हमारा शरीर हमसे बात करता है, बस हमें उसकी भाषा समझने की जरूरत है। अक्सर चेहरे का पीलापन, नाखूनों पर सफेद धब्बे या बालों का झड़ना केवल कॉस्मेटिक समस्या नहीं होती, बल्कि यह आपके अंदरूनी अंगों द्वारा दी जा रही एक चेतावनी होती है। योग गुरु और हेल्थ एक्सपर्ट हंसा जी योगेंद्र के अनुसार, शरीर के अलग-अलग हिस्से पोषक तत्वों (Nutrients) की कमी के कुछ साफ संकेत देते हैं। अधिकतर लोगों का मानना है कि वो नियमित रूप से खाना खाते हैं तो उनकी बॉडी में पोषक तत्वों की कमी नहीं हो सकती। लेकिन सच्चाई यह है कि आप अच्छा खाना खाकर भी कुपोषित हो सकते हैं।
एक्सपर्ट के मुताबिक हमारी बॉडी में पोषक तत्वों की कमी होने पर थकान, दिमागी धुंध, बाल झड़ना, मूड स्विंग, बार-बार संक्रमण होने का खतरा रहता है। बॉडी में जरूरी पोषक तत्वों की कमी का असर हमारे नाखून,बाल,दिल और दिमाग तक पर दिखता है। आइए जानते हैं कि बॉडी में कौन-कौन से पोषक तत्वों की कमी होने पर कौन-कौन से अंगों पर उसका असर दिखता है।
लगातार थकान और एनर्जी में कमी आना
पूरी नींद के बाद भी दिनभर थकान महसूस होती है तो आपकी बॉडी में आयरन, विटामिन B समूह, या पर्याप्त प्रोटीन की कमी हो सकती है। बॉडी में इन सभी विटामिन की कमी को पूरा करने के लिए आप डाइट में साबुत अनाज, दालें, बीन्स, मेवे और सीड्स शामिल करें। नियमित समय पर भोजन करें। डाइट में ज्यादा चीनी और रिफाइंड फूड से परहेज करें।
बार-बार बीमार पड़ना या घाव का धीरे भरना
जल्दी संक्रमण होना या छोटे घाव का देर से भरना बॉडी में विटामिन C, विटामिन D, जिंक या एंटीऑक्सीडेंट की कमी होना है। इन सभी पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने के लिए आप डाइट में मौसमी फल-सब्जियां खाएं, धूप लें, भोजन अच्छी तरह चबाकर खाएं। गंभीर या बार-बार संक्रमण हो तो डॉक्टर की सलाह लें।
बाल झड़ना, नाखून कमजोर होना और स्किन का ड्राई होना
अत्यधिक बाल झड़ना, नाखून टूटना, स्किन का बेजान दिखना बॉडी में प्रोटीन, आयरन, हेल्दी फैट या पानी की कमी के संकेत हो सकते हैं। बॉडी में इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने के लिए आप प्लांट बेस्ड प्रोटीन,सीड्स, मेवे और पानी का सेवन करें। डाइट से क्रैश डाइटिंग, अत्यधिक उपवास और ज्यादा कैफीन का सेवन करने से परहेज करें।
मसूड़ों से खून आना या बार-बार मुंह के छाले
मसूड़ों से खून आना या बार-बार छाले होना विटामिन C और विटामिन B कॉम्प्लेक्स की कमी के संकेत है। बॉडी में इस विटामिन की कमी की भरपाई करने के लिए आप आप डाइट में आंवला, खट्टे फल और हरी सब्जियों का सेवन करें। खाने के साथ चाय-कॉफी का सेवन करने से बचें। टैनिन आयरन के अवशोषण को रोकता है।
मांसपेशियों में ऐंठन होना
रात में पैरों में ऐंठन या आंख फड़कना बॉडी में मैग्नीशियम, कैल्शियम, पोटैशियम की कमी के संकेत हो सकते हैं। बॉडी में इन विटामिन की भरपाई के लिए आप डाइट में
हरी सब्जियां, तिल, कद्दू के बीज का सेवन करें। ज्यादा चीनी और प्रोसेस्ड स्नैक्स का सेवन करने से परहेज करें।
रात में साफ नहीं दिखाई देना
आंखों से कम दिखाई देना खासतौर पर रात में कम दिखना विटामिन A की कमी के संकेत हो सकते हैं। बॉडी में इस विटामिन की कमी को पूरा करने के लिए आप डाइट में गाजर, शकरकंद, हरी पत्तेदार सब्जियों का सेवन करें। थोड़ा घी या कोल्ड-प्रेस्ड तेल साथ लें, क्योंकि विटामिन A वसा में घुलनशील है।
दिमागी धुंध और एकाग्रता की कमी
अगर चीजें रखकर भूल जाते हैं, काम में ध्यान केंद्रित नहीं कर पाते तो आपकी बॉडी में विटामिन बी, हेल्दी फैट और पानी की कमी हो सकती है। इन पोषक तत्वों की कमी को पूरा करने के लिए आप डाइट में मेवे, बीज, साबुत अनाज और पर्याप्त पानी पिएं।
निष्कर्ष
पोषण ज्यादा खाने से नहीं, बल्कि सही अवशोषण (Absorption) से मिलता है। योग में आहार, विहार, आचार और विचार का संतुलन जरूरी बताया गया है। बीमारी अचानक नहीं आती वह धीरे-धीरे विकसित होती है जब हम शरीर के संकेतों को अनदेखा करते हैं। अगर आप इन लक्षणों में से किसी को महसूस कर रहे हैं, तो समय रहते ध्यान दें। जागरूकता ही उपचार की पहली सीढ़ी है।
डिस्क्लेमर:
इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
