डायबिटीज आज भारत की सबसे तेजी से बढ़ती बीमारियों में से एक बन चुकी है। डायबिटीज एक ऐसी बीमारी है, जो एक बार हो जाए तो जीवनभर कंट्रोल में रखनी पड़ती है। अगर समय पर ध्यान न दिया जाए, तो यह दिल, किडनी, आंखों और नसों को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है। दवा के साथ-साथ सही खान-पान और लाइफस्टाइल डायबिटीज कंट्रोल में सबसे अहम भूमिका निभाते हैं। अक्सर देखा जाता है कि मरीज दवाएं तो नियमित लेते हैं, लेकिन खाने-पीने में थोड़ी सी लापरवाही कर बैठते हैं। यही छोटी-छोटी गलतियां ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ा देती हैं। नोएडा के डाइट मंत्रा क्लीनिक की सीनियर डाइटिशियन कामिनी सिन्हा के अनुसार, कुछ चीजें ऐसी हैं, जिनसे डायबिटीज के मरीजों को खासतौर पर दूरी बनाकर रखनी चाहिए। आइए जानते हैं उन चीजों के बारे में, जो शुगर लेवल बिगाड़ सकती है।

मीठा और चीनी से बनी चीजें

डायबिटीज के मरीजों के लिए चीनी किसी जहर से कम नहीं होती। केक, पेस्ट्री, मिठाई, चॉकलेट, आइसक्रीम और मिठे बिस्किट जैसी चीजों में रिफाइंड शुगर बहुत ज्यादा होती है। ये चीजें खाने से ब्लड शुगर अचानक तेजी से बढ़ जाता है। इससे शरीर में इंसुलिन पर ज्यादा दबाव पड़ता है और शुगर कंट्रोल से बाहर हो सकती है। त्योहारों, शादियों या खास मौकों पर लोग थोड़ी छूट ले लेते हैं, लेकिन डायबिटीज के मरीजों के लिए यह छूट भारी पड़ सकती है। इसलिए बेहतर होगा कि ऐसे मौकों पर भी मीठे से दूरी बनाए रखें या डॉक्टर की सलाह से ही सीमित मात्रा में सेवन करें।

मैदा से बनी चीजें

मैदा से बनी चीजें डायबिटीज मरीजों की सेहत के लिए बिल्कुल सही नहीं मानी जाती। सफेद ब्रेड, नूडल्स, पिज्जा, पास्ता, बिस्किट और बर्गर जैसे फूड्स में फाइबर की मात्रा बहुत कम होती है। ये जल्दी पचकर सीधे ग्लूकोज में बदल जाते हैं, जिससे ब्लड शुगर तेजी से बढ़ता है। डाइटिशियन का कहना है कि इसकी जगह गेहूं का आटा, ओट्स, ब्राउन ब्रेड और मल्टीग्रेन विकल्प ज्यादा बेहतर होते हैं। इनमें फाइबर ज्यादा होता है, जो शुगर को धीरे-धीरे बढ़ने में मदद करता है और पेट भी लंबे समय तक भरा रखता है।

मीठे ड्रिंक्स से रहें सावधान

कोल्ड ड्रिंक, पैकेज्ड फ्रूट जूस, एनर्जी ड्रिंक और फ्लेवर्ड मिल्क में छुपी हुई शुगर बहुत ज्यादा होती है। इन्हें पीने से भूख तो नहीं लगती, लेकिन शरीर को बहुत ज्यादा कैलोरी और शुगर मिल जाती है। इसका असर सीधा ब्लड शुगर पर पड़ता है और शुगर लेवल अचानक बढ़ सकता है। डायबिटीज के मरीजों के लिए सबसे सुरक्षित विकल्प सादा पानी है। इसके अलावा बिना चीनी का नींबू पानी, छाछ या नारियल पानी सीमित मात्रा में लिया जा सकता है। ये शरीर को हाइड्रेट भी रखते हैं और शुगर पर ज्यादा असर नहीं डालते।

तला-भुना और जंक फूड बढ़ाता है परेशानी

समोसा, कचौरी, फ्रेंच फ्राइज, चिप्स, बर्गर और अन्य जंक फूड डायबिटीज के मरीजों के लिए बेहद नुकसानदायक है। इनमें खराब फैट और कैलोरी की मात्रा बहुत ज्यादा होती है। ये चीजें वजन बढ़ाने के साथ-साथ इंसुलिन के असर को भी कमजोर कर देती हैं। लंबे समय तक तला-भुना खाने से शुगर कंट्रोल करना मुश्किल हो जाता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसलिए बेहतर है कि घर का बना हल्का और पौष्टिक खाना ही खाया जाए।

ज्यादा मीठे फल और ड्राय फ्रूट्स भी खतरनाक

फल सेहत के लिए अच्छे माने जाते हैं, लेकिन डायबिटीज के मरीजों को हर फल सोच-समझकर खाना चाहिए। केला, आम, चीकू और अंगूर जैसे फल ज्यादा मीठे होते हैं, इसलिए इन्हें सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए। इसी तरह किशमिश, खजूर और अंजीर जैसे ड्राय फ्रूट्स में नेचुरल शुगर काफी ज्यादा होती है। जरूरत से ज्यादा सेवन करने पर ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है। डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह से ही फलों और ड्राय फ्रूट्स को डाइट में शामिल करें।

सही खान-पान से ही रहेगा शुगर कंट्रोल

डायबिटीज को कंट्रोल में रखने के लिए सिर्फ दवा ही काफी नहीं होती। सही खान-पान, नियमित व्यायाम और हेल्दी लाइफस्टाइल बेहद जरूरी है। मरीजों को चाहिए कि वे प्रोसेस्ड, मीठे और तले-भुने खाने से दूरी बनाएं और फाइबर, सब्जियां, दालें और साबुत अनाज को अपनी डाइट में शामिल करें। अगर खाने-पीने में थोड़ी सी भी लापरवाही की गई, तो ब्लड शुगर तेजी से बढ़ सकता है।

डिस्क्लेमर

यह स्टोरी सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार की गई है। किसी भी तरह के स्वास्थ्य संबंधी बदलाव या डाइट में परिवर्तन करने से पहले अपने डॉक्टर या योग्य हेल्थ एक्सपर्ट की सलाह जरूर लें।

गुहेरी के लक्षण धीरे-धीरे सामने आते हैं। शुरुआत में आंख की पलक पर हल्की लालिमा और सूजन दिखाई देती है। इसके बाद दर्द, जलन, आंखों में भारीपन और कभी-कभी पानी आने की शिकायत हो सकती है। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।