पोटैशियम एक बेहद जरूरी मिनरल है,जो शरीर के कई अहम कामों को सही तरीके से चलाने में मदद करता है। यह खासतौर पर हार्ट, मांसपेशियों और नर्वस सिस्टम के लिए बहुत जरूरी होता है। पोटैशियम से भरपूर फूड्स का सेवन करने से दिल की सेहत में सुधार होता है। ये मिनरल बीपी को कंट्रोल करता है और दिल के रोगों से बचाव करता है। ये मसल्स को रिलैक्स होने में मदद करता है, साथ ही नर्व सिग्नल्स को ट्रांसमिट करने में भी इसकी अहम भूमिका होती है। ये शरीर में फ्लूइड बैलेंस बनाए रखता है। केले को पोटैशियम का सबसे बड़ा स्रोत माना जाता है, लेकिन कुछ लोगों को केला खाना पसंद नहीं होता या फिर केला से एलर्जी होती है इसलिए वो केला नहीं खाते। अगर आप भी बॉडी में पोटैशियम की कमी को पूरा करना चाहते हैं और केला से परहेज करते हैं तो आप पोटैशियम बढ़ाने के लिए कुछ खास फूड्डास का सेवन कर सकते हैं।

WHO के अनुसार डाइट में पोटैशियम का सेवन बढ़ाने से युवाओं में ब्लड प्रेशर को काफी कम किया जा सकता है। foodie.com पर छपी एक खबर के मुताबिक अगर आप केला नहीं खाना चाहते तो आप पोटैशियम से भरपूर कुछ दूसरे फल खा सकते है। आइए जानते हैं कि एक व्यस्क इंसान को रोज कितना पोटैशियम की जरूरत होती है और वो केला के अलावा किन फूड्स से पोटैशियम हासिल कर सकता है।

एक व्यस्क के लिए पोटैशियम की रोज कितनी खुराक है जरूरी

हेल्थलाइन के मुताबिक एक मीडियम साइज के केले में लगभग 451 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। एक हेल्दी इंसान को रोजाना लगभग 2,600 से 3,400 मिलीग्राम पोटैशियम की जरूरत होती है, जो लिंग के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। वहीं, जिन लोगों को हाई ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करना होता है, उन्हें करीब 5,000 मिलीग्राम तक पोटैशियम लेने की सलाह दी जा सकती है। डॉक्टर की सलाह के मुताबिक पोटैशियम की सही मात्रा का सेवन करना जरूरी है।

बॉडी में पोटैशियम की कमी के लक्षण

पोटैशियम की कमी को मेडिकल भाषा में Hypokalemia कहा जाता है। बॉडी में पोटैशियम की कमी होने से किडनी से जुड़ी दिक्कत हो सकती है।

  • मांसपेशियों और नसों में सुन्नपन और क्रैंप आ सकते हैं।
  • वर्कआउट के बाद या रात में अचानक क्रैम्प्स हो सकते हैं।
  • थकान और कमजोरी होना
  • दिल की धड़कन अनियमित होना
  • झुनझुनी या सुन्नपन होना
  • पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं।

पोटैशियम की कमी पूरा करता है नारियल पानी

Journal of Physiological Anthropology के अनुसार नारियल पानी, सादे पानी और स्पोर्ट्स ड्रिंक की तुलना में री-हाइड्रेशन के लिए अधिक प्रभावी है। वर्कआउट के बाद शरीर को हाइड्रेट करने के लिए नारियल पानी बेहतरीन विकल्प माना जाता है। सिर्फ 8 औंस यानी एक कप नारियल पानी में करीब 600 मिलीग्राम पोटैशियम होता है, जो शरीर के इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस को बनाए रखने में मदद करता है। इसमें पोटैशियम के अलावा दूसरे जरूरी इलेक्ट्रोलाइट्स भी पाए जाते हैं, जो थकान दूर करने और मांसपेशियों को रिलैक्स करने में मददगार होते हैं। यह लो-कैलोरी ड्रिंक वजन कंट्रोल करने के लिए बेहतरीन स्रोत है। ध्यान रखें कि बिना शुगर वाला नारियल पानी ही चुनें, तभी इसके पूरे फायदे मिलते हैं।

