डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है जिसका इलाज ही उसे कंट्रोल में रखकर किया जाता है। ये क्रॉनिक बीमारी एक मेटाबॉलिक डिजीज है जो खराब डाइट,बिगड़ते लाइफस्टाइल और तनाव की वजह से पनपती है। लम्बे समय तक अगर ब्लड में शुगर के स्तर को कंट्रोल नहीं किया जाए तो ये बीमारी दिल के रोगों, किडनी और लंग्स के लिए खतरा बन सकती है। ब्लड में शुगर का हाई स्तर आंखों और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकता है। इसलिए डायबिटीज को मैनेज करना इलाज से ज्यादा जरूरी है। सही डाइट, नियमित एक्सरसाइज और तनाव पर कंट्रोल इसको मैनेज करने की बुनियादी शर्तें हैं।
डायबिटीज कोच और फिटनेस न्यूट्रिशन स्पेशलिस्ट डॉ. अनुपम घोष के अनुसार डायबिटीज को कंट्रोल करने के लिए रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट कम करना, पर्याप्त प्रोटीन लेना और हेल्दी फैट को डाइट में शामिल करना फायदेमंद होता है। इसके साथ ही डाइट में कुछ खास सब्जियों का सेवन करना भी जरूरी है। एक्सपर्ट ने बताया कुछ सब्जियों का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है जिसका सेवन करके आसानी से ब्लड में शुगर के स्तर को कंट्रोल किया जा सकता है। हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाकर, तनाव कम करके और इन सब्जियों को डाइट में शामिल करके डायबिटीज को रेमिशन किया जा सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कौन-कौन सी सब्जियां डायबिटीज कंट्रोल करने में मदद करती हैं।
पालक (Spinach)
पालक डायबिटीज मरीजों के लिए बेहद लाभकारी हरी पत्तेदार सब्जी है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है, जिससे ब्लड शुगर अचानक नहीं बढ़ता। पालक में फाइबर, प्रोटीन, विटामिन A, C, K, फोलेट, आयरन, कैल्शियम, मैग्नीशियम और पोटैशियम जैसे जरूरी पोषक तत्व मौजूद होते हैं। इसमें पानी की मात्रा भी अधिक होती है, जो शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद करती है। नियमित रूप से पालक का सेवन करने से ग्लूकोज का अवशोषण धीरे-धीरे होता है और ब्लड शुगर लेवल संतुलित रहता है।
Journal of Dietary Supplements के अनुसार, पालक में अल्फा-लिपोइक एसिड (ALA) नामक एक शक्तिशाली एंटीऑक्सीडेंट होता है। ALA न केवल ब्लड शुगर लेवल को कम करने में मदद करता है, बल्कि ये इंसुलिन सेंसिटिविटी को भी बढ़ाता है। यह डायबिटीज के कारण होने वाले नसों के नुकसान को रोकने में भी मदद करता है।
सहजन की पत्तियां खाएं
सहजन जिसे मोरिंगा भी कहा जाता है, पोषण का पावरहाउस माना जाता है। डायबिटीज मरीज इसे सब्जी, सूप या दाल में मिलाकर खा सकते हैं। इसमें मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स और बायोएक्टिव कंपाउंड इंसुलिन की कार्यक्षमता को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं। सहजन ब्लड शुगर को नॉर्मल रखने के साथ-साथ ब्लड प्रेशर कंट्रोल करने में भी मददगार माना जाता है। मोरिंगा में विटामिन C की मात्रा अधिक होती है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मदद करती है। Journal of Food Science and Technology की एक स्टडी में पाया गया कि सहजन की पत्तियों का पाउडर लेने से खाने के बाद शुगर लेवल में 21% तक की कमी देखी गई। इसमें मौजूद आइसोथियोसाइनेट्स (Isothiocyanates) इंसुलिन की तरह काम करते हैं, जो कोशिकाओं को ब्लड से ग्लूकोज सोखने में मदद करते हैं।
फूलगोभी (Cauliflower)
फूलगोभी कम कार्बोहाइड्रेट और ज्यादा फाइबर वाली सब्जी है। इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह डायबिटीज मरीजों के लिए सुरक्षित विकल्प मानी जाती है। इसमें विटामिन C और पॉलीफेनॉल जैसे एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो शरीर में सूजन कम करने और कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद करते हैं। फूलगोभी को उबालकर, भूनकर या सलाद के रूप में भी डाइट में शामिल किया जा सकता है।
पत्ता गोभी (Cabbage)
पत्ता गोभी भी लो-ग्लाइसेमिक सब्जियों में शामिल है। इसमें फाइबर अधिक और कार्बोहाइड्रेट कम होते हैं, जिससे ब्लड शुगर लेवल धीरे-धीरे बढ़ता है। इसके नियमित सेवन से पाचन बेहतर रहता है और मेटाबॉलिज्म मजबूत होता है। संतुलित डाइट और एक्सरसाइज के साथ पत्ता गोभी ब्लड शुगर मैनेजमेंट में सहायक हो सकती है।
कद्दू (Pumpkin)
कद्दू को अक्सर मीठी सब्जी समझकर डायबिटीज मरीज खाने से कतराते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में इसका सेवन फायदेमंद हो सकता है। कद्दू में फाइबर और पानी की मात्रा अधिक होती है, जिससे पाचन सुधरता है और ब्लड शुगर का स्तर स्थिर रहता है। इसका ग्लाइसेमिक लोड कम होता है, इसलिए नियंत्रित मात्रा में यह डाइट का हिस्सा बन सकती है। कद्दू पर हुई रिसर्च बताती है कि इसमें ट्रिगोनलाइन (Trigonelline) और निकोटिनिक एसिड होते हैं। ये दोनों तत्व ग्लाइसेमिक कंट्रोल को बेहतर बनाते हैं। कद्दू के बीज और पल्प में मौजूद मॉलिक्यूल्स इंसुलिन की जरूरत को कम कर सकते हैं।
डिस्क्लेमर
यह सलाह सामान्य जानकारी के लिए है, इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।
