क्या हमारे पेट की सेहत का सीधा संबंध दिमाग की गंभीर बीमारियों से हो सकता है? हालिया वैज्ञानिक रिसर्च ने ‘गट-ब्रेन एक्सिस’ (Gut-Brain Axis) यानी आंतों और दिमाग के बीच के उस गुप्त कनेक्शन को उजागर किया है, जो अल्जाइमर जैसी न्यूरोलॉजिकल समस्याओं के जोखिम को प्रभावित कर सकता है। हमारे पेट में मौजूद खरबों गुड और बैड बैक्टीरिया न केवल पाचन दुरुस्त रखते हैं, बल्कि दिमाग में सूजन और प्रोटीन के जमाव को भी प्रभावित करते हैं। वैज्ञानिक लगातार यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आंतों में रहने वाले खरबों सूक्ष्मजीव (Gut Microbiome) शरीर के दूसरे हिस्सों, खासकर दिमाग को किस तरह प्रभावित करते हैं।
अब एक नए अध्ययन में आंतों के कुछ बैक्टीरिया से बनने वाले एक खास रसायन इमिडाजोल प्रोपियोनेट (Imidazole Propionate) और अल्जाइमर रोग से जुड़े मस्तिष्क में होने वाले बदलावों के बीच संबंध पाया गया है। शोधकर्ताओं ने बताया कि इस संबंध का मतलब यह नहीं है कि इमिडाजोल प्रोपियोनेट अल्जाइमर रोग का कारण है। अब इन दोनों का कनेक्शन साबित करने के लिए और रिसर्च की जरूरत है।
क्या है इमिडाजोल प्रोपियोनेट?
इमिडाजोल प्रोपियोनेट (ImP) एक छोटा अणु यानी मॉलिक्यूल है, जिसे आंतों में मौजूद कुछ बैक्टीरिया प्रोटीन में पाए जाने वाले एक अमीनो एसिड को तोड़ने के दौरान बनाते हैं। यूनिवर्सिटी ऑफ विस्कॉन्सिन-मैडिसन की ओर से 3 अक्टूबर को जारी रिसर्च के मुताबिक इंसानों और चूहों दोनों पर की गई रिसर्च में पाया गया है कि खून में ImP का स्तर अधिक होने और अल्जाइमर से जुड़े कुछ जैविक बदलावों के बीच संबंध हो सकता है।
रिसर्च क्या कहती है?
शोध में 1,196 ऐसे वयस्कों को शामिल किया गया, जिन्हें सोचने-समझने या याददाश्त से जुड़ी कोई समस्या नहीं थी। शोधकर्ताओं ने पाया कि जिन लोगों के खून में ImP (इंडोल-3-प्रोपियोनिक एसिड) का स्तर ज्यादा था, उन्होंने कुछ याददाश्त और सोचने-समझने से जुड़े टेस्ट में अपेक्षाकृत कमजोर प्रदर्शन किया। इन लोगों में अल्जाइमर से जुड़े कुछ जैविक संकेत भी ज्यादा पाए गए। शोधकर्ताओं ने आंतों में मौजूद कुछ ऐसे बैक्टीरिया की भी पहचान की, जो ImP बनाते हैं और जिनका संबंध अल्जाइमर से जुड़े कुछ संकेतकों से देखा गया। हालांकि, इस रिसर्च का मतलब यह नहीं है कि ImP अल्जाइमर का कारण है। किसी चीज के बीच संबंध मिलना यह साबित नहीं करता कि एक चीज दूसरी चीज की वजह है। इसलिए खून में ImP का स्तर ज्यादा होने का मतलब यह नहीं है कि व्यक्ति को भविष्य में अल्जाइमर रोग जरूर होगा।
आंतों का यह रसायन दिमाग को प्रभावित कर सकता है, इसके पीछे जैविक प्रक्रिया को समझने के लिए शोधकर्ताओं ने चूहों पर भी प्रयोग किया। लंबे समय तक ImP के संपर्क में रहने वाले चूहों में अल्जाइमर रोग से जुड़े कुछ बदलाव देखने को मिले। इनमें बीटा-एमिलॉयड (Beta-amyloid) और टाऊ (Tau) प्रोटीन से जुड़े बदलाव शामिल थे। अल्जाइमर रोग में बीटा-एमिलॉयड दिमाग में जमा होकर प्लाक बना सकता है, जबकि असामान्य टाऊ प्रोटीन मस्तिष्क की कोशिकाओं के अंदर उलझी हुई संरचनाएं बना सकता है। शोधकर्ताओं को यह भी संकेत मिले कि ImP ब्लड-ब्रेन बैरियर को प्रभावित कर सकता है।
क्या है ब्लड-ब्रेन बैरियर?
