सुबह का नाश्ता दिन की शुरुआत का अहम हिस्सा है, लेकिन सिर्फ पेट भर लेना ही अच्छी डाइट की निशानी नहीं है। सुबह का नाश्ता प्रोटीन, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर हो तो हमारी बॉडी को पर्याप्त पोषण मिलता है और बॉडी दिन भर एक्टिव भी रहती है। मसरुफिय की जिंदगी में आजकल लोग नाश्ते में बिस्कुट, पैकेट वाले सीरियल्स, मीठे पेय, इंस्टेंट फूड या मैदे से बनी चीजों को प्राथमिकता देने लगे हैं। ये विकल्प सुविधाजनक जरूर हैं, लेकिन इनमें से कई में अतिरिक्त चीनी, नमक या फैट अधिक और फाइबर कम हो सकता है।
भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (ICMR) और राष्ट्रीय पोषण संस्थान (NIN) की डाइटरी गाइडलाइंस में भी अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड और अधिक फैट, चीनी व नमक वाले खाद्य पदार्थों का सेवन सीमित रखने की सलाह दी गई है। ऐसे फूड्स पर रोजाना की निर्भरता बॉडी को पर्याप्त पोषण नहीं देती। अक्सर लोग सुबह के नाश्ते में इन अनहेल्दी फूड्स को शामिल कर लेते हैं जो पेट तो भरते हैं लेकिन बॉडी को पोषण नहीं देते। कुछ लोग दिन की शुरुआत नमकीन और बिस्कुट खाकर करते हैं जो सेहत के लिए नुकसानदायक है। Nature जर्नल में छपे एक अध्ययन के मुताबिक पैकेट बंद नमकीन और बिस्कुट में ‘इमल्सीफायर’ मिलाए जाते हैं। ये केमिकल आंतों की उस सुरक्षात्मक परत को गला देते हैं जो बैक्टीरिया को शरीर के अंदर जाने से रोकती है।
पोषण विशेषज्ञों का मानना है कि केवल पेट भरना और शरीर को सही पोषण (Nourishment) देना दोनों में बहुत बड़ा अंतर है। एक संतुलित नाश्ता आपकी इम्यूनिटी बढ़ाने, मेटाबॉलिज्म को सुचारू रखने और वजन कंट्रोल करने में सबसे बड़ी भूमिका निभाता है। आपकी उम्र, लाइफस्टाइल और सेहत की जरूरतों के हिसाब से आपका नाश्ता ‘परफेक्ट ब्रेकफास्ट’होना चाहिए। आइए समझते हैं कि नाश्ते में किन फूड्स को शामिल करें जो बॉडी को पर्याप्त पोषण दें।
दिन की शुरुआत किन फूड्स के साथ करें
दिन की शुरुआत में डाइट में ऐसे फूड्स को शामिल करें जिसमें प्रोटीन, कार्बोहाइड्रेट और विटामिन और खनिज जैसे पोषक तत्व शामिल हो। ये सभी पोषक तत्व आपकी बॉडी को हेल्दी रखते हैं और आपको दिन भर एनर्जेटिक महसूस कराते हैं। आप सुबह के नाश्ते में ओटमील का सेवन करें। फाइबर से भरपूर ओटमील का सेवन आप सुबह के नाश्ते में करेंगे तो आप दिनभर एनर्जेटिक रहेंगे और ब्लड शुगर का स्तर भी नॉर्मल रहेगा। जर्नल ऑफ न्यूट्रिशन और MDPI Nutrients में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक ओट्स में बीटा-ग्लूकॉन नाम का एक विशेष घुलनशील फाइबर होता है। यह फाइबर पाचन तंत्र में जाकर एक जेल बनाता है। यह जेल पेट खाली होने की गति को धीमा कर देता है, जिससे भोजन से कार्बोहाइड्रेट धीरे-धीरे टूटकर खून में मिलते हैं। नाश्ते में ओटमील का सेवन खाने के बाद की ब्लड शुगर को तेजी से नहीं बढ़ाता और बॉडी को हेल्दी रखता है।
नाश्ते में अंडे खाएं
