सुबह की चाय की चुस्की के बिना ज्यादातर लोगों के दिन की शुरुआत अधूरी मानी जाती है। जल्दबाजी या सहूलियत के चक्कर में कई लोग दूध की जगह डेयरी व्हाइटनर (Dairy Whitener) का इस्तेमाल करने लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोजाना इसका सेवन आपकी सेहत पर क्या असर डाल रहा है? एक्सपर्ट के मुताबिक, डेयरी व्हाइटनर में मौजूद एडेड शुगर, प्रिजर्वेटिव्स और ट्रांस फैट का अत्यधिक सेवन दिल और किडनी की सेहत के लिए चिंता का विषय बन सकता है। डेयरी व्हाइटनर दूध नहीं है, यह एक प्रोसेस्ड फूड है, जिसे दूध जैसा दिखने और स्वाद देने के लिए तैयार किया जाता है। असली सवाल यह है कि दिन में कई बार इसका इस्तेमाल करने से सेहत पर कैसा होता है असर?
भारतीय खाद्य सुरक्षा और मानक प्राधिकरण (FSSAI) ने हाल ही में नेस्ले के लो-फैट डेयरी व्हाइटनर की बिक्री पर रोक लगाते हुए मानकों पर खरा न उतरने पर नोटिस जारी किया है। दिल्ली के एक होटल से लिए गए डेयरी व्हाइटनर के सैंपल को खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट में असुरक्षित और मानकों के अनुरूप नहीं बताया गया। FSSAI ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि नई दिल्ली स्थित द ललित होटल से लिए गए नेस्ले के लो-फैट डेयरी व्हाइटनर के सैंपल को खाद्य विश्लेषक की रिपोर्ट में असुरक्षित और मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया है।
डेयरी व्हाइटनर क्या है?
डेयरी व्हाइटनर दूध नहीं है, यह एक प्रोसेस्ड फूड है, जिसे दूध जैसा दिखने और महसूस कराने के लिए तैयार किया जाता है। क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट और डायबिटीज एजुकेटर कनिका मल्होत्रा के अनुसार इस मामले में अंतिम निर्णय चाहे जो हो, लोगों को सिर्फ लैब रिपोर्ट ही नहीं बल्कि अपनी रोजाना की चाय में इस्तेमाल होने वाले व्हाइटनर पर भी ध्यान देना चाहिए। एक्सपर्ट ने बताया डेयरी व्हाइटनर को दूध समझना सही नहीं है। जब इसका इस्तेमाल दिन में कई बार किया जाता है, तो यह समझना जरूरी है कि इसके जरिए हमारी डाइट में कौन-कौन से अतिरिक्त पोषक तत्व या एडिटिव्स पहुंचते हैं।
डेयरी व्हाइटनर से कैसे बढ़ सकता है फॉस्फेट का सेवन?
फास्फोरस शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्व है और यह प्राकृतिक रूप से दूध, दालों और नट्स जैसी चीजों में पाया जाता है। हालांकि, भोजन में नेचुरल तरीके से मौजूद फास्फोरस और खाद्य पदार्थों में मिलाए जाने वाले फॉस्फेट एडिटिव्स शरीर में अलग-अलग तरीके से अवशोषित होते हैं। प्राकृतिक फास्फोरस प्रोटीन और फाइटेट से बंधा हुआ होता है, इसलिए शरीर इसका केवल एक हिस्सा ही अवशोषित करता है। वहीं, फूड एडिटिव्स के रूप में इस्तेमाल होने वाले फॉस्फेट शरीर में काफी अधिक मात्रा में अवशोषित हो सकते हैं। इसलिए एक कप चाय में थोड़ी मात्रा में व्हाइटनर का इस्तेमाल अपने आप में बड़ी मात्रा नहीं हो सकता। लेकिन अगर कोई व्यक्ति हर दिन तीन-चार कप चाय में डेयरी व्हाइटनर का इस्तेमाल करता है, तो लंबे समय में एडिटिव्स का सेवन बढ़ सकता है।
किन लोगों को ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है?
डायटीशियन कनिका मल्होत्रा ने बताया यह चिंता खासतौर पर उन लोगों के लिए महत्वपूर्ण हो सकती है जिनकी किडनी पहले से कमजोर है। डायबिटीज भारत में क्रॉनिक किडनी डिजीज के प्रमुख कारणों में से एक है। जब किडनी की कार्यक्षमता कम हो जाती है, तो शरीर के लिए अतिरिक्त फॉस्फेट को बाहर निकालना मुश्किल हो सकता है। किडनी की बीमारी वाले लोगों में फॉस्फेट का बढ़ा हुआ स्तर रक्त वाहिकाओं में कैल्सीफिकेशन और दिल से संबंधी जोखिम से जुड़ा पाया गया है। सामान्य आबादी में फॉस्फेट एडिटिव्स से होने वाले नुकसान को लेकर उपलब्ध प्रमाण काफी हद तक ऑब्जर्वेशनल स्टडीज पर आधारित हैं। इसलिए एक्सपर्ट इसके खतरे के बारे में कुछ भी बढ़-चढ़कर बोलने से कतरा रहे हैं। लेकिन डायबिटीज और किडनी से जुड़ी समस्याओं के जोखिम वाले लोगों के लिए फॉस्फेट एडिटिव्स के सेवन को लेकर सावधानी बरतना जरूरी है।
नेस्ले के प्रोडक्ट को लेकर क्या कहा गया?
जिस ब्रांड के प्रोडक्ट का सैंपल जांच में आया है, उसके संबंध में विशेषज्ञ ने बताया कि नेस्ले का कहना है कि उसका प्रोडक्ट निर्धारित मानकों के अनुरूप है। कंपनी के अनुसार, लैब की रिपोर्ट में कुल फॉस्फोरस को मापा गया है, जिसमें दूध से मिलने वाला नेचुरल फॉस्फोरस भी शामिल हो सकता है। यह एक तकनीकी मुद्दा है जिसका अंतिम फैसला नियामक संस्था और कंपनी के बीच होना है। इसलिए उपभोक्ताओं को इस मामले के अंतिम नतीजे का इंतजार करना चाहिए।
डेयरी व्हाइटनर खरीदते समय किन बातों का रखें ध्यान
- एक्सपर्ट ने बताया अगर आप डेयरी व्हाइटनर को खरीदना चाहते हैं तो कोशिश करें कि ताजा दूध या सादे दही से बने विकल्पों का इस्तेमाल करें।
- प्रोडक्ट खरीदते समय प्रोडक्ट की इंग्रीडिएंट लिस्ट जरूर पढ़ें।
- इसमें ‘फॉस्फेट’ या INS नंबर 338 से 343 और 450 से 452 जैसे एडिटिव्स मौजूद हैं या नहीं खरीदते समय यह जरूर देखें।
- अगर आपको डायबिटीज, किडनी की बीमारी या हाई ब्लड प्रेशर है, तो डॉक्टर से पूछें कि आपके लिए एडिटिव फॉस्फेट की कितनी मात्रा उचित है।
- एक्सपर्ट के मुताबिक अच्छी सेहत आमतौर पर किसी एक बड़ी चीज से खराब नहीं होती, बल्कि रोजाना दोहराई जाने वाली छोटी-छोटी आदतों का भी इसमें योगदान होता है। इसलिए रोजाना पी जाने वाली चाय में इस्तेमाल होने वाली चीजों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
डिस्क्लेमर : यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के लिए है। यह किसी भी तरह से योग्य चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। अधिक जानकारी के लिए हमेशा किसी विशेषज्ञ या अपने डॉक्टर से परामर्श लें।
