कुछ लोग चाय को एनर्जी बूस्टर मानते हैं और उन्हें सुबह-सुबह चाय न मिले तो दिन भर आलस, तनाव और शरीर बेजान सा महसूस करते हैं। सुबह-शाम पी जाने वाली चाय अब धीरे-धीरे तीन-चार कप से आगे बढ़ती जा रही है। ऐसे में ज्यादा चाय पीने से सेहत पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। करीना कपूर की डायटीशियन और मशहूर डायटीशियन रुजुता दिवेकर ने चाय को लेकर कुछ नियम बताए हैं, जिन्हें फॉलो करना फायदेमंद हो सकता है।
डायटीशियन रुजुता दिवेकर के मुताबिक, सेहत का गणित हमारी डेली रूटीन की आदतों में छिपा होता है और चाय भी इसका अपवाद नहीं है। उन्होंने चाय को लेकर कुछ आसान, लेकिन जरूरी सुझाव दिए हैं जो हमारी डेली लाइफ की आदतों को बदल सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि एक दिन में कितने कप चाय पीनी चाहिए और चाय का डायबिटीज और अपच पर क्या असर पड़ता है।
कितनी चाय पीनी चाहिए
डायटीशियन रुजुता दिवेकर ने बताया कि दिन में दो से तीन कप चाय काफी है। इससे ज्यादा पीने से शरीर में बहुत ज्यादा कैफीन पहुंच सकता है, जिसका उल्टा असर हो सकता है। जैसे सही मात्रा में नमक खाने को स्वादिष्ट बनाता है, लेकिन ज्यादा नमक नुकसानदेह होता है, वैसे ही चाय के साथ भी होता है। ये तय करना जरूरी है कि आप एक दिन में कितनी चाय पी रहे हैं।
एक हफ्ते में कितनी चाय पी सकते हैं, रिसर्च से समझें
यूरोपीय जर्नल ऑफ प्रिवेंटिव कार्डियोलॉजी (European Journal of Preventive Cardiology) की रिसर्च के मुताबिक जो लोग हफ्ते में कम से कम तीन बार चाय पीते हैं, उनमें हृदय रोग और स्ट्रोक का खतरा 20% तक कम हो जाता है। हालांकि, यह फायदा तभी मिलता है जब आप बिना चीनी और कम दूध वाली चाय पीते हैं।
चाय पीने के सही नियम
सुबह की शुरुआत चाय से न करें
बहुत से लोगों को खाली पेट चाय या कॉफी पीने की आदत होती है, लेकिन कैफीन शरीर को नींद से जगा देता है। इससे ब्लड प्रेशर, हार्ट गति और सांसें तेजी से बढ़ जाती हैं, जिससे हमें जागने का एहसास होता है, लेकिन वास्तव में इससे तनाव बढ़ता है। सुबह ताजा फल खाना चाय से बेहतर विकल्प है। यह पाचन में सुधार करता है, ब्लड प्रेशर को कंट्रोल में रखता है और शरीर को दिन भर के लिए भरपूर एनर्जी देता है।
समय का रखें ध्यान
अक्सर पढ़ाई, काम या दोस्तों से बातें करते हुए देर रात तक चाय पीते रहते हैं, लेकिन शाम 4 बजे के बाद चाय पीने से हमारी नींद में खलल पड़ सकता है। अनिद्रा, बेचैनी और चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं। ऐसे में चाय का कप उठाने से पहले घड़ी में समय देखना जरूरी है। लोग अक्सर चाय को भोजन के समय पर पीते है। लोग खाना खाने के बाद या फिर खाने के साथ चाय पीना पसंद करते हैं। चाय गैस्ट्रिक होने के कारण पेट पर दबाव डालती है इसलिए इसका सीमित सेवन करें।
चाय के साथ क्या खाएं?
चाय के साथ हमेशा बिस्कुट, नमकीन, भाजी जैसी चीजें खाने की आदत होती है, लेकिन इन खाद्य पदार्थों में बहुत ज्यादा तेल, नमक और चीनी होती है। इससे वजन बढ़ता है, कोलेस्ट्रॉल बढ़ता है और थकान होती है। इसके बजाय भुने हुए मखाने, काले चने, मिक्स सीड्स जैसे हल्के लेकिन पौष्टिक विकल्प चुनकर आप चाय का आनंद और सेहत दोनों बरकरार रख सकते हैं।
Teeth Care: दांतों के दर्द और पीलेपन से हैं परेशान? हंसाजी योगेंद्र से जानिए 2 असरदार नेचुरल उपाय
डिस्कलेमर
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
