आज की तेज़ रफ्तार ज़िंदगी में हमारी डाइट धीरे-धीरे असंतुलित होती जा रही है। हम खाने में ऐसे फूड्स को बढ़ावा देने लगे हैं जो स्वाद में अच्छे हों और जल्दी पेट भर दें, लेकिन ये भूल जाते हैं कि वही फूड्स हमारी गट हेल्थ और ओवरऑल सेहत को कितना नुकसान पहुंचा सकते हैं। पोषण से भरपूर पारंपरिक खाद्य पदार्थ अक्सर हमारी थाली से गायब होते जा रहे हैं। अक्सर ये मान लिया जाता है कि सेहतमंद रहने के लिए महंगे या विदेशी सुपरफूड्स ज़रूरी हैं, जबकि सच इससे बिल्कुल अलग है। असल में हमारी रसोई में ही ऐसे कई सस्ते और शक्तिशाली फूड्स मौजूद हैं, जो शरीर को जरूरी पोषक तत्व प्रदान कर सकते हैं।
सर्टिफाइड क्लीनिकल डायटीशियन और NUTR, दिल्ली की फाउंडर लक्षिता जैन के अनुसार सही फूड का चुनाव करने से बिना ज़्यादा खर्च किए भी शरीर को हेल्दी रखा जा सकता है। अगर हम किचन में मौजूद कुछ देसी सुपरफूड्स को अपनी डाइट का हिस्सा बनाएं, तो सेहतमंद रहना कहीं ज्यादा आसान हो सकता है। आइए जानते हैं एक्सपर्ट ने कौन-कौन से ऐसे फूड्स बताएं हैं जिनका सेवन करके आसानी से PCOS और जोड़ों के दर्द का इलाज किया जा सकता है।
मोरिंगा की पत्तियां खाएं
मोरिंगा की पत्तियां औषधीय गुणों से भरपूर होती है जो महिलाओं की सेहत में सुधार करने में बेहद असरदार साबित होती है। इसमें संतरे से 7 गुना ज्यादा विटामिन-सी और दूध से 17 गुना ज्यादा कैल्शियम होता है जो PCOS से जूझ रही महिलाओं के लिए वरदान साबित होती हैं। ये इंसुलिन रेजिस्टेंस को कम करने का वैज्ञानिक तरीका है। विटामिन, खनिज और एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर मोरिंगा की पत्तियों का सेवन महिलाओं के लिए बेहद उपयोगी है। इर्रेगुलर पीरियड को कंट्रोल करने में, गर्भधारण में सहायता करने और PCOS के लक्षणों को कंट्रोल करने में ये पत्तियां बेहद असरदार साबित होती हैं। इन पत्तों को सुखाकर पीस लें और उसका पाउडर बना लें। रोजाना 1 चम्मच पानी या दही में मिलाकर इस पाउडर का सेवन करें। बॉडी में पोषक तत्वों की कमी को पूरी होगी और बॉडी हेल्दी रहेगी।
तिल के बीज खाएं
तिल की तासीर गर्म होती है, इसका सेवन सर्दी में बॉडी को गर्म रखता है। इसकी गर्म तासीर की वजह से प्रेग्नेंट महिलाएं इसका सेवन बिना डॉक्टर की सलाह के नहीं करें। 10-15 ग्राम तिल का सेवन करने से बॉडी को कैल्शियम, हेल्दी फैट और मैग्नीशियम मिलता है जो हड्डियों और जोड़ों के दर्द को दूर करता है। इसका सेवन करने से सूजन कंट्रोल रहती है। गठिया के दर्द को दूर करने में ये छोटे से बीज जादुई असर करते हैं। तिल के बीज का सेवन करने के लिए आप तिल के बीज को भून लें और उसका सेवन नाश्ते में सलाद और सब्जियों में करें। रोज़ाना एक चम्मच इन सीड्स को खाने से हड्डियां मजबूत होंगी और बॉडी हेल्दी रहेगी।
हल्दी का करें सेवन
PCOS एक मेटाबॉलिक और हार्मोनल असंतुलन है, ऐसे में हल्दी का सेवन महिलाओं के लिए दवा की तरह असर करता है। हल्दी शरीर में एंड्रोजन के स्तर को कम करने में मदद करती है, जिससे चेहरे पर अनचाहे बाल और अनियमित पीरियड्स जैसी समस्याओं में राहत मिलती है। कच्ची हल्दी का 1 इंच का टुकड़ा या आधा चम्मच रस बॉडी को हेल्दी रखने के लिए पर्याप्त है। करक्यूमिन कच्ची हल्दी में पाए जाने वाला गुण है। करक्यूमिन में सूजन-रोधी गुण होते हैं जो ब्लड शुगर को कंट्रोल करते हैं और तनाव कंट्रोल करने में मददगार साबित होते हैं। इसका सेवन करने से इम्यूनिटी मजबूत होती है और बॉडी हेल्दी रहती है। पानी या दूध में एक चुटकी हल्दी और एक चुटकी काली मिर्च डालकर उबालें और उसका सेवन करें सेहत को फायदा होगा।
ममरा बादाम खाएं
ममरा बादाम कश्मीर की फसल है जिसमें हाई लेवल पर वाष्पशील तेल मौजूद होता है जो सेहत के लिए बेहद उपयोगी है। ममरा बादाम का में साधारण बादाम की तुलना में मोनो-अनसैचुरेटेड फैटी एसिड्स अधिक होते हैं, जो खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। इसका सेवन करने से मस्तिष्क से लेकर दिल तक की सेहत दुरुस्त रहती है। ये बादाम स्किन को हेल्दी रखते हैं। बॉडी को इस बादाम से भरपूर फायदा लेने के लिए आप इसे भिगोकर खाएं। आप इन बादाम को स्मूदी और दही के साथ भी मिक्स करके खा सकते हैं।
Reverse Liver Aging: न शराब, न सिगरेट, फिर भी 30 की उम्र में फेल हो रहा है लिवर! डॉक्टर ने बताएं 4 फूड जो फिर से लिवर को करेंगे जवान, देखिए कैसे। पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।
डिस्क्लेमर
यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
