लिवर हमारी बॉडी का एक अहम अंग है जो अकेले 500  से ज्यादा काम करता है। यह भोजन को पचाने में मदद करता है, पोषक तत्वों को प्रोसेस करता है, शरीर से हानिकारक पदार्थों को बाहर निकालने और ऊर्जा को स्टोर करने जैसे कई जरूरी काम करता है। बॉडी के राइट साइड में मौजूद लिवर का हमेशा राइट रहना जरूरी है। गलत समय और गलत खानपान का सीधा असर हमारे लिवर की हेल्थ को  प्रभावित करता है। डाइट में बहुत ज्यादा कार्बोहाइड्रेट और रिफाइंड शुगर का सेवन, हाई सैचुरेटेड फैट और फ्राइड फूड का सेवन, देर रात खाना खाना और अल्कोहल का सेवन लिवर की सेहत को बिगाड़ सकता है। लिवर को हेल्दी रखने के लिए डाइट का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।  

इंस्टीट्यूट ऑफ लिवर एंड बिलियरी साइंसेज (ILBS), नई दिल्ली के निदेशक और वरिष्ठ प्रोफेसर डॉक्टर शिव कुमार सरीन ने बताया अगर आप लिवर को हेल्दी रखना चाहते हैं तो अपनी रात की डाइट में सबसे पहले सुधार करें। अक्सर हम रात के समय ऐसा भारी या वसायुक्त भोजन कर लेते हैं, जिससे लिवर पर अतिरिक्त बोझ बढ़ जाता है और फैटी लिवर का खतरा पैदा होने लगता है। रात के भोजन में की गई छोटी-छोटी गलतियां लिवर में फैट जमा कर सकती हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि रात में कौन कौन सी डाइट से जुड़ी गलतियां हैं जिनका सेवन करने से लिवर पर बोझ बढ़ता है और लिवर को हेल्दी रखने के लिए कौन कौन से उपाय करना जरूरी है।

रात के समय कुछ फूड्स का सेवन कैसे लिवर पर बोझ बढ़ाता है?

डॉ. सरीन ने सलाह दी है कि आप देर रात तक हाई कैलोरी हैवी फूड का सेवन नहीं करें। रात के समय शरीर का मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है। जब हम रात में देर से, भारी या बहुत ज्यादा वसा वाला, कार्बोहाइड्रेट युक्त खाना खाते हैं, तो लिवर को उसे प्रोसेस करने के लिए अतिरिक्त काम करना पड़ता है। रात में प्रोसेस न हो पाने वाली अतिरिक्त कैलोरी और शुगर, लिवर में ट्राइग्लिसराइड्स के रूप में जमा होने लगती हैं, जो नॉन-अल्कोहलिक फैटी लिवर डिजीज (NAFLD) का मुख्य कारण बनती हैं। 

लिवर का भी अपना एक जैविक क्लॉक होता है। रात में सोने से ठीक पहले भारी भोजन करने से पाचन प्रक्रिया और शरीर की मेटाबॉलिक गतिविधियां प्रभावित हो सकती हैं। देर रात खाना खाने की आदत वजन बढ़ने, इंसुलिन रेजिस्टेंस और मेटाबॉलिक समस्याओं का जोखिम बढ़ा सकती है। ये सभी परेशानियां फैटी लिवर की आशंका से जुड़ी हैं। कई रिसर्च में फैटी लिवर और कोलोरेक्टल, प्रोस्टेट तथा अन्य कैंसर के बीच संबंध भी पाया गया है।

फैटी लिवर बढ़ा सकता है ये परेशानियां?

  • डॉक्टर सरीन मे बताया अगर आपका लिवर फैटी है तो फैट स्पिल करेगा और आर्टीरीज में जमा होगा और आर्टीरीज हार्ड हो जाएंगी और आपका बीपी बढ़ जाएगा।
  • फैटी लिवर की वजह से  इंसुलिन रेजिस्टेंस होता है जिससे ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ने का खतरा रहता है।
  • हार्ट अटैक और दिल से जुड़े रोगों का जोखिम भी फैटी लिवर की वजह से बढ़ सकता है।
  • फैटी लिवर की वजह से खून में ट्राइग्लिसराइड्स बढ़ने और गुड कोलेस्ट्रॉल (HDL) का स्तर कम होने की परेशानी हो सकता है जो दिल के लिए खतरा है।
  • कुछ मरीजों में लिवर में फैट जमा होने के साथ लिवर में सूजन और कोशिकाओं को नुकसान भी पहुंच सकता है।
  • लंबे समय तक सूजन रहने से लिवर में निशान यानी स्कार टिश्यू बनने लगते हैं। गंभीर स्थिति में सिरोसिस हो सकता है।
  • गंभीर फैटी लिवर की बीमारी होने पर लिवर सिरोसिस और लिवर कैंसर का खतरा भी बढ़ सकता है।

लिवर की बीमारी से कैसे करें बचाव

  • डॉक्टर सरीन ने बताया अगर आप अपने लीवर को हेल्दी रखना चाहते हैं तो आप लिवर की सेहत के प्रति सचेत रहें।
  • डॉक्टर ने आम बोलचाल की भाषा में बताया आप खर्चा ज्यादा करें और सेविंग कम करें। यानी आप अपनी बॉडी की कैलोरी को बर्न ज्यादा करें और उन्हें स्टोर कम करें।
  • डाइट में व्हिस्की, बीयर, शराब और कोल्ड ड्रिंक को पूरी तरह कंट्रोल करें ये सभी चीजें आपके लिवर को सड़ा सकती हैं।
  • लिवर को हेल्दी रखने के लिए आप ब्लैक कॉफी का सीमित सेवन करें। ब्लैक कॉफी लिवर से फैट को हटाने में मदद करती है, फाइब्रोसिस का इलाज करती है, लिवर कैंसर और सिरोसिस जैसी कंडीशन से बचाव करती है।घी का सेवन करें इससे बॉडी में गुड बैक्टीरिया तेजी से बनते हैं।लिवर को हेल्दी रखने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें। रंगीन सब्जियों का सेवन लिवर को हेल्दी रखने में मदद करता है।
  • लिवर को हेल्दी रखने के लिए आप हल्दी का सेवन करें। कच्ची हल्दी का सेवन आपके लिवर को हेल्दी रखने में मदद करता है।
  • अगर लिवर पर फैट है तो आप आलू का सेवन करने से परहेज करें। लिवर को हेल्दी रखने के लिए आलू का कम सेवन असरदार साबित होता है।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी ILBS, नई दिल्ली के निदेशक और वरिष्ठ विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार सरीन द्वारा दी गई सामान्य जानकारी है। ये किसी भी तरह का डॉक्टरी इलाज, बीमारी का निदान या इलाज का विकल्प नहीं है। लिवर से जुड़ी परेशानियों के लिए डॉक्टर से संपर्क करें।