पहले अपने डॉक्टर या डाइटिशियन से सलाह लेना जरूरी है।

केला खाएं पोटैशियम का अच्छा स्रोत

केले में पोटैशियम पाया जाता है। यह एक जरूरी खनिज है, जो शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने और मांसपेशियों तथा नसों के सामान्य कामकाज में मदद करता है। पोटैशियम, अधिक सोडियम यानी नमक के सेवन से ब्लड प्रेशर पर पड़ने वाले कुछ नकारात्मक प्रभावों को कम करने में भी भूमिका निभाता है। एक मीडियम साइज के केले में लगभग 400–450 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। केला का रोजाना सेवन करने से बॉडी को पर्याप्त पोटैशियम मिलता है। इसके साथ हरी सब्जियां, दालें और दूसरे फल भी पोटैशियम के अच्छे स्रोत हैं।

ये फूड भी बीपी कंट्रोल करने में करते हैं मदद

जिन लोगों का बीपी हाई रहता है वो डाइट में पालक और चौलाई जैसी हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। इसमें पोटैशियम और मैग्नीशियम पाए जाते हैं। वहीं, टमाटर, ब्रोकली और दालें भी शरीर को जरूरी पोषक तत्व और फाइबर देते हैं। बीपी को कंट्रोल करने के लिए अलग-अलग तरह के फल, सब्जियां, साबुत अनाज और दालों को अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद साबित होता है।

नमक कम करें और लाइफस्टाइल में करें ये बदलाव

  • हाई ब्लड प्रेशर को कंट्र्रोल रखने के लिए केवल फल और सब्जियां खाना ही पर्याप्त नहीं है। इसके साथ रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव करना भी जरूरी है।
  • नमक का अधिक सेवन करने से बचें। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वयस्कों को सभी स्रोतों से मिलाकर प्रतिदिन 5 ग्राम से कम नमक का सेवन करना चाहिए।
  • पैकेटबंद स्नैक्स, अचार और अत्यधिक प्रोसेस्ड खाद्य पदार्थों की मात्रा सीमित रखें।
  • वजन को कंट्रोल करें और पर्याप्त नींद लें। शराब का सेवन सीमित रखें या इससे बचें। इन आदतों को अपनाने से ब्लड प्रेशर को कंट्रोल रखने और दिल की सेहत बेहतर बनाए रखने में मदद मिल सकती है।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के लिए है। हाई ब्लड प्रेशर के मरीज अपनी दवाएं बंद न करें और खानपान में बड़े बदलाव करने से पहले डॉक्टर से सलाह लें। किडनी की बीमारी या शरीर में पोटैशियम बढ़ने का जोखिम होने पर विशेष सावधानी जरूरी है।