आयुर्वेद में है फैटी लिवर डिजीज से छुटकारा पाने का उपाय, आंवला भी है फायदेमंद, जानिए अन्य उपचार
फैटी लिवर डिजीज की समस्या होने पर लिवर में सूजन आ जाती है या फिर सिकुड़ जाता है। आंवला के अलावा और भी कई चीजें हैं जिनका सेवन आपको फैटी लिवर डिजीज से छुटकारा दिलाने में मदद करेगा।

मेडिकल एक्सपर्ट और फिजिशियन का कहना है कि अनहेल्दी लाइफस्टाइल और खाने की कुछ आदतों के कारण फैटी लिवर डिजीज की समस्या बढ़ रही है। विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, भारत में सालाना 10 लाख से अधिक लोगों को लिवर की बीमारियों का पता चलता है। फैटी लिवर डिजीज की समस्या होने पर लिवर में सूजन आ जाती है या फिर सिकुड़ जाता है। इस वजह से लोगों को खाना पचाने में कठिनाईयों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में इस बीमारी से छुटकारा पाने के लिए या फिर कंट्रोल करने के लिए आपको कुछ उपचारों की मदद लेनी होगी। आंवला के अलावा और भी कई चीजें हैं जिनका सेवन आपको फैटी लिवर डिजीज से छुटकारा दिलाने में मदद करेगा। आइए जानते हैं उन उपायों के बारे में-
आंवला: आंवला स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है। यह लिवर में मौजूद फैट को कम करने में मदद करता है, साथ ही फैटी लिवर डिजीज के कारण होने वाली समस्याओं और बीमारियों को भी कंट्रोल करने में मदद करता है।
एलोवेरा जूस: एलोवेरा में एंटीऑक्सीडेंट उच्च मात्रा में मौजूद होता है जो शरीर को डिटॉक्स करने में मदद करता है, साथ ही फैटी लिवर डिजीज के मरीजों के पाचन को भी बेहतर करता है। रोजाना एलोवेरा जूस पीने से आपका लिवर सही तरीके से काम करने में भी सक्षम रहेगा।
छाछ पिएं: फैटी लिवर डिजीज का सामना कर रहे लोग दूध और दही के बजाय छाछ को अपनी डाइट में शामिल करें। छाछ पेट और आंत को ठंडक प्रदान करता है और उनमें मौजूद कूलिंग इफेक्ट फैटी लिवर डिजीज के कारण होने वाली अन्य समस्याओं से भी राहत दिलाने में मदद करता है।
फल: फलों में एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन्स, मिनरल्स और फाइबर उच्च मात्रा में मौजूद होता है जो ना सिर्फ कई स्वास्थ्य लाभ प्रदान करता है, बल्कि पाचन को भी बेहतर करता है। आमतौर पर फैटी लिवर डिजीज से जूझ रहे लोगों को खाना पचाने में परेशानी होती है, ऐसे में उन्हें अधिक से अधिक फलों का सेवन करने की जरूरत होती है।
चावल का ऊबला पानी: चावल के ऊबले पानी का सेवन करने से लिवर सही तरीके से काम करने में सक्षम रहता है। इसके अलावा इस पानी में मौजूद पोषक तत्व लिवर के पचाने की क्षमता को भी बढ़ाने में मदद करता है और फैट लिवर डिजीज के लक्षणों से भी राहत दिलाता है।