ड्राई फ्रूट का सेवन बॉडी से लेकर ब्रेन तक को हेल्दी रखता है। कुछ ड्राई फ्रूट ऐसे हैं जिनका सेवन सर्दी-गर्मी सभी मौसम में बॉडी को फायदा पहुंचाता है। अखरोट,बादाम,मखाना,किशमिश और अंजीर ऐसे ड्राई फ्रूट है जिनका सेवन लगभग लोग पूरे साल करते हैं। ड्राई फ्रूट ऐसे सूखे मेवे है जिसमें भरपूर पोषण होता है। इसमें प्रोटीन, हेल्दी फैट, फाइबर, विटामिन और मिनरल्स पाए जाते हैं जो हमारी बॉडी को ताकत देते हैं और बॉडी को हेल्दी रखते हैं। अगर रोज़ इन ड्राई फ्रूट में से किसी एक को रोज़ खाया जाए तो बॉडी में एनर्जी का लेवल लबालब रहेगा।
वर्धन आयुर्वेदिक और हर्बल मेडिसिन के संस्थापक सुभाष गोयल ने बताया अगर बैलेंस डाइट का सेवन किया जाए तो किसी को भी मल्टीविटामिन की गोलियां खाने की जरूरत नहीं पड़ेगी। एक्सपर्ट ने बताया रोजाना की डाइट में अगर कुछ ड्राई फ्रूट का सेवन किया जाए तो आसानी से बॉडी की पोषक तत्वों की डिमांड को पूरा किया जा सकता है। रोज ड्राई फ्रूट खाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है, दिल से लेकर दिमाग तक की सेहत दुरुस्त रहती है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से ड्राई फ्रूट सेहत के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
बादाम का करें सेवन
रोजाना 5 बादाम रात में भिगो दें और सुबह उसका सेवन कर लें। बादाम पोषण का पावरहाउस माना जाता है। इसमें भरपूर मात्रा में विटामिन E, विटामिन B2, मैग्नीशियम, हेल्दी फैट, प्रोटीन और फाइबर पाया जाता हैं। विटामिन E एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट है, जो स्किन को फ्री-रेडिकल्स से होने वाले नुकसान से बचाने में मदद करता है। इससे स्किन में निखार आता है और उम्र बढ़ने के लक्षण धीमे पड़ सकते हैं। विटामिन B2 शरीर में ऊर्जा उत्पादन की प्रक्रिया को सपोर्ट करता है, जबकि मैग्नीशियम मांसपेशियों और नसों के सही कामकाज के लिए जरूरी है।
यह हड्डियों को मजबूत बनाने और ब्लड शुगर लेवल को संतुलित रखने में भी मददगार होता है। बादाम में मौजूद हेल्दी फैट और प्रोटीन लंबे समय तक पेट भरा रखने में मदद करते हैं, जिससे अनहेल्दी स्नैकिंग कम हो सकती है। रोजाना 4–5 भीगे हुए बादाम खाने से शरीर को नेचुरल तरीके से एनर्जी मिलती है, थकान कम होती है और मांसपेशियां मजबूत होती है। बादाम खाने से याददाश्त दुरुस्त रहती है और दिल की सेहत में सुधार होता है। संतुलित मात्रा में इसका सेवन करना बेहतर होता है।
किशमिश खाएं
किशमिश (Raisins) एक ऐसा ड्राई फ्रूट है जिसमें नेचुरल शुगर, आयरन, पोटैशियम, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। यह शरीर को तुरंत ऊर्जा देने में मदद करती है, इसलिए कमजोरी और थकान महसूस होने पर इसका सेवन फायदेमंद माना जाता है। किशमिश में मौजूद फाइबर पाचन तंत्र को दुरुस्त रखता है और कब्ज की समस्या से राहत दिलाने में सहायक होता है। आयरन की मौजूदगी खून की कमी को दूर करने में मदद कर सकती है, जिससे इम्यूनिटी बेहतर होती है। नियमित और संतुलित मात्रा में किशमिश खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व मिलते हैं और ओवरऑल हेल्थ ठीक रहती है।
अखरोट (Walnut) भिगोकर खाएं
अखरोट को रातभर पानी में भिगोकर सुबह खाने से इसके पोषक तत्व शरीर में बेहतर तरीके से अवशोषित होते हैं। भीगे हुए अखरोट में मौजूद ओमेगा-3 फैटी एसिड, प्रोटीन, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स दिमाग और दिल की सेहत के लिए फायदेमंद माने जाते हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया की 2024 की रिसर्च बताती है कि अखरोट में मौजूद ओमेगा-3 और एंटीऑक्सीडेंट्स दिमाग की सूजन (Neuroinflammation) को कम करते हैं, जिससे उम्र के साथ होने वाली याददाश्त की कमी और अल्जाइमर का खतरा कम होता है। रोजाना 1–2 भीगे हुए अखरोट सुबह खाली पेट खाना बेहतर माना जाता है। हालांकि।
मखाना खाएं
मखाना का सेवन वजन घटाने में बेहद असरदार साबित होता है। 2025 के Journal of Current Research in Food Science की रिसर्च के मुताबिक मखाना की हाई फाइबर और प्रोटीन प्रोफाइल वजन घटाने में मदद करती है। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट यौगिक ब्रेन हेल्थ को भी सकारात्मक रूप से सपोर्ट कर सकते हैं।
अंजीर का करें सेवन
अंजीर एक ऐसा फल है जिसका सेवन सुखाकर ड्राई फ्रूट के रूप में और फल के रूप में किया जाता है। पेट के लिए ये ड्राई फ्रूट अमृत की तरह असर करता है। एक क्लिनिकल ट्रायल में पाया गया कि रोजाना 2-3 भीगी हुई अंजीर खाने से क्रोनिक कब्ज और पेट दर्द में 60% तक सुधार होता है। यह पेट के गुड बैक्टीरिया (Prebiotic effect) के लिए ईंधन का काम करती है।
रमज़ान में खजूर से क्यों खोलते हैं रोज़ा, जानिए ये फल सेहत पर कैसा करता है असर
डिस्क्लेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
