आसानी से और बिना किसी परेशानी के नियमित रूप से मल त्याग होना अच्छी सेहत की पहचान है । लेकिन दुनिया की लगभग 15 प्रतिशत आबादी क्रॉनिक कब्ज (Chronic Constipation) की समस्या से जूझ रही है । कब्ज को अक्सर लोग एक सामान्य और पेट से जुड़ी अस्थाई समस्या मानकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हालिया वैज्ञानिक शोध और मेडिकल एक्सपर्ट्स की मानें तो यह पेट की गड़बड़ी से कहीं ज्यादा, शरीर में पनप रही दूसरी गंभीर बीमारियों का एक शुरुआती संकेत हो सकता है।
आंत और मस्तिष्क (Gut-Brain Axis) का क्या है संबंध?
कब्ज सिर्फ एक समस्या नहीं है, बल्कि इसके कई प्रकार होते हैं और हर प्रकार के पीछे अलग-अलग कारण और लक्षण हो सकते हैं । इनमें से एक प्रकार है स्लो-ट्रांजिट कॉन्स्टिपेशन (Slow-Transit Constipation-STC)। इस स्थिति में मल बड़ी आंत से बहुत धीरे-धीरे गुजरता है। ऐसा आंतों की नसों में गड़बड़ी के कारण हो सकता है, जो पेरिस्टाल्सिस (Peristalsis) यानी आंतों की लगातार सिकुड़न और फैलाव की प्रक्रिया को कंट्रोल करती हैं । यही प्रक्रिया भोजन और मल को पाचन तंत्र में आगे बढ़ाने का काम करती है ।
हाल ही में Frontiers in Immunology जर्नल में प्रकाशित एक अध्ययन के अनुसार, स्लो-ट्रांजिट कॉन्स्टिपेशन जैसी समस्याएं आंत और मस्तिष्क (Gut-Brain Axis) के बीच संतुलन बिगड़ने से भी जुड़ी हो सकती हैं । यही तंत्र हमारे मूड, मानसिक स्वास्थ्य और उम्र बढ़ने के साथ होने वाली संज्ञानात्मक क्षमता (Cognitive Function) को भी प्रभावित करता है।
रिसर्च से जानें आंत, दिमाग और माइक्रोबायोटा का कनेक्शन
शोधकर्ताओं के मुताबिक कब्ज का संबंध केवल आंतों की गति से नहीं बल्कि आंतों में मौजूद अच्छे-बुरे बैक्टीरिया (Gut Microbiota), आंत की सुरक्षात्मक परत और एंटरिक नर्वस सिस्टम (Enteric Nervous System-ENS) के बीच होने वाले जटिल संवाद से भी है । ENS को शरीर का ‘दूसरा दिमाग’ भी कहा जाता है क्योंकि यह पाचन तंत्र के अधिकांश कामों को कंट्रोल करता है।
क्या है Trigger Gateway Hub Effector मॉडल?
कब्ज की प्रक्रिया को समझाने के लिए वैज्ञानिकों ने Trigger Gateway Hub Effector नाम का एक नया मॉडल पेश किया है। यह मॉडल मानव, पशु और प्रयोगशाला में की गई रिसर्च से मिले प्रमाणों को एक साथ जोड़कर कब्ज के संभावित कारणों को समझाने की कोशिश करता है । इसके 4 मुख्य चरण इस प्रकार हैं
- Trigger (आंतों में बैक्टीरिया का असंतुलन): कब्ज की शुरुआत आंतों में बैक्टीरिया के असंतुलन यानी गट डिस्बायोसिस (Gut Dysbiosis) से होती है। खराब खानपान, दवाओं का अधिक इस्तेमाल या अनहेल्दी लाइफस्टाइल के कारण आंतों के बैक्टीरिया बदल जाते हैं और अलग-अलग प्रकार के मेटाबोलाइट्स (Metabolites) यानी रासायनिक पदार्थ बनाने लगते हैं । ये मेटाबोलाइट्स आंतों की सुरक्षात्मक परत को प्रभावित कर सकते हैं । हालांकि शोधकर्ताओं का मानना है कि इसके लिए अभी और भी रिसर्च की जरूरत है कि बैक्टीरिया में बदलाव सीधे तौर पर कब्ज का कारण बनते हैं ।
