भागदौड़ भरी जिंदगी और बढ़ते तनाव के बीच सिरदर्द होना एक बेहद आम समस्या बन चुका है। अक्सर लोग इसे थकान या गैस की समस्या मानकर पेनकिलर खा लेते हैं और नजरअंदाज कर देते हैं। ज्यादातर मामलों में सिरदर्द तनाव, नींद की कमी, डिहाइड्रेशन, आंखों पर अधिक दबाव या माइग्रेन के कारण होता है और आमतौर पर चिंता की बात नहीं होती। लेकिन सवाल यह है कि सामान्य सिरदर्द और गंभीर बीमारी का संकेत देने वाले सिरदर्द में अंतर कैसे पहचाना जाए? हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार, हर सिरदर्द सामान्य नहीं होता। अगर सिरदर्द के साथ आपको उल्टी, धुंधला दिखना या चक्कर आने जैसे बदलाव महसूस हो रहे हैं, तो यह शरीर का एक गंभीर अलार्म हो सकता है। मुंबई सेंट्रल स्थित वॉकहार्ट हॉस्पिटल्स के ब्रेन और स्पाइन सर्जन डॉ. केवल शुक्ला के अनुसार, केवल सिरदर्द ही चिंता का कारण नहीं होता, बल्कि उसके साथ आने वाले लक्षण और उसके पैटर्न में बदलाव अधिक महत्वपूर्ण होते हैं।
ब्रेन ट्यूमर को लेकर लोगों में एक आम गलतफहमी है कि यह हमेशा बहुत तेज और असहनीय सिरदर्द का कारण बनता है। जबकि वास्तविकता यह है कि शुरुआती चरण में ब्रेन ट्यूमर के लक्षण सामान्य सिरदर्द जैसे ही दिखाई दे सकते हैं। ज्यादातर सिरदर्द ब्रेन ट्यूमर के कारण नहीं होता, चिंता तब होती है जब सिरदर्द का पैटर्न व्यक्ति के सामान्य अनुभव से अलग होने लगे। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि सिर दर्द के साथ कौन-कौन से लक्षण दिखें तो वो ब्रेन ट्यूमर के संकेत हो सकते हैं।
सिर दर्द के साथ कौन से लक्षण दिखना होता है खतरनाक
- सिरदर्द का लगातार बढ़ना या अधिक गंभीर होना
- नींद से जगाने पर तुरंत सिर दर्द होना
- सुबह के समय अधिक तेज सिरदर्द
- सामान्य दवाओं या उपचार से राहत न मिलना
- सिरदर्द के साथ दूसरे न्यूरोलॉजिकल लक्षणों का होना सिरदर्द के अलार्मिंग साइन हैं।
कब कराएं तुरंत जांच
डॉ. शुक्ला बताते हैं अगर सिरदर्द के साथ मतली, उल्टी, धुंधला दिखाई देना, हाथ या पैर में कमजोरी होना, बोलने में कठिनाई या दौरे (Seizures) जैसे लक्षण दिखाई दें तो आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। केवल सिरदर्द नहीं बल्कि उसके पैटर्न में बदलाव और अन्य न्यूरोलॉजिकल लक्षणों की मौजूदगी सबसे महत्वपूर्ण संकेत हैं।
ब्रेन ट्यूमर के साइलेंट संकेत क्या हैं?
धुंधला दिखाई देना
लगातार धुंधला दिखाई देना, डबल विजन यानी एक चीज दो दिखाई देना या दूसरी विजुअल समस्याएं तब हो सकती हैं जब ट्यूमर दिमाग के उस हिस्से को प्रभावित करता है जो देखने की क्षमता को कंट्रोल करता है या खोपड़ी के अंदर दबाव बढ़ा देता है।
याददाश्त और एकाग्रता में कमी
डॉ. शुक्ला बताते हैं कि व्यक्ति को धीरे-धीरे भूलने की आदत बढ़ सकती है, ध्यान केंद्रित करने में परेशानी हो सकती है या बातचीत के दौरान सही शब्द खोजने में कठिनाई हो सकती है। क्योंकि ये लक्षण तनाव, थकान या बढ़ती उम्र के कारण भी हो सकते हैं, इसलिए अक्सर इन्हें नजरअंदाज कर दिया जाता है।
मूड और व्यवहार में बदलाव होना
मूड, व्यवहार, निर्णय लेने की क्षमता या भावनात्मक प्रतिक्रियाओं में बदलाव तब हो सकते हैं जब ट्यूमर दिमाग के कुछ विशेष हिस्सों को प्रभावित करता है। कई बार परिवार के सदस्य इन बदलावों को सबसे पहले नोटिस करते हैं।
संतुलन और समन्वय में समस्या
कुछ लोगों में चलते समय बार-बार लड़खड़ाना, संतुलन बिगड़ना या शरीर के एक हिस्से में कमजोरी महसूस होने जैसे लक्षण दिखते हैं जो ब्रेन ट्यूमर का संकेत हो सकते हैं।
सुनने की क्षमता में बदलाव, सुन्नपन और दौरे
सुनने में परेशानी होना, चेहरे का सुन्न होना, बिना कारण झुनझुनी महसूस होना, पहली बार दौरा पड़ना ब्रेन ट्यूमर के हो सकते हैं लक्षण। हालांकि इन लक्षणों का मतलब हमेशा ब्रेन ट्यूमर नहीं होता, लेकिन यदि ये लगातार बने रहें या समय के साथ बढ़ते जाएं, तो इन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
डॉक्टर से कब संपर्क करें?
डॉ. शुक्ला सलाह देते हैं कि यदि सिरदर्द कई हफ्तों तक बना रहे, समय के साथ बढ़ता जाए, या इसके साथ न्यूरोलॉजिकल लक्षण दिखाई दें, तो डॉक्टर से तुरंत परामर्श लेना चाहिए।
कुछ मामलों में ब्रेन इमेजिंग (MRI या CT Scan) कराने की भी आवश्यकता पड़ सकती है, खासकर तब जब लक्षण रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगें या सिरदर्द का पैटर्न पहले से बिल्कुल अलग हो।
क्या ब्रेन ट्यूमर से बचाव संभव है?
अन्य जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों के विपरीत, ब्रेन ट्यूमर अक्सर बिना किसी स्पष्ट कारण के विकसित हो सकता है। डॉ. शुक्ला कहते हैं, “ब्रेन ट्यूमर को पूरी तरह रोकने का कोई निश्चित तरीका नहीं है क्योंकि कई मामलों में इसके कारण का पता नहीं होता।
ब्रेन ट्यूमर से बचाव के लिए इन उपायों से अपनाएं।
- तंबाकू का सेवन न करें।
- अनावश्यक रेडिएशन के संपर्क से बचें।
- हेल्दी वेट रखें।
- नियमित रूप से शारीरिक गतिविधि करें।
- फलों और सब्जियों से भरपूर संतुलित आहार का सेवन करें।
- पुरानी बीमारियों को कंट्रोल रखें।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी किसी भी प्रकार की चिकित्सकीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है। सिरदर्द, दृष्टि संबंधी समस्याएं, कमजोरी, दौरे या अन्य किसी भी स्वास्थ्य संबंधी लक्षण की स्थिति में स्वयं इलाज करने के बजाय योग्य डॉक्टर से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय लेने से पहले विशेषज्ञ की सलाह अवश्य लें।