प्रोटीन से भरपूर अंडा नाश्ते के लिए बेहतरीन फूड है। अंडे का सेवन आप ऑमलेट बनाकर या फिर उबालकर कर सकते हैं। अंडा भूख को शांत करता है, बॉडी को एनर्जी देता है, मांसपेशियों की मरम्मत और विकास में मदद करता है।International Journal of Obesity में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक जिन लोगों ने कम कैलोरी वाली डाइट के साथ नाश्ते में अंडे खाए, उन्होंने नाश्ते में उतनी ही कैलोरी का ब्रेड खाने वालों की तुलना में 65% अधिक वजन घटाया और 34% अधिक कमर की चर्बी कम की। अंडा एक हाई-प्रोटीन फूड है। प्रोटीन पाचन तंत्र में तृप्ति देने वाले हार्मोन PYY और GLP-1 को बढ़ाता है और भूख बढ़ाने वाले हार्मोन घ्रेलिन के स्तर को घटाता है।
नाश्ते में ग्रीक योगार्ट का करें सेवन
Appetite जर्नल में प्रकाशित अध्ययन के अनुसार, नाश्ते में ग्रीक योगर्ट जैसे हाई प्रोटीन वाले फूड का सेवन करने से दिन में बार-बार लगने वाली भूख में काफी कमी आती है। ग्रीक योगर्ट बनाते समय दही का सारा पानी छानकर निकाल दिया जाता है। इस वजह से यह साधारण दही की तुलना में अधिक गाढ़ा होता है और इसमें प्रति सर्विंग 15 से 20 ग्राम प्रोटीन मिलता है, जो साधारण दही से लगभग दोगुना है। प्रोटीन और प्रोबायोटिक्स से भरपूर, ग्रीक योगार्ट का सेवन सुबह के नाश्ते के लिए बेहतरीन फूड है। ये आपके पाचन को दुरुस्त करता है और भूख को कंट्रोल करता है।
नाश्ते में करें बैरीज का सेवन
Harvard Medical School द्वारा संचालित Nurses’ Health Study जिसमें 16,000 से अधिक महिलाओं पर रिसर्च की गई थी, के अनुसार नियमित रूप से ब्लूबेरी और स्ट्रॉबेरी का सेवन करने वाली महिलाओं में दिमागी उम्र बढ़ने की प्रक्रिया 2.5 वर्ष तक धीमी पाई गई। बेरीज़ में एंथोसायनिन नामक शक्तिशाली फ्लेवोनॉयड होता है। यह मस्तिष्क की कोशिकाओं के बीच संचार बढ़ाता है और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करता है। एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और फाइबर से भरपूर बैरी का सेवन सुबह के नाश्ते में करने से बॉडी को पर्याप्त पोषण मिलता है और बॉडी दिनभर एनर्जेटिक रहती है।
नाश्ते में खाएं साबुत अनाज
British Medical Journal में प्रकाशित 2020 की एक रिसर्च के अनुसार, जो लोग नाश्ते या दैनिक भोजन में सबसे अधिक साबुत अनाज का सेवन करते हैं, उनमें साबुत अनाज न खाने वालों की तुलना में टाइप-2 डायबिटीज होने का जोखिम 29% कम होता है। रिफाइंड अनाज जैसे मैदा या सफेद ब्रेड से भूसी या चोकर और जर्म निकाल दिए जाते हैं, जिससे वे तुरंत पचकर ब्लड शुगर बढ़ाते हैं। साबुत अनाज में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और फाइबर होने के कारण इंसुलिन रिस्पॉन्स संतुलित रहता है। फाइबर और कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट से भरपूर साबुत अनाज का सेवन आप सुबह के नाश्ते में करें। आपका पेट भरा रहेगा, बॉडी हेल्दी रहेगी और पाचन भी दुरुस्त रहेगा।
डिस्क्लेमर: यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से प्रस्तुत की गई है। यह किसी भी तरह से पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या इलाज का विकल्प नहीं है। यदि आप डायबिटीज, हाई बीपी, थायराइड या किसी अन्य मेडिकल कंडीशन से जूझ रहे हैं, तो अपनी डाइट में कोई भी बड़ा बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या certified डाइटिशियन से परामर्श अवश्य लें।