- Gateway (आंत की सुरक्षात्मक परत कमजोर पड़ना): शोधकर्ताओं के मॉडल में अगला चरण Gateway है, जो आंतों की सुरक्षात्मक परत को दर्शाता है । जब यह परत कमजोर हो जाती है, तो हानिकारक बैक्टीरिया और उनके मेटाबोलाइट्स आंतों में सूजन पैदा कर सकते हैं । इससे इम्युनिटी और आंतों की नसों के बीच संतुलन बिगड़ सकता है, जैसा कि इरिटेबल बॉवेल सिंड्रोम (IBS) जैसी बीमारियों में देखा जाता है।
- Hub (जहां सभी संकेत मिलते हैं): इसके बाद आता है Hub, जो एंटरिक नर्वस सिस्टम के आसपास का वह क्षेत्र है जहां नसों, इम्यून कोशिकाओं, ग्लियल कोशिकाओं, संयोजी ऊतकों और आंतों के बैक्टीरिया से आने वाले सभी संकेत एक साथ मिलते हैं । अगर इस स्तर पर गड़बड़ी होती है तो आंतों की मांसपेशियों (Muscularis Externa) की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और मल को आगे बढ़ाने वाली पेरिस्टाल्सिस प्रक्रिया धीमी पड़ सकती है ।
- Effector (एंटरिक नर्वस सिस्टम पर असर): इस मॉडल का अंतिम चरण Effector है, यानी एंटरिक नर्वस सिस्टम। यदि लगातार सूजन और अन्य जैविक बदलाव बने रहें तो इससे नसों की कोशिकाओं को नुकसान, रासायनिक असंतुलन और उन खास पेसमेकर कोशिकाओं में गड़बड़ी हो सकती है जो आंतों की सामान्य गति को कंट्रोल करती हैं । इसका परिणाम क्रॉनिक कब्ज के रूप में सामने आता है।
आंतों की सेहत के लिए फाइबर का सेवन है जरूरी
रिसर्च के मुताबिक आंतों के लिए फाइबर का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। पाचन के दौरान बनने वाले शॉर्ट-चेन फैटी एसिड आंतों के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं । इसके अलावा पित्त अम्ल (Bile Acids), बैक्टीरिया से निकलने वाले लिपोपॉलीसैकराइड्स (Lipopolysaccharides) और ट्रिप्टोफैन से बनने वाला सेरोटोनिन भी आंतों की सेहत सुधारने में अहम किरदार निभाता है। अगर इन रसायनों का संतुलन बिगड़ जाए तो आंतों की सुरक्षात्मक परत कमजोर हो सकती है और कब्ज की स्थिति बनने की संभावना बढ़ सकती है।
इलाज के लिए कई नए रास्तों पर रिसर्च है जारी
शोधकर्ताओं का मानना है कि कब्ज का इलाज केवल लैक्सेटिव (Laxatives) यानी कब्ज दूर करने वाली पारंपरिक दवाओं तक सीमित नहीं होना चाहिए। भविष्य में ऐसे उपचार विकसित किए जा सकते हैं जो आंतों के माइक्रोबायोटा को संतुलित करने के लिए प्रोबायोटिक्स और प्रीबायोटिक्स का उपयोग करें।
जरूरत पड़ने पर फीकल माइक्रोबायोटा ट्रांसप्लांट (FMT) जैसी आधुनिक तकनीकों का सहारा लें ।
आंतों की सूजन कम करने के लिए शरीर की इम्युनिटी को लक्षित करें ।
एंटरिक नर्वस सिस्टम और उसकी पेसमेकर कोशिकाओं की सुरक्षा करें।
वैज्ञानिक निष्कर्ष और ज़रूरी चेतावनी
शोधकर्ताओं के अनुसार कब्ज केवल पाचन तंत्र की सामान्य समस्या नहीं है । इसलिए भविष्य में कब्ज के सटीक इलाज के लिए बहुआयामी (Multi-target) उपचार रणनीति अधिक प्रभावी साबित हो सकती है।
डिस्क्लेमर: कब्ज के लिए इन सभी नए उपचारों की प्रभावशीलता पूरी तरह साबित करने के लिए अभी और व्यापक क्लिनिकल रिसर्च की आवश्यकता है, इसलिए बिना डॉक्टरी सलाह के कोई भी दवा या उपचार न बदलें ।
