भारतीय मसालों का स्वाद और सुगंध इन्हें खास बनाते हैं। हमारे किचन में मौजूद ज्यादातर मसाले ना सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाते हैं बल्कि ये औषधीय गुणों से भी भरपूर होते हैं। गर्म मसालों की बात करें तो जायफल,जावित्री,काली मिर्च, दालचीनी,तेजपत्ता, सौंफ, बड़ी इलायची, छोटी इलायची और लौंग समेत सभी मसालें ऐसे हैं जो औषधीय गुणों से भरपूर हैं। इन मसालों का सेवन ना सिर्फ खाने पकाने में किया जाता है बल्कि कई तरह की बीमारियों का इलाज करने में भी आयुर्वेद और एलोपैथी दोनों में किया जाता है। बात करें लौंग की तो इस मसाले का सेवन अक्सर हम चावल,सब्जी और मिठाइयों में करते हैं। इस मसाले का स्वाद और खुशबू खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ-साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होता है।
KIMS हॉस्पिटल्स, ठाणे की चीफ डाइटीशियन डाइटिशियन अमरीन शेख बताती हैं लौंग एक ऐसा मसाला है जिसमें यूजेनॉल नामक कंपाउंड पाया जाता है, जिसमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण मौजूद होते हैं। इन्हीं गुणों की वजह से लौंग का सेवन पाचन से जुड़ी परेशानियों का इलाज करने में और ओरल हेल्थ से जुड़ी तकलीफों को दूर करने में मददगार साबित होता है। अब सवाल ये उठता है कि रोजाना कितनी लौंग का सेवन सेहत के लिए असरदार साबित होता है। कुछ लोग 10-12 लौंग का सेवन रोजाना करते हैं क्या इतनी लौंग का सेवन सेहत को फायदा देता है या नुकसान पहुंचाता है।
रोजाना 10-12 लौंग का सेवन सेहत के लिए कैसा साबित होता है?
डाइटिशियन अमरीन शेख बताती हैं कि रोजाना 10 से 12 लौंग खाना कई लोगों के लिए जरूरत से ज्यादा हो सकता है। कभी-कभार इतनी मात्रा खाने से कोई परेशानी नहीं होती, लेकिन लंबे समय तक नियमित रूप से अधिक मात्रा में लौंग का सेवन करने से सेहत पर कुछ साइड इफेक्ट हो सकते हैं।
ज्यादा लौंग का सेवन बढ़ा सकता है पेट में जलन और एसिडिटी
एक्सपर्ट के मुताबिक रोजाना 10-12 लौंग का सेवन करने से पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। लौंग का ज्यादा सेवन पेट में जलन, एसिडिटी, पेट में दर्द, मतली और पाचन से जुड़ी परेशानियां पैदा कर सकता है। लौंग एक गर्म मसाला है जिसका ज्यादा सेवन मुंह और पेट में जलन बढ़ा सकता है।
बढ़ सकता है ब्लीडिंग का खतरा
लौंग में मौजूद यूजेनॉल कंपाउंड में हल्का ब्लड थिनिंग प्रभाव होता है यानी खून को पतला करने वाला असर होता है जो उन लोगों के लिए खतरा बन सकता है जो लोग पहले से ही खून पतला करने वाली दवाओं का सेवन कर रहे हैं। जिन लोगों की सर्जरी हो चुकी है उनके लिए भी लौंग का सेवन घातक साबित हो सकता है। संवेदनशील लोगों में लौंग का सेवन ब्लीडिंग का खतरा बढ़ा सकता है।
लिवर पर कर सकता है असर
एक्सपर्ट के मुताबिक लौंग का लम्बे समय तक ज्यादा सेवन लिवर की सेहत को भी नुकसान पहुंचा सकता है। रोजाना खाने में दो से चार लौंग का सेवन सेहत को फायदा पहुंचा सकता है लेकिन जरूरत से ज्यादा सेवन नुकसान पहुंचा सकता है।
रोजाना कितनी लौंग खाना सही है?
एक्सपर्ट के मुताबिक लौंग का सेवन संतुलित मात्रा में ही करना चाहिए। इसे सब्जी, दाल, चाय या कभी-कभार घरेलू नुस्खों में इस्तेमाल करना असरदार है। रोजाना ज्यादा मात्रा में लौंग का सेवन सेहत को नुकसान पहुंचा सकता है। एक्सपर्ट के मुताबिक रोजाना संतुलित और बदल बदलकर डाइट का सेवन सेहत को फायदा पहुंचाता है।
क्या रोजाना लौंग खाने की आदत सही है?
आजकल सोशल मीडिया पर लौंग को लेकर भी कई तरीके अपनाएं जा रहे हैं। कुछ लोग रोजाना लौंग का पानी पीने की सलाह देते हैं तो कुछ लोग रोजाना लौंग चबाने की सलाह देते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट के मुताबिक किसी भी गुणकारी चीज का ज्यादा सेवन फायदेमंद नहीं बल्कि नुकसानदायक हो सकता है। लौंग को अपनी डाइट में शामिल करें लेकिन इसका मतलब ये नहीं है कि आप रोजाना 10-12 लौंग खाने की आदत डालें।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से बातचीत पर आधारित है। किसी भी नए डाइट रूटीन या घरेलू नुस्खे को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
