बढ़ता वजन आज की लाइफस्टाइल से जुड़ी एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन चुका है। गलत खानपान, फिजिकल एक्टिविटी की कमी और अनियमित दिनचर्या के कारण मोटापा तेजी से बढ़ रहा है। ऐसे में लोग ऐसे नेचुरल फूड्स की तलाश में रहते हैं जो वजन को कंट्रोल करने में मदद करें। चिया सीड्स इसी लिस्ट में एक असरदार सुपरफूड माने जाते हैं। चिया सीड्स में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड, एंटीऑक्सीडेंट और जरूरी मिनरल्स भरपूर होते हैं जो न सिर्फ वजन घटाने में मदद करते हैं, बल्कि ओवरऑल हेल्थ को भी बेहतर बनाते हैं।
अपोलो हॉस्पिटल, दिल्ली की न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. नारंग के मुताबिक रोजाना सीमित मात्रा में चिया सीड्स का सेवन करने से भूख कंट्रोल रहती है और पेट लंबे समय तक भरा हुआ महसूस रहता है, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है। आइए रिसर्च से भी समझते हैं कि चिया सीड्स का सेवन कैसे वजन कम करने में मददगार साबित होते हैं।
फाइबर से भरपूर चिया सीड्स हैं वेट लॉस में मददगार
चिया सीड्स में घुलनशील फाइबर की मात्रा काफी अधिक होती है। सिर्फ 2 चम्मच चिया सीड्स में लगभग 10 ग्राम फाइबर पाया जाता है। फाइबर पेट को देर तक भरा रखता है, जिससे बार-बार खाने की इच्छा कम होती है और कैलोरी इनटेक अपने-आप घट जाता है। ये इंसुलिन के स्तर को स्थिर रखता है, जिससे भूख कम लगती है। यह सीधे तौर पर पेट की चर्बी (Visceral Fat) को कम करने में मदद करता है।
पेट में पानी सोखकर बढ़ाते हैं तृप्ति
चिया सीड्स पानी को तेजी से ऑब्जर्व करके जेल जैसा रूप बना लेते हैं। जब ये पेट में पहुंचते हैं तो फूल जाते हैं, जिससे भूख कंट्रोल रहती है और क्रेविंग कम होती है। यही वजह है कि वजन घटाने में ये काफी मददगार माने जाते हैं। वैज्ञानिक शोध बताते हैं कि चिया सीड्स अपने वजन से 10 से 12 गुना अधिक पानी सोखने की क्षमता रखते हैं। जब चिया सीड्स आपके पेट के तरल पदार्थों के संपर्क में आते हैं तो वे एक गाढ़ा जेल (Mucilage) बना लेते हैं। यह जेल पेट के अंदर काफी जगह घेर लेता है, जिससे मस्तिष्क को यह संकेत मिलता है कि पेट भर चुका है।
ब्लड शुगर को रखते हैं कंट्रोल
चिया सीड्स में मौजूद अल्फा-लिनोलेनिक एसिड (ALA) एक प्लांट-बेस्ड ओमेगा-3 फैटी एसिड है, जो इंसुलिन सेंसिटिविटी को बेहतर बनाता है। इससे ब्लड शुगर लेवल कंट्रोल रहता है और पेट की जिद्दी चर्बी बढ़ने का खतरा कम होता है। European Journal of Clinical Nutrition में प्रकाशित एक रिसर्च के अनुसार चिया सीड्स का सेवन करने से भोजन के बाद रक्त शर्करा के स्तर में अचानक बढ़ोतरी नहीं होती।
मेटाबॉलिज्म को करते हैं बूस्ट
चिया सीड्स में प्रोटीन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं। ये पोषक तत्व मेटाबॉलिज्म को तेज करने, फैट बर्न करने और मांसपेशियों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। journal of Nutritional Biochemistry में प्रकाशित शोध के अनुसार ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर में उन जीन्स को सक्रिय करते हैं जो फैट को जलाने का काम करते हैं। ये लीवर में जमा अतिरिक्त फैट को कम करने और मेटाबॉलिज्म को सुस्त होने से बचाने में मदद करता है।
चिया सीड्स कितना खाना है सही?
आमतौर पर रोजाना 1–2 चम्मच चिया सीड्स का सेवन पर्याप्त माना जाता है। इससे ज्यादा मात्रा लेने पर कुछ लोगों को गैस, पेट फूलना या अपच की समस्या हो सकती है। चिया सीड्स खाते समय दिनभर पर्याप्त पानी पीना जरूरी है।
चिया सीड्स खाने का सही समय क्या है?
- सुबह नाश्ते के साथ
- भोजन से पहले
- दो मील्स के बीच हल्के स्नैक्स के तौर पर
- जब भूख ज्यादा लगती हो, उस समय चिया सीड्स का सेवन करना सबसे ज्यादा फायदेमंद होता है।
निष्कर्ष
अगर आप नेचुरल तरीके से वजन कंट्रोल करना चाहते हैं तो चिया सीड्स को अपनी डेली डाइट में शामिल कर सकते हैं। सही मात्रा और सही समय पर सेवन करने से ये छोटे-से बीज वजन घटाने में बड़ी भूमिका निभा सकते हैं।
डिस्क्लेमर
यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
आंतों में कमजोरी होने पर दिखते हैं ये 8 लक्षण, इन 4 फर्मेंटिड फूड से करें परेशानी का इलाज, अरबों की संख्या में बढ़ेंगे गुड बैक्टीरिया और सुधर जाएगी गट हेल्थ। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।
