क्या कम उम्र में खास कर 18 से 30 साल के बीच की उम्र में दिल की सेहत को लेकर बेफिक्र रहना मुमकिन है? एक हालिया मेडिकल स्टडी ने हेल्थ एक्सपर्ट्स और युवाओं की चिंता बढ़ा दी है।
रिसर्च के मुताबिक, 18 से 29 साल की उम्र में ही नसों के अंदर कोलेस्ट्रॉल और फैट का जमाव शुरू हो सकता है, जो आगे चलकर हार्ट अटैक और दिल की बीमारियों के जोखिम को बढ़ा देता है।
आखिर खराब लाइफस्टाइल और खराब खानपान युवाओं की नसों पर कितना असर डाल रहा है? जानिए नई रिसर्च कैसे युवाओं के दिल पर मंडरा रहे खतरा को लेकर अलर्ट करती है, एक्सपर्ट्स से समझें दिल को दुरुस्त रखने के बेहद जरूरी उपाय।
रिसर्च क्या कहती है?
द न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में अगस्त के आखिर में प्रकाशित एक रिसर्च ने कम उम्र में दिल के रोगों को लेकर नई चर्चा शुरू कर दी है। इस रिसर्च के मुताबिक 18 से 29 साल की उम्र के लोगों में भी धमनियों में एथेरोस्क्लेरोसिस यानी प्लाक जमा होने के शुरुआती संकेत मिल सकते हैं।
शोधकर्ताओं ने रिसर्च में पाया कि इस आयु वर्ग के पुरुषों में 8.7 प्रतिशत और 6.7 प्रतिशत महिलाओं की धमनियों में प्लाक मौजूद था। डेनमार्क और स्पेन में किए गए इस अध्ययन में 18 से 70 वर्ष की उम्र के 16,808 वयस्कों को शामिल किया गया था।
रिसर्च में शामिल लोगों को पहले से कोई दिल का रोग नहीं था। शोधकर्ताओं ने आधुनिक इमेजिंग तकनीकों की मदद से शरीर की अलग-अलग धमनियों में प्लाक की मौजूदगी का पता लगाया। कुल प्रतिभागियों में 57.1 प्रतिशत लोगों में एथेरोस्क्लेरोसिस के संकेत मिले।
हालांकि युवाओं में प्लॉक मिलने का मतलब ये नहीं है कि जिन युवाओं में प्लॉक मिला है उन्हें हार्ट अटैक जरूर आएगा। यह अध्ययन इस बात पर जोर देता है कि दिल के रोगों की प्रक्रिया बिना किसी स्पष्ट लक्षण के कम उम्र में शुरू हो सकती है। इसलिए समय रहते जोखिम कारकों की पहचान करना और उन्हें कंट्रोल करना जरूरी है।
क्या रातो रात जमा होता है धमनियों में ये प्लॉक
प्लाक जमा होना एक धीमी प्रक्रिया है, ये रातो रात अचानक होने वाली घटना नहीं है। एथेरोस्क्लेरोसिस एक ऐसी स्थिति है, जिसमें धमनियों की अंदरूनी दीवारों पर धीरे-धीरे प्लाक जमा होने लगता है। यह प्लाक मुख्य रूप से कोलेस्ट्रॉल, वसा, सूजन से जुड़ी कोशिकाओं, रेशेदार ऊतकों और कैल्शियम जैसे पदार्थों से बन सकता है। इस प्रक्रिया में LDL कोलेस्ट्रॉल की अहम भूमिका होती है। कोलेस्ट्रॉल के कण धमनियों की दीवारों में जमा हो सकते हैं। शरीर में सूजन की प्रक्रिया शुरू हो सकती है और समय के साथ प्लॉक बढ़ सकता है।
क्या बचपन से ही शुरू हो सकती है यह समस्या?
