क्या आप जानते हैं कि कार्डियक अरेस्ट (Cardiac Arrest) में हर सेकंड बेहद कीमती होता है। जब दिल अचानक धड़कना बंद कर देता है, तो शरीर के महत्वपूर्ण अंगों, खासकर मस्तिष्क तक ब्लड और ऑक्सीजन की आपूर्ति रुक जाती है। ऐसे में तुरंत शुरू की गई CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) मरीज के बचने की संभावना को दोगुना या तीन गुना तक बढ़ा सकती है। इसलिए मदद के लिए एंबुलेंस का इंतजार करने के बजाय, स्थिति को पहचान कर पीड़ित इंसान को जल्द से जल्द CPR देना जरूरी है। अगर कोई व्यक्ति अचानक गिर जाए, आपकी आवाज या छूने पर कोई प्रतिक्रिया न दे और नॉर्मल तरीके से सांस न ले रहा हो या सिर्फ हांफ रहा हो, तो इसे कार्डियक अरेस्ट की संभावित स्थिति मानकर तुरंत पीड़ित शख्स  की मदद करना चाहिए। कार्डियक अरेस्ट में मरीज हांफने लगता है या असामान्य तरीके से सांस लेता है जिसे तुरंत पहचानना जरूरी है।

ऐसी स्थिति में सबसे पहले व्यक्ति की प्रतिक्रिया जांचें और तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद के लिए कॉल करें। अगर आपके आस-पास कोई प्रशिक्षित व्यक्ति मौजूद नहीं है तो आप Hands-Only CPR शुरू कर सकते हैं, यानी छाती के बीचों-बीच तेज और लगातार दबाव देना। CPR की छाती पर दबाव देने की गति करीब 100–120 बार प्रति मिनट होनी चाहिए। मेडिकल मदद पहुंचने तक CPR जारी रखें। ध्यान रखें कि हर बेहोशी में CPR की जरूरत नहीं होती। CPR उस स्थिति में की जाती है जब व्यक्ति प्रतिक्रिया नहीं दे रहा हो और सामान्य सांस न ले रहा हो या केवल हांफ रहा हो। इसलिए कार्डियक अरेस्ट के संकेतों को पहचानना और सही समय पर कार्रवाई करना बेहद जरूरी है।

ट्रेकर और ट्रैवल गाइड मुदस्सिर ने कैसे CPR से बचाई दोस्त की जान

कार्डियक अरेस्ट में CPR का सही इस्तेमाल कितना कारगर हो सकता है, इसकी मिसाल ट्रैकर और ट्रैवल गाइड मुदस्सिर की यह सच्ची घटना है। मुदस्सिर पिछले साल एक मैराथन में करीब 19 किलोमीटर दौड़ चुके थे, तभी उन्होंने एक व्यक्ति को अचानक गिरते हुए देखा। बाकी रनर अपने लक्ष्य को समय पर पूरा करना चाहते थे, इसलिए वे आगे बढ़ते रहे और किसी ने रुक कर मदद नहीं की। जब मुदस्सिर उस व्यक्ति के पास पहुंचे, तो उन्होंने देखा कि उनके दोस्त एजाज जमीन पर बेहोश पड़े थे और किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दे रहे थे उन्हें अचानक कार्डिएक अरेस्ट हुआ था। मुदस्सिर ने बिना समय गंवाए पहले पढ़ी हुई जानकारी के आधार पर तुरंत CPR (कार्डियोपल्मोनरी रिससिटेशन) देना शुरू किया। एंबुलेंस को मौके पर पहुंचने में करीब एक घंटे का समय लगा, लेकिन इस पूरे समय मुदस्सिर लगातार CPR देते रहे। इससे एजाज के मस्तिष्क और शरीर के दूसरे अंगों तक ब्लड और ऑक्सीजन की सप्लाई बनी रही। जब एंबुलेंस से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, तो डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया और समय पर मिले इस फर्स्ट ऐड (First Aid) के कारण एजाज की जान बच गई।  

अचानक कार्डियक अरेस्ट में क्यों जरूरी है CPR?

