बॉडी में बायोटिन यानी Vitamin B7 की कमी बहुत आम नहीं होती, लेकिन जिन लोगों की बॉडी में इस विटामिन की कमी हो जाए उनकी बॉडी में कई शारीरिक लक्षण दिखाई दे सकते हैं। सबसे ज्यादा असर स्किन और बालों पर पड़ता है। बॉडी में बायोटिन की कमी होने पर बाल कमजोर होकर झड़ने लगते है। बायोटिन की कमी स्किन और नाखूनों पर भी साफ दिखती है। ये विटामिन मेटाबॉलिज्म के लिए बेहद जरूरी है।

पचौली वेलनेस की न्यूट्रिशनिस्ट डॉ. प्रीती सेठ के अनुसार बायोटिन की कमी को दूर करने के लिए बैलेंस डाइट का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। कुछ बायोटिन रिच फूड्स का सेवन करने से बॉडी को पोषण मिलता है, बाल मजबूत होते हैं और नेचुरल तरीके से बालों का रंग  काला होता है।

नियमित रूप से इन फूड्स का सेवन करने से बाल हेल्दी, घने और मजबूत बन सकते हैं। बॉडी में बायोटिन की कमी होने पर स्किन और बालों के अलावा भी कुछ और लक्षण दिखते हैं जिन्हें समझना भी जरूरी है। एक्सपर्ट ने बायोटिन की कमी को पूरा करने के लिए कुछ फूड्स का सेवन करने की सलाह दी है। आइए जानते हैं कि कौन कौन से ऐसे फूड्स हैं जिनका सेवन करने से बॉडी को पर्याप्त बायोटिन मिलता है।

बॉडी में बायोटिन की कमी के लक्षण

  • बॉडी में बायोटिन की कमी होने पर बाल पतले, कमजोर और झड़ने लगते हैं। भौंहों और पलकों के बाल झड़ने लगते हैं।
  • बॉडी में इस विटामिन की कमी होने पर स्किन पर लाल चकत्ते  जैसे आंख, नाक और मुंह के आसपास होने लगते हैं।
  • स्किन ड्राई होने लगती है और स्किन पर पपड़ी जमने लगती है।  
  • इस विटामिन की कमी से नाखून पतले और जल्दी टूटने लगते हैं।
  • मानसिक और न्यूरोलॉजिकल समस्याएं जैसे थकान, कमजोरी,मूड स्विंग,डिप्रेशन जैसा महसूस होना, सुन्नपन या झनझनाहट होने जैसे लक्षण दिखते हैं।
  • इस विटामिन की कमी होने से भूख कम लगती है, मतली और मांसपेशियों में दर्द की शिकायत हो सकती है।

बायोटिन की कमी पूरा करने वाले फूड

अंडे का पीला भाग खाएं

अंडा बायोटिन और हाई-क्वालिटी प्रोटीन का अच्छा स्रोत है। रोजाना अच्छी तरह पका हुआ अंडा खाने से बालों को जरूरी पोषण मिलता है, जिससे बाल मजबूत और हेल्दी रहते हैं। ये विटामिन हेयर फॉल से बचाव करता है। इसका सेवन करने से स्किन की रंगत में भी निखार आता है।

Nutrition Reviews में प्रकाशित रिसर्च के मुताबिक एक पके हुए अंडे में लगभग 10 माइक्रोग्राम (mcg) बायोटिन होता है, जो दैनिक आवश्यकता का करीब 33% है। बायोटिन शरीर में केराटिन(Keratin) का नेचुरल तरीके से उत्पादन को उत्तेजित करता है। केराटिन वह मुख्य प्रोटीन है जिससे बाल और नाखून बनते हैं। अंडा सेहत के लिए फायदेमंद है लेकिन आप कच्चा अंडा खाने से बचें। क्योंकि अंडे में एविडिन(Avidin) प्रोटीन होता है जो बायोटिन के अवशोषण को रोक देता है। पकाने पर यह प्रभाव खत्म हो जाता है।

नट्स और सीड्स

बादाम, अखरोट, मूंगफली, सूरजमुखी, अलसी और कद्दू के बीज बायोटिन व हेल्दी फैट से भरपूर होते हैं। रोज एक मुट्ठी नट्स और बीज बालों की जड़ों को पोषण देकर उन्हें घना और मजबूत बनाने में मदद करते हैं। Journal of Cosmetic Dermatology की एक रिसर्च के मुताबिक ओमेगा-3 और ओमेगा-6 फैटी एसिड के साथ बायोटिन का सेवन करने से 6 महीने के अंदर बालों के घनत्व (Hair Density) में सुधार होता है।

शकरकंद खाएं

शकरकंद पोषक तत्वों से भरपूर है और शरीर के मेटाबॉलिज्म को सपोर्ट करता है। बायोटिन की कमी से होने वाले हेयर फॉल, ड्राई स्किन और कमजोर नाखून जैसी समस्याओं में ये मददगार साबित होती है। रिसर्च बताती हैं कि शकरकंद में न केवल बायोटिन (करीब 2.4 mcg) होता है, बल्कि यह बीटा-कैरोटीन से भी भरपूर है, जिसे शरीर विटामिन A में बदल देता है।

मछली खाएं

सैल्मन जैसी मछलियां प्रोटीन और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती हैं। ये स्कैल्प को पोषण देती हैं, हेयर फॉलिकल्स को मजबूत करती हैं और बालों की सेहत बनाए रखने में मदद करती हैं। Harvard Health के अनुसार, सैल्मन जैसी मछलियां विटामिन D का भी बड़ा स्रोत हैं। रिसर्च से पता चला है कि विटामिन D की कमी को एलोपेसिया जो बाल झड़ने की बीमारी है उससे जोड़ा गया है। मछली में मौजूद बायोटिन अमीनो एसिड के मेटाबॉलिज्म को तेज करता है, जिससे शरीर भोजन से प्राप्त प्रोटीन को बालों के केराटिन में अधिक कुशलता से बदल पाता है।

क्या रोजाना कॉफी पीना डिमेंशिया के खतरे को कम कर सकता है? रिसर्च से समझें ब्रेन पर कैफीन का असर

डिस्क्लेमर

यह सलाह सामान्य जानकारी के लिए है, गंभीर हेयरफॉल के लिए ट्राइकोलॉजिस्ट से संपर्क करें।इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।