देश का वह जांबाज पायलट, जिसने अपनी जान की परवाह किए बिना विमान में सवार सैकड़ों निर्दोष यात्रियों की जिंदगी बचाई। फ्लाई दुबई की फ्लाइट FZ1073 के भारतीय मूल के पायलट कैप्टन स्मित मच्छर को उनके अदम्य साहस और सूझबूझ के लिए अमेरिका, यूएई समेत कई देशों में सम्मानित किया जा रहा है। उन्हें यह सम्मान विमान में सवार यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित करने के लिए दिया जा रहा है। दरअसल, उड़ान के दौरान विमान में सवार एक अन्य क्रू मेंबर ने कैप्टन स्मित मच्छर पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया था। इस हमले में उनके सिर पर गंभीर चोट आई और खोपड़ी तक जख्मी हो गई। वह खून से लथपथ हो गए थे। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और अपनी जान की परवाह किए बिना विमान को सुरक्षित लैंड कराया। उनकी सूझबूझ से विमान में सवार सभी यात्री सुरक्षित जमीन पर पहुंच सके।
कैप्टन स्मित मच्छर के सिर पर लगी गंभीर चोट और उसके निशान देखकर हर किसी के मन में एक सवाल उठता है कि आखिर इतनी गंभीर चोट के बावजूद वह विमान को सुरक्षित लैंड कराने में कैसे सफल रहे? उनके सिर पर टांकों के निशान किसी पेड़ की शाखाओं की तरह दिखाई देते हैं। कैप्टन की चोट को देखकर डॉ. सनत दीक्षित ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इस चोट का जिक्र किया था जिसकी पड़ताल इंडियन एक्सप्रेस ने न्यूरोसर्जन से की। आखिर सिर पर इस तरह की चोट कितनी गंभीर हो सकती है? क्या ऐसी स्थिति में भी कोई व्यक्ति सामान्य रूप से काम कर सकता है? आइए, न्यूरोसर्जन से समझते हैं कि सिर पर लगी ऐसी चोट को मेडिकल साइंस किस तरह देखता है और इसके क्या खतरे हो सकते हैं।
सिर पर शाखा जैसे निशान कैसे गंभीर चोट है?
शारदा केयर-हेल्थ सिटी के डायरेक्टर और न्यूरोसर्जन डॉ. रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कैप्टन स्मित के सिर के निशान देखकर साफ जाहिर होता है कि उन्हें सिर में गंभीर चोट आई है, जिसे मेडिकल भाषा में ‘ऑक्सिपिटल कंपाउंड डिप्रेस्ड स्कल फ्रैक्चर’ कहा जाता है। इस चोट के इलाज के लिए वाइड क्रेनियोटोमी सर्जरी की गई थी। ये गंभीर चोट होती है क्योंकि ये मस्तिष्क की एक प्रमुख रक्त निकासी नली के बेहद करीब होती है। ऑक्सिपिटल कंपाउंड डिप्रेस्ड स्कल फ्रैक्चर एक ऐसी स्थिति है, जिसमें सिर के पिछले हिस्से की हड्डी टूट जाती है और उसके टुकड़े अंदर की ओर दब जाते हैं। इसके साथ स्किन पर खुला घाव भी हो सकता है। आसान भाषा में समझें तो इसमें खोपड़ी में टूटी हुई हड्डी के टुकड़े अंदर की ओर मस्तिष्क की तरफ चले जाते हैं। साथ ही खुले घाव के कारण अंदरूनी हिस्सों को नुकसान पहुंचने और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। एक्सपर्ट के मुताबिक हड्डी के ये टुकड़े मस्तिष्क के ऊतकों, उसकी सुरक्षा करने वाली झिल्लियों और आसपास की रक्त वाहिकाओं को नुकसान पहुंचा सकते हैं।
मेनिन्जेस वो सुरक्षात्मक झिल्लियां होती हैं, जो मस्तिष्क को चारों तरफ से ढक कर उसकी हिफाजत करती हैं। चोट की गंभीरता के आधार पर इन संरचनाओं को नुकसान पहुंचने से ब्रेन में ब्लीडिंग, सूजन और संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। यह एक गंभीर मेडिकल स्थिति है, जिसमें तुरंत न्यूरोसर्जन से जांच कराने की जरूरत होती है। कई मामलों में जटिलताओं को रोकने के लिए सर्जरी भी करनी पड़ सकती है।
सिर का पिछले हिस्से में फ्रैक्चर होना खतरनाक क्यों है?
