हमारी सेहत का सीधा संबंध हमारे खान-पान के तरीकों से होता है, लेकिन अक्सर हम छोटी-छोटी आदतों को नजरअंदाज कर देते हैं जो लंबे समय में गंभीर बीमारियों का कारण बन सकती हैं। लिवर और पाचन के जाने-माने विशेषज्ञ डॉक्टर सरीन (Dr. Sarin, Director, ILBS) के अनुसार, खाने के तुरंत बाद पानी पीने की आदत पाचन तंत्र पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है। डॉ. सरीन का मानना है कि अगर पेट में पाचन की प्रक्रिया सही ढंग से नहीं होती, तो उसका अतिरिक्त बोझ आंतों पर पड़ता है, जो लिवर की सेहत को भी प्रभावित कर सकता है। डॉक्टर सरीन ने लिवर को हेल्दी रखने, पाचन को दुरुस्त करने और बॉडी को हेल्दी रखने के लिए कुछ नियम बताएं है जिन्हें अपनाकर आप अपनी बॉडी को हेल्दी बना सकते हैं। आइए जानते हैं कि डॉक्टर सरीन ने हेल्दी बॉडी के लिए कौन-कौन से खास मंत्र अपनाने पर जोर दिया है।
खाना खाने के नियम का करें पालन
एक्सपर्ट ने बताया अगर आप पाचन को दुरुस्त करना चाहते हैं तो आप खाना खाने के नियम का पालन करें। पेट में मौजूद एसिड खाना पचाने के लिए बेहद जरूरी होता है। यह भोजन को छोटे-छोटे हिस्सों में तोड़ता है। लेकिन अगर यही एसिड ऊपर फूड पाइप में आ जाए तो जलन और एसिडिटी की समस्या पैदा करता है। इसलिए खाने के बाद सही पॉश्चर बनाए रखना जरूरी है। खाने के बाद लेटने से बचें। कम से कम 2–3 घंटे तक सीधा रहना जरूरी है, क्योंकि लेटने से पेट का एसिड ऊपर आकर एसिडिटी और जलन पैदा कर सकता है।
सही मात्रा में भोजन करना क्यों जरूरी है?
आयुर्वेद के अनुसार, पेट को पूरी तरह भरना नहीं चाहिए। आधा पेट भोजन, थोड़ा पानी और पेट का कुछ हिस्सा खाली रखना चाहिए। ज्यादा खाने से खाना ऊपर आ सकता है और पाचन संबंधी समस्याएं बढ़ सकती हैं।
खाने के साथ पानी पीने से बचें
खाना खाते समय या तुरंत बाद ज्यादा पानी पीना सही नहीं माना जाता। इससे पाचन प्रक्रिया धीमी हो जाती है और खाना ठीक से नहीं पचता। बेहतर है कि खाने और पानी के बीच कम से कम 1–2 घंटे का अंतर रखा जाए। अगर आप खाने के तुरंत बाद पानी पिएंगे तो खाना पचाने में आंतों को ज्यादा काम करना पड़ेगा।
बॉडी को एक्टिव रखें
बॉडी को एक्टिव रखने का मतलब ये नहीं है कि आप जिम जाकर हैवी वर्कआउट करें आप तेज रफ्तार से चलकर, दौड़कर बॉडी को एक्टिव रख सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया एक्सरसाइज का मतलब सिर्फ हलचल करना नहीं, बल्कि शरीर से पसीना निकलना है। जब तक पसीना नहीं आता, तब तक की गई गतिविधि केवल वार्म-अप मानी जाती है। सही एक्सरसाइज के लिए रोजाना 30–45 मिनट का समय देना जरूरी है, ताकि शरीर एक्टिव हो और फिटनेस बनी रहे।
शुगर का सेवन कंट्रोल करें
डॉक्टर सरीन ने बताया अगर आप बॉडी को हेल्दी रखना चाहते हैं तो चीनी का सेवन कंट्रोल करें। चीनी का सेवन दिनभर में ली जाने वाली कुल कैलोरी का 10% से ज्यादा नहीं होना चाहिए। ज्यादा शुगर लेने से वजन बढ़ता है और डाइजेशन पर भी असर पड़ता है। इसलिए मीठे का सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है।
बॉडी क्लॉक के मुताबिक खाएं
शरीर का अपना एक बायोलॉजिकल क्लॉक होता है, जिसके अनुसार खाना और सोना जरूरी है। अनियमित समय पर खाने से शरीर का सिस्टम प्रभावित होता है। इसलिए रोज एक निश्चित समय पर ही भोजन करें और बार-बार कुछ भी खाने से बचें।
अल्कोहल से करें परहेज
आजकल युवाओं में अल्कोहल का सेवन तेजी से बढ़ रहा है, जो लिवर के लिए बेहद खतरनाक है। डॉक्टर के अनुसार, बड़ी संख्या में युवा लिवर से जुड़ी गंभीर बीमारियों के साथ अस्पताल पहुंच रहे हैं। इसलिए अल्कोहल से दूरी बनाना और हेल्दी ड्रिंक्स अपनाना बेहतर विकल्प है।
डिस्क्लेमर
यह लेख प्रसिद्ध लिवर विशेषज्ञ डॉक्टर सरीन द्वारा साझा की गई जानकारी और सामान्य चिकित्सा सिद्धांतों पर आधारित है। पाचन और लिवर से जुड़ी समस्याएं हर व्यक्ति के शरीर और मेडिकल हिस्ट्री के अनुसार अलग हो सकती हैं। किसी भी स्वास्थ्य नियम या डाइट रूटीन को अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श अवश्य लें। जंसत्ता इस जानकारी के आधार पर किसी भी उपचार की सफलता का व्यक्तिगत दावा नहीं करता है।