एवोकाडो का करें सेवन

Nutrients Journal के अनुसार, एवोकाडो का पोटैशियम-टू-सोडियम अनुपात हृदय रोगों के जोखिम को 20% तक कम कर सकता है। अगर आप पोटैशियम की मात्रा बॉडी में बढ़ाना चाहते हैं तो केला छोड़कर एवोकाडो को डाइट में शामिल करें। एक मीडियम एवोकाडो बिना छिलका और बीज वाले में लगभग 690 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। इसके अलावा इसमें लो-सोडियम और हार्ट-हेल्दी फैट्स भी होते हैं, जो दिल की सेहत के लिए फायदेमंद हैं। एवोकाडो को स्मूदी, सलाद के रूप में खाया जा सकता है। यह न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि पोषण से भरपूर सुपरफूड भी है।

तरबूज सेहत के लिए वरदान

गर्मी के मौसम में तरबूज न केवल स्वादिष्ट होता है, बल्कि शरीर को ठंडा और हाइड्रेट रखने में भी मदद करता है। लगभग दो स्लाइस तरबूज में करीब 640 मिलीग्राम पोटैशियम पाया जाता है। यह शरीर में पानी की कमी को पूरा करता है और प्यास बुझाने में बेहद असरदार है। ठंडा तरबूज गर्मियों में खास तौर पर ताजगी देता है। कुछ लोग इसमें नमक डालकर खाते हैं, जबकि कुछ मसाला मिलाकर खाते हैं। ये हेल्दी फल बॉडी को हाइड्रेट करता है और बॉडी की पोटैशियम की जरूरत को पूरा करता है।

किशमिश खाएं

किशमिश एक छोटा लेकिन बेहद पावरफुल स्नैक है। सिर्फ आधा कप किशमिश में लगभग 615 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। यह मीठा और आसानी से खाने वाला विकल्प है, जो आपकी पोटैशियम की जरूरत पूरा करने में मदद करता है। इसे आप ट्रेल मिक्स में नट्स के साथ मिलाकर खा सकते हैं या कुकीज और दूसरे बेकिंग आइटम्स में इस्तेमाल कर सकते हैं। इसके अलावा इसे चीज, ब्रेड या हल्के स्नैक्स के साथ भी खाया जा सकता है, जिससे यह एक टेस्टी और न्यूट्रिशन से भरपूर ऑप्शन बन जाता है।

सूखी खुबानी खाएं

सूखी खुबानी पोटैशियम का बेहतरीन स्रोत है। सिर्फ आधा कप सूखी खुबानी में लगभग 755 मिलीग्राम पोटैशियम होता है, जो बॉडी की जरूरत को पूरा करता है। इसका स्वाद हल्का खट्टा-मीठा होता है। खुबानी का सेवन आप हेल्दी स्नैक के रूप में कर सकते हैं।

कद्दू का करें सेवन

कद्दू को आमतौर पर सब्जी माना जाता है, लेकिन बॉटनिकल रूप से यह एक फल है। आधा कप पके हुए कद्दू में करीब 465 मिलीग्राम पोटैशियम होता है। यह पोषक तत्वों से भरपूर होता है और कई तरह की डिशेज में इस्तेमाल किया जा सकता है। कद्दू का उपयोग सूप, स्टू, करी और यहां तक कि मिठाइयों में भी किया जाता है। इसका स्वाद हल्का मीठा और टेक्सचर स्मूद होता है जो इसे एक वर्सेटाइल फूड बनाता है। यह हेल्दी और टेस्टी दोनों है।

डिस्क्लेमर:

यह लेख केवल सामान्य जानकारी के लिए है। शरीर में पोटैशियम का असंतुलन दिल के लिए गंभीर हो सकता है। किसी भी फल या सप्लीमेंट को अपनी डाइट का हिस्सा बनाने से पहले डॉक्टर से परामर्श जरूर लें, विशेषकर यदि आप किडनी या हृदय रोगों की दवा ले रहे हैं।