चेहरा कितना भी खूबसूरत दिखे लेकिन लटका हुआ पेट,कमर, थाई और बाजुओं से झांकती चर्बी आपकी ओवरऑल पर्सनैलिटी को बिगाड़ देती है। बॉडी में बढ़ती चर्बी न सिर्फ देखने में खराब लगती है बल्कि आपकी बॉडी को बीमारियों का घर भी बना देती है। अब सवाल ये उठता है कि आखिर पेट पर इतनी ज्यादा चर्बी जमा क्यों होती है? एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ बिमल झांजेर के मुताबिक पेट की चर्बी सीधे तौर पर हार्ट डिज़ीज़, डायबिटीज़, फैटी लिवर, हाई ब्लड प्रेशर और हार्मोनल असंतुलन से जुड़ी होती है। अगर पेट के आसपास ज्यादा फैट जमा हो रहा है तो ये शरीर के लिए एक चेतावनी है।

पेट की चर्बी बढ़ने की सबसे बड़ी वजह?

डॉ. विमल छाजड़ ने बताया पेट की चर्बी रात की प्लेट से बनती है। अगर रात की प्लेट हल्की और सादी रहेगी, तो पेट खुद-ब-खुद कम होने लगेगा। इसके साथ पेट की मसल्स को मजबूत करने के लिए एब्स एक्सरसाइज भी मददगार होती हैं, जिससे पेट अंदर की ओर रहता है। डॉ बिमल झांजेर ने बॉडी में जमा फैट के लिए देर रात तक खाने को जिम्मेदार ठहराया है। एक्सपर्ट ने बताया देर रात यानी 11–12 बजे रात का भोजन करना आपके मेटाबॉलिज्म को बिगाड़ देता है। देर रात खाने से शरीर की मेटाबॉलिक एक्टिविटी धीमी हो जाती है। देर रात खाया गया भारी भोजन फैट बर्न होने के बजाय सीधे शरीर में जमा होने लगता है। ये खाना सीधे पेट में स्टोर होता है।

देर रात खाने से बढ़ता है बीमारियों का खतरा

रात में हैवी डिनर करने से इंसुलिन लेवल बढ़ता है, जिससे ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। देर रात तक खाने से नींद का हार्मोन मेलाटोनिन डिस्टर्ब होता है जिससे नींद की क्वालिटी खराब होती है। देर रात खाने से स्ट्रेस हार्मोन कॉर्टिसोल बढ़ने लगता है। हाई कॉर्टिसोल पेट की चर्बी बढ़ाने का बड़ा कारण माना जाता है।

देर से भोजन करने का पाचन पर असर

देर रात खाना खाने से पाचन कमजोर पड़ने लगता है। पाचन कमजोर होने से मतलब है कि पेट की गैस, ब्लोटिंग, एसिडिटी और फैटी लिवर जैसी समस्याएं बढ़ने लगती हैं। अगर आप चाहते हैं कि पेट की चर्बी कम रहे तो आप रात के खाने में चावल, भारी सब्ज़ियां, मिठाई, बिस्कुट और दूध वाली चाय का सेवन करने से परहेज करें। मोबाइल देखते हुए खाना खाने से परहेज करें।

खाना खाने का सही तरीका क्या है?

पेट की चर्बी कम करना चाहते हैं तो रात के खाने का समय बदलें। कोशिश करें कि रात का खाना शाम 7–8 बजे तक खाएं। रात के खाने में भोजन हल्का लें। डिनर में सूप, उबली हुई सब्ज़ियां, दही, थोड़े भूने चने और लो-कैलोरी फल-सब्ज़ियां बेहतर विकल्प हैं। अगर आपको दिल से जुड़ी कोई बीमारी नहीं है तो आप खाने के बाद हल्की वॉक की आदत डालें। इससे ब्लड शुगर कंट्रोल में रहता है और फैट स्टोरेज कम होता है।

निष्कर्ष

अगर आप सच में पेट की चर्बी कम करना चाहते हैं, तो सबसे पहले अपनी रात की खाने की आदत सुधारिए। सही समय पर हल्का भोजन, अच्छी नींद और थोड़ी-सी एक्टिविटी पेट के साथ-साथ पूरी सेहत को बेहतर बना सकती है।

Gut Health: इडली-डोसा के अलावा ये 4 फर्मेंटिड फूड्स भी आंतों के लिए हैं वरदान, रिसर्च में बताए गए फायदे

डिस्कलेमर: 

 इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।