कार्डियक इलेक्ट्रोफिजियोलॉजिस्ट डॉक्टर अनिरुद्ध व्यास ने बताया कि किसी भी इंसान को अगर कार्डियक अरेस्ट आए तो तुरंत आप उसके लक्षणों की पहचान करें और मरीज को तुरंत CPR दें। कार्डियक अरेस्ट में दिल की पंपिंग रुक जाने से शरीर के महत्वपूर्ण अंगों, खासकर मस्तिष्क तक ब्लड और ऑक्सीजन की आपूर्ति प्रभावित हो जाती है। ऐसे में तुरंत CPR शुरू करना बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। अगर कोई व्यक्ति अचानक गिर जाता है, प्रतिक्रिया नहीं देता और सामान्य रूप से सांस नहीं ले रहा है या केवल हांफ रहा है, तो इसे आपात स्थिति मानकर तुरंत इमरजेंसी चिकित्सा सहायता मिलनी चाहिए और प्रशिक्षित व्यक्ति को CPR शुरू करनी चाहिए। CPR की सही तकनीक व्यक्ति की उम्र और परिस्थिति के अनुसार अलग हो सकती है। संभव हो तो CPR की व्यावहारिक ट्रेनिंग लेना बेहतर है।

कार्डियक अरेस्ट होने पर स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे दें CPR

Step 1: व्यक्ति की प्रक्रिया जांचें

अगर कोई व्यक्ति अचानक गिर जाए, तो सबसे पहले उसकी प्रतिक्रिया जांचें। उसे जोर से आवाज देकर पूछें, क्या आप ठीक हैं? और उसके कंधों को हल्के से थपथपाएं। अगर व्यक्ति कोई प्रतिक्रिया नहीं देता है, तो तुरंत उसकी सांस की स्थिति जांचें। अगर व्यक्ति बेहोश है और नॉर्मल तरीके से सांस नहीं ले रहा या केवल हांफ रहा है, तो इसे संभावित कार्डियक अरेस्ट मानें और तुरंत मदद शुरू करें। केवल बेहोश होने का मतलब हमेशा कार्डियक अरेस्ट नहीं होता।

Step 2: तुरंत इमरजेंसी मदद बुलाएं और सांस चेक करें

अगर व्यक्ति प्रतिक्रिया नहीं दे रहा है, तो तुरंत इमरजेंसी मेडिकल सहायता के लिए कॉल करें। आसपास मौजूद किसी व्यक्ति को एंबुलेंस बुलाने और AED (Automated External Defibrillator) उपलब्ध हो तो उसे लाने के लिए कहें। सांस जांचने के लिए व्यक्ति की नाक के पास उंगली डालने या केवल सीने पर हाथ रखकर सुनने की जरूरत नहीं है। देखें कि क्या सीना सामान्य तरीके से ऊपर-नीचे हो रहा है। अगर सांस सामान्य नहीं है या व्यक्ति केवल हांफ रहा है, तो CPR शुरू करें। सांस को जांचने में ज्यादा समय न लगाएं।

Step 3: छाती पर दबाव यानी Chest Compressions शुरू करें

पीड़ित को पीठ के बल कठोर और समतल सतह पर लिटाएं। उसके सीने के बीचों-बीच, छाती की हड्डी के निचले आधे हिस्से पर एक हाथ की हथेली रखें और उसके ऊपर दूसरा हाथ रखें। उंगलियों को आपस में जोड़कर हाथों को सीधा रखें। अब शरीर का वजन इस्तेमाल करते हुए छाती को लगभग 5–6 सेंटीमीटर तक दबाएं और हर दबाव के बाद छाती को पूरी तरह ऊपर आने दें। छाती पर दबाव देने की गति 100–120 बार प्रति मिनट होनी चाहिए। दबाव लगातार और लयबद्ध तरीके से देते रहें।

Step 4: मदद आने तक CPR जारी रखें

अगर आप अकेले हैं और ट्रेन नहीं हैं, तो वयस्क या किशोर में Hands-Only CPR यानी केवल chest compressions करना भी शुरू किया जा सकता है। अगर दूसरा व्यक्ति मदद के लिए मौजूद है, तो थकान होने पर लगभग हर 2 मिनट में CPR देने वाले व्यक्ति को बदला जा सकता है, ताकि chest compressions की गुणवत्ता बनी रहे। अगर आप CPR की पूरी तकनीक में प्रशिक्षित हैं, तो 30 chest compressions के बाद 2 rescue breaths दिए जा सकते हैं। लेकिन  यदि rescue breaths देने में आप सहज या प्रशिक्षित नहीं हैं, तो मदद मिलने तक लगातार चेस्ट कम्प्रेशन करना जरूरी है।

डिस्क्लेमर: यह सामग्री केवल सामान्य जानकारी और आपातकालीन जागरूकता के उद्देश्य से तैयार की गई है। यह किसी पेशेवर चिकित्सा सलाह या प्रशिक्षण का विकल्प नहीं है। किसी भी आपात स्थिति में तुरंत एम्बुलेंस बुलाएं और प्रशिक्षित डॉक्टर या मेडिकल टीम से संपर्क करें।