चिलचिलाती धूप, उमस और बढ़ते पारे के बीच शरीर को अंदर से ठंडा रखना सबसे बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में अक्सर लोगों को लगता है कि बादाम या दूसरे मेवे सिर्फ सर्दियों में ही खाए जाते हैं क्योंकि इनकी तासीर गर्म होती है, लेकिन आयुर्वेद विज्ञान इससे अलग दृष्टिकोण रखता है। सही कॉम्बिनेशन और सही जड़ी-बूटियों के साथ तैयार किए गए मेवों के लड्डू गर्मियों में भी आपको न सिर्फ भयंकर गर्मी और लू से बचा सकते हैं, बल्कि शरीर की कमजोरी को भी दूर कर सकते हैं। नारियल, बादाम और खसखस का पारंपरिक मिश्रण गर्मियों में शरीर के लिए एक नेचुरल कूलेंट यानी शीतलता देने वाले एजेंट के रूप में काम करता है। आयुर्वेदिक एक्सपर्ट के मुताबिक गर्मी में शरीर को ठंडक देने वाले लड्डू, पित्त दोष को संतुलित रखने में मदद कर सकते हैं।
आयुर्वेदिक और यूनानी विशेषज्ञ डॉ. सलीम जैदी के मुताबिक इन लड्डुओं को बनाने के लिए नारियल, बादाम, खसखस, तरबूज के बीज, शहद, मुलायम खजूर, हरी इलायची और केसर का इस्तेमाल किया जाता है। ये सभी सामग्री शरीर को पोषण देने के साथ-साथ गर्मी के मौसम में ताजगी बनाए रखने में मददगार मानी जाती हैं। आयुर्वेद के अनुसार शरीर में वात, पित्त और कफ तीन प्रमुख दोष होते हैं। इनका संतुलन बिगड़ने पर कई स्वास्थ्य समस्याएं पैदा हो सकती हैं। गर्मियों में पित्त दोष बढ़ने की संभावना अधिक रहती है, जिससे शरीर में गर्मी बढ़ने लगती है। इसका असर पाचन, त्वचा और ऊर्जा स्तर पर भी दिखाई दे सकता है। ऐसे में कुछ खास पोषक तत्वों से बने लड्डू शरीर को ठंडक पहुंचाने और गर्मी के प्रभाव को कम करने में मदद कर सकते हैं।
लड्डू बनाने की आसान विधि
सबसे पहले दो चम्मच दूध में थोड़ा-सा केसर भिगोकर रख दें। इसके बाद कसा हुआ नारियल, पिसा बादाम, खसखस और तरबूज के बीज को हल्की आंच पर खुशबू आने तक भून लें। अब इसमें खजूर का गूदा और शहद मिलाकर मिश्रण तैयार करें। अंत में केसर वाला दूध और इलायची पाउडर डालकर अच्छी तरह मिलाएं और छोटे-छोटे लड्डू बना लें। गर्मी में इन लड्डू को दिन में दो बार खाएं तो आपको गर्मी में होने वाली थकान और कमजोरी से राहत मिलेगी और बॉडी भी हाइड्रेट रहेगी।
क्लिनिकल रिसर्च बताती हैं कि सूखे या ताजे नारियल में मौजूद इलेक्ट्रोलाइट्स खासतौर पर पोटैशियम और मैग्नीशियम गर्मियों में अत्यधिक पसीने के कारण शरीर में होने वाली डिहाइड्रेशन और मिनरल की कमी को नेचुरल तरीके से रिस्टोर करते हैं। Journal of Food Science and Technology और Lipids in Health and Disease रिसर्च के मुताबिक नारियल में मध्यम-श्रृंखला फैटी एसिड प्रचुर मात्रा में होता हैं। यह शरीर के मेटाबॉलिज्म को तुरंत बढ़ावा देते हैं और लीवर द्वारा सीधे एनर्जी में बदल दिए जाते हैं।
गर्मियों में कैसे फायदेमंद हो सकते हैं?
इन लड्डुओं में मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने, थकान कम करने और गर्मी के कारण होने वाली कमजोरी से राहत दिलाने में मदद कर सकते हैं। साथ ही ये शरीर में हाइड्रेशन और ताजगी बनाए रखने में भी मददगार माने जाते हैं।
सेवन का सही तरीका
गर्मी के मौसम में दिन में एक लड्डू खाना पर्याप्त माना जाता है। हालांकि इसकी मात्रा व्यक्ति की उम्र, स्वास्थ्य और शारीरिक जरूरतों के अनुसार अलग-अलग हो सकती है। अधिक मात्रा में सेवन करने से अतिरिक्त कैलोरी और शुगर का सेवन बढ़ सकता है।
डायबिटीज मरीज रखें सावधानी
इन लड्डुओं में खजूर और शहद का उपयोग होता है, इसलिए डायबिटीज मरीजों को इन्हें खाने से पहले डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह जरूर लेनी चाहिए। बिना सलाह के सेवन करने पर ब्लड शुगर बढ़ने का जोखिम हो सकता है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य जानकारी के लिए है। किसी भी घरेलू नुस्खे या आहार में बदलाव करने से पहले डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से सलाह अवश्य लें। आयुर्वेदिक उपायों का असर व्यक्ति की शारीरिक प्रकृति और स्वास्थ्य स्थिति के अनुसार अलग-अलग हो सकता है।
