फेफड़े हमारे शरीर का वह अहम अंग हैं जो हर पल हमें सांस लेने में मदद करते हैं, लेकिन खराब लाइफस्टाइल, बढ़ता प्रदूषण और धूम्रपान जैसी आदतें लंग्स हेल्थ पर बुरा असर डाल सकती हैं। ऐसे में सिर्फ दवाइयों पर निर्भर रहना ही काफी नहीं है, बल्कि सही खानपान भी उतना ही जरूरी है। एक्सपर्ट के मुताबिक कुछ खास फल ऐसे होते हैं जिनमें विटामिन A, विटामिन C और विटामिन E प्रचुर मात्रा में पाए जाते हैं। ये तीनों विटामिन एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करते हैं, फेफड़ों को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाते हैं और टिश्यू की मरम्मत में मददगार होते हैं।
अस्थमा स्लीप एंड एलर्जी स्पेशलिस्ट डॉक्टर नवीन कुमार ने बताया लंग्स को हेल्दी रखने में और उसे डिटॉक्स करने में इन तीनों विटामिन का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। इन तीन विटामिन से भरपूर फलों को अगर रोज खाया जाए तो लंग्स हेल्दी रहते है, बॉडी को पर्याप्त पोषण मिलता है और लंग्स की हेल्थ में सुधार होता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि लंग्स को हेल्दी रखने में कौन-कौन से फल असरदार साबित होते हैं।
ये तीन विटामिन लंग्स के लिए कैसे है फायदेमंद?
- विटामिन C एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है और लंग डैमेज को कम करने में मददगार साबित हो सकता है।
- जबकि विटामिन A फेफड़ों की अंदरूनी झिल्ली (मेम्ब्रेन) को हेल्दी रखने में मदद करता है और श्वसन तंत्र के नॉर्मल कामकाज में मदद करता है।
- बात करें विटामिन E की तो ये भी एंटीऑक्सीडेंट की तरह काम करता है और फेफड़ों के टिश्यू की हिफाजत और रिपेयर करने में मददगार हो सकता है।
विटामिन C से भरपूर फल जो लंग्स रखते हैं हेल्दी
विटामिन सी से भरपूर फल जैसे आंवला, संतरा, किन्नू,अमरूद, नींबू,टमाटर का सेवन लंग्स की हेल्थ में सुधार कर सकता है। इन फलों में विटामिन C प्रचुर मात्रा में पाया जाता है, जो लंग्स हेल्थ के लिए फायदेमंद हो सकता है। रिसर्च बताती है कि विटामिन C फेफड़े के ऊतकों (tissues) की मरम्मत करता है और ‘क्रोनिक ऑब्सट्रक्टिव पल्मोनरी डिजीज’ (COPD) के खतरे को कम करता है। यह फेफड़ों में जमा बलगम को कम करने में भी मदद करता है। Nutrients जर्नल में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक खट्टे फलों में मौजूद विटामिन C और नारिंगिन (Naringin) लंग्स में सूजन (Inflammation) को कम करते हैं। Food & Function जर्नल की एक रिसर्च के मुताबिक आंवला दुनिया के सबसे शक्तिशाली विटामिन C स्रोतों में से एक है।
विटामिन A से भरपूर फल खाएं
विटामिन A से भरपूर फलों की बात करें तो इसमें आम, मीठा कद्दू, पपीता, खुबानी (Apricot), चकोतरा ऐसे फल हैं जो फेफड़ों की कोशिकाओं और झिल्लियों को हेल्दी रखने में मददगार माने जाते हैं। Journal of Clinical Medicine के अनुसार विटामिन A की कमी से श्वसन मार्ग की कोशिकाएं अपनी बनावट बदलने लगती हैं, जिससे फेफड़े कमजोर हो जाते हैं। विटामिन A युक्त फल खाने से ये कोशिकाएं हेल्दी बनी रहती हैं।
विटामिन E से भरपूर फल
लंग्स को हेल्दी रखने के लिए डाइट में विटामिन ई से भरपूर फलों का सेवन करें। कुछ फल जैसे एवोकाडो, जामुन, ब्लूबेरी, आम, कीवी, खुबानी, चीकू का सेवन करें बॉडी को भरपूर विटामिन ई मिलेगा। इसके अलावा खरबूजा और तरबूज भी लंग्स हेल्थ के लिए अच्छे माने जाते हैं। King’s College London की एक रिसर्च के अनुसार, जिन लोगों के शरीर में विटामिन E (अल्फा-टोकोफेरॉल) का स्तर अधिक होता है, उनके फेफड़ों पर प्रदूषण का असर कम होता है और उनकी लंग कैपेसिटी बेहतर होती है।
किन लोगों के लिए ये फल हैं ज्यादा फायदेमंद?
टीबी, सीओपीडी (COPD), आईएलडी (ILD) या अस्थमा जैसी श्वसन संबंधी समस्याओं से जूझ रहे लोग इन तीनों विटामिन से भरपूर फलों का सेवन अपनी स्वास्थ्य स्थिति को समझकर करें। अगर आपको किसी फल से एलर्जी नहीं है तो आप अपनी डाइट में इन फलों को शामिल कर सकते हैं।
डॉक्टर की सलाह
एक्सपर्ट के मुताबिक सिर्फ कुछ फल खाने से बीमारी ठीक नहीं होती। डाइट में संतुलित आहार, नियमित इलाज और डॉक्टर की सलाह सबसे जरूरी है।
डिस्क्लेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
