प्रोटीन शरीर के लिए जरूरी एक महत्वपूर्ण पोषक तत्व है जो अमीनो एसिड से मिलकर बना है। इसे शरीर का बिल्डिंग ब्लॉक भी कहा जाता है क्योंकि यह मांसपेशियों, हड्डियों, स्किन और बालों के निर्माण और मरम्मत में मदद करता है। डाइट में प्रोटीन का सेवन मांसपेशियों को मजबूत बनाता है और वर्कआउट के बाद मांसपेशियों की मरम्मत भी करता है। इम्यून सिस्टम को मजबूत करने में मददगार प्रोटीन, हीमोग्लोबिन के जरिए पूरे शरीर में ऑक्सीजन पहुंचाता है। बॉडी के लिए बेहद जरूरी ये पोषक तत्व अगर बॉडी की डेली जरूरत के हिसाब से लिया जाए तो ये बॉडी के लिए अमृत है लेकिन अगर इसका जरूरत से ज्यादा सेवन किया जाए तो ये बॉडी के लिए आफत भी बन सकता है।
हाल ही में यूके के सर्जन डॉ. करण राजन ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर कर बताया है कि बॉडी की जरूरत से ज्यादा प्रोटीन का सेवन और कम फाइबर वाली डाइट का सेवन करने से आंतों में मौजूद बैक्टीरिया का संतुलन प्रभावित हो सकता है। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि कैसे प्रोटीन डाइट का ज्यादा और फाइबर का कम सेवन आंतों में बैक्टीरिया का संतुलन बिगाड़ देते हैं।
ज्यादा प्रोटीन डाइट कैसे आंतों की सेहत पर पड़ती है भारी?
डॉक्टर राजन के मुताबिक जब हम प्रोटीन खाते हैं तो उसका ज्यादातर हिस्सा हमारी छोटी आंत में टूटकर अवशोषित हो जाता है,लेकिन जरूरत से ज्यादा प्रोटीन का सेवन और फाइबर का कम सेवन करने से कुछ प्रोटीन बड़ी आंत में पहुंच सकता है जिससे वहां मौजूद गट बैक्टीरिया इसका फर्मेंटेशन करने लगते हैं। आमतौर पर आंतों के बैक्टीरिया फाइबर को फर्मेंट करके शॉर्ट-चेन फैटी एसिड बनाते हैं, जो गट हेल्थ के लिए बेहतर होते हैं। लेकिन जब प्रोटीन का सेवन ज्यादा किया जाता है और फाइबर पर कम जोर दिया जाता है तो प्रोटीन फर्मेंटेशन बढ़ सकता है। इससे आंतों में बनने वाले कुछ मेटाबोलाइट्स और बैक्टीरिया के संतुलन में बदलाव आ सकता है।
आंत में प्रोटीन के फर्मेंटेशन से अमोनिया, पी-क्रेसोल, इंडोल, फिनॉल और हाइड्रोजन सल्फाइड जैसे पदार्थ बन सकते हैं, जो आंतों में सूजन बढ़ने और आंतों की सुरक्षात्मक परत पर दबाव डाल सकते हैं। एक्सपर्ट ने बताया हाई प्रोटीन डाइट की वजह से बैक्टीरिया की कुछ प्रजातियों में होने वाले बदलाव का मतलब ये नहीं है कि प्रोटीन डाइट सेहत के लिए ठीक नहीं है। एक्सपर्ट ने बताया शरीर की जरूरत के मुताबिक प्रोटीन डाइट का सेवन मांसपेशियों की मजबूती और उनकी मरम्मत के लिए जरूरी है।
कितना प्रोटीन सेहत के लिए रोजाना जरूरी है?
मांसपेशियों को मजबूत बनाने के लिए रोजाना एक्सरसाइज करने वाले खिलाड़ियों को शरीर के प्रति किलोग्राम वजन के हिसाब से 1.6 से 2 ग्राम प्रोटीन का सेवन पर्याप्त है। उदाहरण के तौर पर जिन लोगों का वजन 80 किलो है और वो लोग एक्सरसाइज भी करते हैं तो उनके लिए रोजाना लगभग 128 से 160 ग्राम प्रोटीन का सेवन पर्याप्त है। प्रोटीन की सही जरूरत उम्र, शारीरिक गतिविधि, हेल्थ और व्यायाम के स्तर पर निर्भर करती है।
गट हेल्थ के लिए प्रोटीन के साथ लें फाइबर भी
डॉक्टर राजन ने बताया अगर गट हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं और मांसपेशियों को भी मजबूत करना चाहते हैं तो आप प्रोटीन डाइट के साथ ही फाइबर पर भी जोर दें। डाइट में व्हे प्रोटीन, चिकन या मटन जैसे प्रोटीन स्रोतों पर निर्भर रहने के बजाय आप दही, अंडे, बीन्स, टोफू, दाल जैसे अलग-अलग खाद्य पदार्थों को डाइट का हिस्सा बनाएं। इन फूड्स में प्रोटीन के साथ ही बॉडी के लिए दूसरे जरूरी पोषक तत्व भी मौजूद रहते हैं।
ज्यादा प्रोटीन लेने पर बॉडी कैसे देती है संकेत?
बेंगलुरु के साइटकेयर हॉस्पिटल में गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल और हेपेटो पैंक्रिएटिक सर्जरी के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. आदित्य वी. नरगुंड के मुताबिक जब किसी इंसान की डाइट में प्रोटीन की मात्रा अधिक और फाइबर की मात्रा कम होती है तो पाचन से जुड़ी दूसरी समस्याएं होने लगती है। ज्यादा प्रोटीन डाइट का सेवन करने से ब्लोटिंग बढ़ सकती है, पेट में गैस की समस्या हो सकती है। कब्ज, मल त्याग, पेट में असहजता,भूख कम लगना और सांसों से दुर्गंध आने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
डाइट में प्रोटीन और फाइबर का बैलेंस कैसे रखें?
डाइट में प्रोटीन और फाइबर का बैलेंस बनाने के लिए आप डाइट में दालें, अंडे, दूध-दही, पनीर या दूसरे उपयुक्त प्रोटीन स्रोत शामिल कर सकते हैं। साथ ही डाइट में हरी सब्जियां, साबुत अनाज, फल और दूसरे फाइबर युक्त खाद्य पदार्थ भी डाइट में शामिल करना जरूरी है। दही और छाछ जैसे फर्मेंटेड खाद्य पदार्थ भी संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकते हैं। डाइट में साबुत अनाज और सब्जियों को पर्याप्त जगह दें तो आपकी गट हेल्थ में सुधार होता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों के बयानों पर आधारित है। प्रोटीन की मात्रा में बदलाव करने या कोई नया डाइट प्लान अपनाने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह लें।
