बालों में डैंड्रफ होना एक ऐसी आम समस्या है जो कभी भी किसी को भी हो सकती है, जिसे अक्सर लोग नजरअंदाज कर देते हैं। लेकिन आप जानते हैं कि बेहद मामूली दिखने वाली डैंड्रफ क्या HIV का कारण भी बन सकती है। हाल ही में इंस्टाग्राम पर डॉक्टर और कंटेंट क्रिएटर डॉ. फहद इम्तियाज ने एक रील में अपना क्लिनिकल अनुभव बताया। एक्सपर्ट के मुताबिक उनके पास एक मरीज आया जिसकी स्किन ठीक थी लेकिन सिर में हल्का डैंड्रफ था। डैंड्रफ का इलाज करने के लिए मरीज को केटोकोनाजोल शैंपू दिया गया और उम्मीद की गई कि इससे डैंड्रफ कंट्रोल रहेगा। एक हफ्ते बाद जब मरीज दोबारा क्लिनिक आया, तो उसकी हालत में कुछ चिंताजनक बदलाव नजर आए।
डॉ. इम्तियाज के मुताबिक मरीज का वजन काफी कम हो गया था। वजन कम होने पर जांच कराई गई तो जांच में पता चला कि मरीज HIV पॉजिटिव है। एक्सपर्ट ने इस परेशानी को सेबोरिक डर्मेटाइटिस का मामला बताया और दावा किया कि ये कभी-कभी HIV का शुरुआती संकेत हो सकता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि मरीज के HIV से पीड़ित होने के लिए नाई की दुकान पर इस्तेमाल किया गया ब्लेड जिम्मेदार है। ब्लेड से लगा मामूली कट HIV का कारण बना, क्योंकि HIV खून से खून के संपर्क से फैलता है।
इस वीडियो के सामने आने के बाद कई सवाल उठने लगे
- क्या नाई की दुकान पर जाने से HIV हो सकता है?
- क्या डैंड्रफ HIV का शुरुआती लक्षण है?
- क्या सिर की रूसी किसी गंभीर बीमारी का संकेत हो सकती है?
इस दावे की सच्चाई को जानने के लिए इंडियन एक्सप्रेस ने हरियाणा स्थित स्किन एवेन्यू क्लिनिक की डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. शिवानी यादव से बात की। डॉ. शिवानी यादव ने साफ किया कि सेबोरिक डर्मेटाइटिस या डैंड्रफ एक बेहद आम समस्या है और ज्यादातर मामलों में इसका HIV से कोई संबंध नहीं होता। HIV से पीड़ित लोगों में यह समस्या ज्यादा गंभीर या ज्यादा फैली हुई हो सकती है, लेकिन केवल डैंड्रफ को HIV का शुरुआती संकेत नहीं माना जा सकता।
डर्मेटोलॉजिस्ट के अनुसार, HIV से जुड़ा सेबोरिक डर्मेटाइटिस आमतौर पर ज्यादा गंभीर होता है और ये सिर्फ सिर तक सीमित न रहकर छाती, पीठ और स्किन फोल्ड तक फैल सकता है। इसके अलावा ये डैंड्रफ आम ट्रीटमेंट से कंट्रोल में नहीं आती। देखने में सामान्य डैंड्रफ और HIV-संबंधित स्किन समस्या में फर्क करना लगभग असंभव होता है। इसकी पुष्टि केवल ब्लड टेस्ट से ही की जा सकती है।
नाई की दुकान से HIV हो सकता है?
जहां तक नाई की दुकान से HIV फैलने की बात है, इस पर डॉ. यादव ने कहा कि इसका जोखिम बेहद कम है। HIV शरीर के बाहर ज्यादा देर तक जीवित नहीं रह पाता। रेज़र से लगने वाली मामूली कट से HIV संक्रमण होना व्यवहारिक रूप से बहुत ही दुर्लभ है। साफ-सफाई और स्टरलाइजेशन सामान्य हाइजीन के लिए जरूरी हैं, लेकिन इसे HIV संक्रमण का वास्तविक खतरा नहीं माना जाता।
डॉ. यादव ने यह भी बताया कि HIV के शुरुआती या आगे बढ़ते चरणों में कुछ अन्य स्किन और म्यूकस मेम्ब्रेन से जुड़े लक्षण दिखाई दे सकते हैं, जैसे बार-बार मुंह में फंगल इंफेक्शन, बार-बार हर्पीस, असामान्य फंगल इंफेक्शन, न भरने वाले घाव, पूरे शरीर में खुजली या अचानक गंभीर सोरायसिस जैसी परेशानी हो सकती है। एक्सपर्ट ने ये भी स्पष्ट किया कि ये लक्षण अपने-आप में HIV की पुष्टि नहीं करते। अगर ये अन्य लक्षणों या जोखिम वाले व्यवहार के साथ दिखाई दें तभी HIV टेस्ट कराना समझदारी होता है।
निष्कर्ष:
विशेषज्ञों के अनुसार आमतौर पर डैंड्रफ या सेबोरिक डर्मेटाइटिस घबराने की वजह नहीं है। लेकिन अगर यह समस्या बहुत गंभीर हो, लंबे समय तक बनी रहे, शरीर के अन्य हिस्सों तक फैल जाए और इसके साथ वजन तेजी से कम होना या बार-बार संक्रमण जैसी समस्याएं दिखें, तो डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है। HIV की पुष्टि केवल सही मेडिकल जांच से ही हो सकती है, न कि सोशल मीडिया पर वायरल दावों से।
डिस्कलेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
