ओरल हाइजीन हमारी ओवरऑल हेल्थ में सुधार करने में अहम भूमिका निभाती है। जब हम अपने मुंह और दांतों को साफ रखते हैं, तो इसका सीधा असर पूरे डाइजेस्टिव सिस्टम और ओवरऑल हेल्थ पर पड़ता है। खराब ओरल हाइजीन की सबसे आम समस्याओं में दांतों का पीलापन, काले धब्बे, प्लाक जमना और दांतों में दर्द होना शामिल हैं। ओरल हाइजीन पर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यही समस्याएं कैविटी, मसूड़ों की सूजन और इन्फेक्शन का कारण बन सकती हैं।

भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र (Hansa Yogendra) के मुताबिक दांतों के पीलापन, काले स्पॉट और दर्द से राहत पाने के दो आसान और प्रभावी तरीके हैं, जिन्हें आप घर पर आसानी से अपना सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि दांतों के पीलेपन और काले धब्बों का कारण क्या है और इसका इलाज कैसे करते हैं।

दांतों का पीलापन और काले धब्बे क्यों होते हैं?

दांतों का रंग पीला या भूरा पड़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे सही तरीके से ब्रश नहीं करना, ज्यादा चाय, कॉफी या तंबाकू का सेवन करना,दांतों पर प्लाक और टार्टर जमना, बैक्टीरिया का बढ़ना, ओरल हाइजीन की नियमित देखभाल न करने से दांतों की सतह कमजोर होने लगती है और धीरे-धीरे दर्द व सेंसिटिविटी भी बढ़ सकती है।

बेकिंग सोडा से करें दांतों की सफाई

बेकिंग सोडा दांतों की सतह से जमी गंदगी और काले धब्बों को हटाने में मदद करता है। The Journal of the American Dental Association (JADA) में प्रकाशित एक शोध के अनुसार, बेकिंग सोडा दांतों के इनेमल (Enamel) को नुकसान पहुंचाए बिना सतह पर जमी गंदगी और बाहरी दागों (Stains) को साफ करता है। ये कॉफी, चाय और धूम्रपान के कारण होने वाले पीलेपन और काले धब्बों को प्रभावी ढंग से साफ करता है।

Journal of Clinical Dentistry की एक रिसर्च बताती है कि बेकिंग सोडा युक्त टूथपेस्ट का उपयोग करने से मुंह का pH स्तर बढ़ जाता है, जिससे दाग पैदा करने वाले बैक्टीरिया जीवित नहीं रह पाते। पबमेड में प्रकाशित रिसर्स के मुताबिक बेकिंग सोडा वाले टूथपेस्ट उन टूथपेस्टों की तुलना में काफी अधिक सफेद करते हैं जिनमें बेकिंग सोडा नहीं होता।

दांतों को सफेद रखने के लिए बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कैसे करें?

एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा और पानी बराबर मात्रा में मिलाएं और इसे अच्छी तरह मिलाकर पेस्ट बना लें। अब टूथब्रश को इस पेस्ट में डुबोकर हल्के हाथों से गोल-गोल घुमाते हुए दांतों को ब्रश करें। इस पेस्ट से हर दांत को अच्छे से कवर करें। करीब 1 मिनट तक ब्रश करने के बाद सादे पानी से मुंह धो लें।

कितनी बार करें?

इसे हर दूसरे दिन इस्तेमाल कर सकते हैं। अगर आप दिन में दो बार ब्रश करते हैं, तो एक बार बेकिंग सोडा का इस्तेमाल कर सकते हैं।

बेकिंग सोडा के फायदे

बेकिंग सोडे का दांतों पर इस्तेमाल करने से दांतों का डीमिनरलाइजेशन   से बचाव होता है। ये बैक्टीरिया को कम करने में मदद करता है, प्लाक और काले धब्बों को हल्का करता है। इसका इस्तेमाल करने से दांतों का पीलापन धीरे-धीरे कम होता है। ध्यान रखें कि ज्यादा जोर से या रोजाना लंबे समय तक बेकिंग सोडा का इस्तेमाल न करें, वरना दांतों की इनेमल को नुकसान पहुंच सकता है।

ऑयल पुलिंग से दांतों का दर्द और बदबू का करें इलाज

ऑयल पुलिंग एक पुरानी और असरदार तकनीक है, जो दांतों और मसूड़ों की सेहत सुधारने में मदद करती है। Journal of Indian Society of Pedodontics and Preventive Dentistry में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक नारियल तेल (Coconut Oil) से ऑयल पुलिंग करना बैक्टीरिया को कम करने में उतना ही प्रभावी है जितना कि क्लोरहेक्सिडिन (Chlorhexidine) माउथवॉश। जब आप मुंह में तेल घुमाते हैं तो बैक्टीरिया की फैटी झिल्ली (Fatty membrane) तेल की ओर आकर्षित होकर उसमें चिपक जाती है और बाहर निकल जाती है। इसे Saponification प्रक्रिया कहा जाता है। pubmed.ncbi की खबर के मुताबिक ऑयल पुलिंग से दांतों के बैक्टीरिया पर सीधा असर पड़ता है।

ऑयल पुलिंग कैसे करें

एक चम्मच नारियल तेल मुंह में लें। 5 से 10 मिनट तक इसे मुंह में इधर-उधर घुमाते रहें और इसे निगले नहीं बल्कि थूकें।

नारियल तेल के फायदे

नारियल तेल में एंटी-इंफ्लेमेटरी और एंटी-माइक्रोबियल गुण होते हैं जो दांतों पर जमे प्लाक को कम करता है। मसूड़ों की सूजन और दर्द में राहत देता है। इसका इस्तेमाल करने से मुंह की बदबू  कम होती है। ये डेंटल हाइजीन बनाए रखने में मदद करता है।

कितनी बार करें?

रोजाना करना सबसे बेहतर होता है। कम से कम हफ्ते में 3 बार जरूर करें। इसे एक महीने तक नियमित करें, इसके बाद हर 6 महीने में इस प्रक्रिया को दोहराएं।

इन बातों का भी रखें ध्यान

  • दिन में कम से कम दो बार ब्रश करें।
  • फ्लॉस का इस्तेमाल करें
  • मीठा और चिपचिपा खाना कम खाएं
  • समय-समय पर डेंटिस्ट से जांच करवाएं।
  • पानी ज्यादा पिएं।

निष्कर्ष

सही ओरल हाइजीन और इन आसान घरेलू तरीकों से दांतों का पीलापन, काले धब्बे और दर्द काफी हद तक कंट्रोल किया जा सकता है। इन टिप्स को नियमित रूप से अपनाएं और खुद फर्क महसूस करें।

Weight Loss Seeds: पेट की जिद्दी चर्बी का दुश्मन है चिया सीड्स! ये नन्हे बीज मिटा देते हैं भूख, डायटीशियन से जानिए सेवन का तरीका

डिस्कलेमर:

इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।