सिर का पिछले हिस्से में फ्रैक्चर होना खतरनाक साबित हो सकता है। सिर के पिछले हिस्से में चोट और मस्तिष्क की प्रमुख रक्त निकासी नली पोस्टेरियर सुपीरियर सैजिटल साइनस के करीब फ्रैक्चर होने से सर्जरी चुनौतीपूर्ण हो सकती है। यह मस्तिष्क से ब्लड को बाहर निकालने वाली एक खास नस जैसी ब्लड वैसल्स है जो मस्तिष्क से ब्लड को दिल तक पहुंचाने में मदद करती है। इस रक्त वाहिका को नुकसान पहुंचने से कई गंभीर समस्याएं जैसे ज्यादा ब्लीडिंग, एयर एम्बोलिज्म यानी हवा के बुलबुले रक्त प्रवाह में पहुंचकर उसे बाधित कर सकते हैं। थ्रोम्बोसिस जिसमें रक्त वाहिका में खून का थक्का बन सकता है, जिससे सामान्य रक्त संचार प्रभावित होता है। इसके अलावा ब्रेन में सूजन हो सकती है और खोपड़ी के अंदर दबाव बढ़ सकता है। डॉक्टर बताते हैं कि इस जगह पर सर्जरी करना काफी चुनौतीपूर्ण होता है। इस सर्जरी में खोपड़ी में टूटी हुई हड्डी के टुकड़ों को बहुत ज्यादा सावधानी से हटाया जाता है, ताकि मस्तिष्क को नुकसान न पहुंचे और प्रमुख रक्त वाहिका भी सुरक्षित रहे।
क्या होती है वाइड क्रेनियोटोमी सर्जरी?
वाइड क्रेनियोटोमी एक ऐसी सर्जिकल प्रक्रिया है, जिसमें खोपड़ी के एक बड़े हिस्से को अस्थायी रूप से हटाया जाता है। इसे हटाने का मकसद फ्रैक्चर को ठीक करना, हड्डी के अंदर धंसे हुए टुकड़ों को हटाना, ब्लीडिंग को कंट्रोल करना और मस्तिष्क के नीचे मौजूद संरचनाओं को हुए नुकसान का आकलन करना और उनकी मरम्मत करना शामिल हो सकता है। ये सर्जरी काफी खतरनाक होती है इसे करने के बाद भी खतरा बना ही रहता है।
कितने दिनों में होती है रिकवरी
इस चोट से पीड़ित शख्स कितने दिनों में रिकवर होता है ये काफी हद तक इस बात पर निर्भर करता है कि चोट लगने पर ब्रेन को कितना नुकसान पहुंचा है और मरीज की बॉडी उसे कैसे रिस्पांस देती है। डॉक्टर के मुताबिक समय पर इलाज, सावधानीपूर्वक सर्जरी और ऑपरेशन के बाद लगातार निगरानी मरीज की रिकवरी के लिए बेहद जरूरी है।
डिस्क्लेमर: यह लेख सार्वजनिक रूप से उपलब्ध जानकारी और विशेषज्ञों से प्राप्त जानकारी पर आधारित है। सिर में चोट लगने या फ्रैक्चर की आशंका होने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। किसी भी स्वास्थ्य संबंधी निर्णय के लिए विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें।