बेंगलुरु के स्पर्श हॉस्पिटल के प्रमुख हृदय रोग विशेषज्ञ और मेडिकल डायरेक्टर डॉ. रंजन शेट्टी के मुताबिक, हृदय रोगों के जोखिम को समझते समय केवल नॉर्मल हेल्थ चेकअप आवश्यक नहीं होता बल्कि यह भी महत्वपूर्ण है कि कोई व्यक्ति कितने वर्षों से जोखिम कारकों के संपर्क में रहा है। अगर किसी युवा का खराब कोलेस्ट्रॉल लगातार बढ़ा हुआ है तो कम उम्र में ही उसकी धमनियां इस जोखिम के संपर्क में रह सकती हैं। आगे चलकर हाई ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर का बढ़ना, धूम्रपान और शरीर में जरूरत से ज्यादा फैट जमा होना भी इस जोखिम को बढ़ा सकता हैं। अनुवांशिक कारण भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
भारतीय युवाओं के लिए क्यों जरूरी है यह जानकारी?
हम भारतीय लोगों में कम उम्र में ही डायबिटीज और दिल के रोगों का खतरा बढ़ रहा है। इसके पीछे आनुवंशिक कारणों के साथ शरीर में वसा का जमा होना, इंसुलिन रेजिस्टेंस, खानपान, शारीरिक गतिविधि और बचपन से जुड़ी परिस्थितियां जिम्मेदार हो सकती हैं। दक्षिण एशियाई लोगों में सामान्य बीएमआई होने के बावजूद पेट के आसपास और आंतरिक अंगों के आसपास फैट जमा होने की समस्या ज्यादा रहती है जिसे विसरल फैट कहा जाता है। यह इंसुलिन रेजिस्टेंस और अन्य मेटाबॉलिक समस्याओं से जुड़ा हो सकता है। सिर्फ शरीर का वजन या बीएमआई देखकर किसी इंसान के दिल की सेहत का अंदाजा लगाना मुश्किल होता है।
किशोरों का बदलता लाइफस्टाइल चिंता का विषय
रिसर्च के मुताबिक, खासकर अधिक वजन वाले किशोरों में हृदय और मेटाबॉलिक समस्याओं के जोखिम देखे गए हैं। 16 अध्ययनों की समीक्षा में भारतीय किशोरों में मेटाबॉलिक सिंड्रोम की अनुमानित दर 3.4 से 5 प्रतिशत पाई गई, हालांकि यह पूरे देश का सटीक आंकड़ा नहीं है। इस स्थिति में पेट पर अतिरिक्त चर्बी, हाई ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल में गड़बड़ी और ब्लड शुगर बढ़ने जैसी समस्याएं एक साथ हो सकती हैं। ज्यादा कैलोरी वाला खाना, रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, मीठे ड्रिंक और शारीरिक गतिविधि की कमी इस जोखिम को बढ़ा सकते हैं।
क्या हर किशोर को करानी चाहिए धमनियों की जांच?
डॉ. रंजन शेट्टी के अनुसार, बच्चों और किशोरों में मोटापा, हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, कम उम्र में हृदय रोग की फैमिली हिस्ट्री वाले लोगों को डॉक्टर की सलाह पर जांच कराना चाहिए। दिल के रोगों से बचाव करने के लिए आमजन बैलेंस डाइट का सेवन करें, बॉडी को एक्टिव रखें, तंबाकू का सेवन कंट्रोल करें, बीपी और कोलेस्ट्ऱ़ॉल कंट्रोल कर दिल के रोगों से बचाव कर सकते हैं। हृदय रोगों से बचाव की शुरुआत अधेड़ उम्र में ही नहीं, बल्कि कम उम्र से होनी चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख वैज्ञानिक अध्ययन और स्वास्थ्य विशेषज्ञों की जानकारी पर आधारित है। धमनियों में प्लाक मिलने का मतलब यह नहीं है कि हार्ट अटैक होना तय है। हर व्यक्ति का जोखिम अलग होता है। किसी भी जांच या उपचार के लिए डॉक्टर की सलाह लें।
