जिंदगी की मसरूफियत इतनी ज्यादा बढ़ गई है कि हमने अपने खान-पान को ही नजरअंदाज कर दिया है। खाने के नाम पर हम लोग सिर्फ पेट भरने पर ध्यान देते हैं। अक्सर रात को बचा हुआ खाना सुबह जल्दबाजी में हम दोबारा गर्म करके खा लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर भोजन दोबारा गर्म करने के लिए सुरक्षित नहीं होता?
‘कैंसर हीलर सेंटर’ के MD डॉ. तरंग कृष्णा के मुताबिक, कुछ फूड्स ऐसे हैं जिन्हें रीहीट (Reheat) करते ही उनके पोषक तत्व खत्म हो जाते हैं और वे शरीर के लिए नुकसानदेह साबित हो सकते हैं। डॉक्टर के अनुसार, कुछ चीजों को दोबारा गर्म करने से उनमें हानिकारक तत्व बढ़ जाते हैं जो हमारी बॉडी को कई तरह से नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में जरूरी यह है कि आप अगर बासी खाना खाना चाहते हैं, तो उसे सही तरीके से स्टोर करना और सही तापमान पर उसे दोबारा गर्म करना सीखें। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन से ऐसे फूड्स हैं जिन्हें ताजा ही खाना चाहिए और दोबारा गर्म करने से बचना चाहिए।
पालक और हरी पत्तेदार सब्जियां रीहीट नहीं करें
डॉक्टर के अनुसार, पालक को उतना ही पकाएं जिसे आप एक समय खाकर ही खत्म कर दें, क्योंकि इसे दोबारा गर्म करके खाना सेहत के लिए ठीक नहीं है। पालक और हरी पत्तेदार सब्जियों में प्राकृतिक रूप से नाइट्रेट मौजूद होते हैं जो दोबारा गर्म करने पर हानिकारक यौगिकों में बदल सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि अगर आप बचे हुए पालक को दोबारा खाना चाहते हैं तो उसे गर्म करने के बजाय ठंडा ही खाएं। आप पालक और हरी पत्तेदार सब्जियों का इस्तेमाल सैंडविच और रैप जैसी डिश में कर सकते हैं। डॉक्टर का मानना है कि पालक और हरी पत्तेदार सब्जियों को रीहीट करने से उसकी न्यूट्रिशनल वैल्यू पूरी तरह नष्ट हो जाती है।
चावल (Rice) को दोबारा गर्म नहीं करें
चावल का सेवन भी ताजा ही करें, इसे स्टोर करके फिर से दोबारा गर्म करके खाने से बचें। एक्सपर्ट ने बताया कि अगर पके हुए चावल को लंबे समय तक कमरे के तापमान (Room Temperature) पर स्टोर किया जाए, तो उनमें Bacillus cereus नामक बैक्टीरिया एक्टिव हो जाते हैं और वो टॉक्सिन बनाते हैं। दोबारा गर्म करने से बैक्टीरिया तो मर सकते हैं, लेकिन पहले से बने कुछ टॉक्सिन नष्ट नहीं होते और फूड पॉइजनिंग का कारण बन सकते हैं। इसलिए चावल पकाने के एक घंटे के अंदर ही आप उन्हें फ्रिज में रख दें। अगर आप उन्हें दोबारा गर्म भी करना चाहते हैं, तो अच्छी तरह भाप निकलने तक ही गर्म करें।
उबले अंडे और ऑमलेट रिहीट नहीं करें
डॉक्टर का कहना है कि उबले अंडे या ऑमलेट को तेज आंच पर दोबारा गर्म करने से इनके प्रोटीन की संरचना बदल सकती है, जिससे कुछ लोगों को पेट फूलना, एसिडिटी या अपच जैसी समस्या हो सकती है। एक्सपर्ट ने बताया कि अंडों को ताजा बनाकर खाना ही बेहतर है। अगर उबले अंडे बच जाएं, तो उन्हें दोबारा गर्म करने की बजाय सलाद में ठंडा खाया जा सकता है।
रिफाइंड ऑयल में बनी सब्जियां
डॉक्टर के अनुसार, रिफाइंड ऑयल में बनी सब्जियों को बार-बार गर्म करने से तेल का केमिकल बॉन्ड टूटने लगता है और फ्री रेडिकल्स बन सकते हैं, जो लंबे समय में शरीर के लिए नुकसानदायक होते हैं। डॉक्टर कम तेल में खाना बनाने और उन्हें ताजा ही खाने की सलाह देते हैं। एक्सपर्ट ने बताया कि बची हुई सब्जी को बार-बार गर्म करने से हमेशा बचें।
मशरूम ताजा ही खाएं
डॉक्टर ने बताया कि मशरूम में मौजूद प्रोटीन और एंजाइम काफी संवेदनशील होते हैं। अगर इस सब्जी को दोबारा गर्म किया जाए, तो इसकी गुणवत्ता और न्यूट्रिशन प्रोफाइल प्रभावित होती है। इसे दोबारा गर्म करने से पाचन संबंधी परेशानी या एलर्जी की संभावना बढ़ सकती है। इसलिए मशरूम को पकाने के तुरंत बाद खाना बेहतर माना गया है और इसे लंबे समय तक स्टोर करने से परहेज करना चाहिए।
डिस्क्लेमर: यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से साझा किया गया है। लेख में दी गई सलाह और सुझाव चिकित्सा विशेषज्ञों (Medical Experts) के विचारों पर आधारित हैं। हर व्यक्ति की शारीरिक बनावट, पाचन तंत्र और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतें अलग होती हैं। इसलिए, अपनी डाइट या खान-पान की आदतों में किसी भी तरह का बड़ा बदलाव करने से पहले हमेशा अपने पारिवारिक डॉक्टर या एक प्रमाणित न्यूट्रिशनिस्ट से व्यक्तिगत परामर्श अवश्य लें। जंसत्ता इस जानकारी की पूर्ण सत्यता या इसके किसी भी तरह के व्यावहारिक परिणामों की जिम्मेदारी नहीं लेता है।