ब्लड-ब्रेन बैरियर दिमाग की एक महत्वपूर्ण सुरक्षा प्रणाली है। यह मुख्य रूप से दिमाग की रक्त वाहिकाओं को लाइन करने वाली विशेष कोशिकाओं से बनी होती है और यह नियंत्रित करती है कि खून में मौजूद कौन-से पदार्थ मस्तिष्क के ऊतकों तक पहुंच सकते हैं। अगर यह सुरक्षा प्रणाली कमजोर या क्षतिग्रस्त होती है, तो यह मस्तिष्क की उम्र बढ़ने और कुछ न्यूरोलॉजिकल बीमारियों से जुड़ी प्रक्रियाओं में भूमिका निभा सकती है।
क्या प्रोबायोटिक्स का सेवन अल्जाइमर के खतरे से बचा सकता है?
रिसर्च के मुताबिक आंतों का माइक्रोबायोम बेहद जटिल होता है। केवल कुछ बैक्टीरिया शरीर में पहुंचाने से आंतों के पूरे माइक्रोबियल वातावरण में किस तरह का बदलाव आएगा, यह पहले से तय नहीं किया जा सकता। रिसर्च में ऐसा कोई खास भोजन या डाइट नहीं बताई गई जो शरीर से ImP को पूरी तरह खत्म कर सके।
अल्जाइमर के जोखिम कारक कौन-कौन से हैं?
अल्जाइमर रोग को केवल किसी एक रसायन या एक जैविक प्रक्रिया से जोड़कर देखना सही नहीं है। उम्र बढ़ना अल्जाइमर का सबसे प्रमुख ज्ञात जोखिम कारक है। इसके अलावा आनुवंशिक कारण, हृदय और रक्त वाहिकाओं का स्वास्थ्य और लाइफस्टाइल से जुड़े कई कारक अल्जाइमर के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं। ब्लड प्रेशर, कोलेस्ट्रॉल, डायबिटीज, शारीरिक गतिविधि, धूम्रपान, नींद और संपूर्ण स्वास्थ्य जैसे कारक भी अल्जाइमर के लिए जिम्मेदार हो सकते हैं।
ये रिसर्च Gut-Brain Connection यानी आंत और दिमाग के बीच संबंध को समझने की दिशा में महत्वपूर्ण हो सकती है। अब वैज्ञानिक यह जानने की कोशिश कर सकते हैं कि कौन-से आंतों के बैक्टीरिया ImP बनाते हैं, ये बैक्टीरिया इसे ज्यादा या कम मात्रा में क्यों बनाते हैं और शरीर में ImP की कितनी मात्रा खून में पहुंचती है। इसके साथ ही यह भी पता लगाने की जरूरत है कि अगर ImP का स्तर कम किया जाए, तो क्या अल्जाइमर से जुड़े मस्तिष्क के बदलावों में कमी आ सकती है।
डिस्क्लेमर: यह खबर एक वैज्ञानिक अध्ययन के निष्कर्षों पर आधारित है। अध्ययन में आंतों के बैक्टीरिया से बनने वाले इमिडाजोल प्रोपियोनेट (ImP) और अल्जाइमर से जुड़े कुछ बदलावों के बीच संबंध पाया गया है, लेकिन इससे यह साबित नहीं होता कि ImP अल्जाइमर का कारण है। इस संबंध को समझने और इसकी पुष्टि के लिए इंसानों पर आगे और शोध की जरूरत है। इसे अल्जाइमर की रोकथाम या इलाज के रूप में न लें।
