अचानक ब्लड शुगर लेवल का 278 mg/dL पहुंच जाना किसी भी व्यक्ति के लिए डरावना हो सकता है। यह स्थिति हाइपरग्लाइसेमिया (Hyperglycemia) की ओर इशारा करती है, जिसे समय रहते कंट्रोल न किया जाए तो ये बॉडी के जरूरी अंगों जैसे किडनी,लंग्स और दिल की सेहत के लिए खतरा बन सकती है। डॉक्टरों की सलाह है कि ऐसी स्थिति में घबराने या पैनिक होने के बजाय सही, वैज्ञानिक और त्वरित कदम उठाना सबसे ज्यादा जरूरी होता है। अक्सर लोग शुगर बढ़ते ही बिना सोचे-समझे घरेलू नुस्खे आजमाने लगते हैं या दवा की खुराक खुद ही बदल देते हैं, जो खतरनाक साबित हो सकता है।

ग्लेनीगल्स हॉस्पिटल, परेल की फिजिशियन और डायबिटोलॉजिस्ट डॉ. आरती उल्लाल ने बताया अगर ब्लड शुगर लेवल 278 हो तो घबराना नहीं चाहिए बल्कि सही कदम उठाना चाहिए। डॉ. उल्लाल के मुताबिक ब्लड शुगर का स्तर 278 mg/dL होना काफी ज्यादा है और यह रेंज खून में ग्लूकोज का स्तर बढ़ने का संकेत देती है। अगर किसी का ब्लड शुगर का स्तर 278 पार कर जाए तो पानी का ज्यादा सेवन करें और कुछ जरूरी बातों का ध्यान रखें। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि ब्लड में शुगर का स्तर हाई होने पर क्या करें।

ब्लड शुगर 278 होने पर तुरंत क्या करें?

डायबिटोलॉजिस्ट के अनुसार, सबसे पहले ब्लड शुगर की रीडिंग की दो बार जांच करें ताकि सही रीडिंग आए। टेस्ट करने के लिए सबसे पहले हाथों को साबुन से धोकर अच्छी तरह सुखाएं और नई टेस्ट स्ट्रिप की मदद से दोबारा ब्लड शुगर जांचें। अगर दोबारा जांच में भी शुगर का स्तर इतना ही अधिक आता है, तो शरीर में पानी की कमी से बचने के लिए पानी पिएं। पानी का सेवन बॉडी को हाइड्रेट करता है और ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल करता है। डॉक्टर ने बताया अगर ब्लड शुगर का स्तर हाई है तो आप डाइट में कुछ चीजों से परहेज करें। इस दौरान मीठे ड्रिंक और मीठे फूड का सेवन करने से परहेज करें।  डॉ. उल्लाल बताती है कि अगर शुगर का स्तर लगातार बहुत ज्यादा हाई रहे और इसके साथ बॉडी में कोई लक्षण दिखाई दें तो आप तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

खाने के बाद  278 शुगर नॉर्मल है क्या?

ब्लड शुगर की रीडिंग को समझने के लिए यह जानना जरूरी है कि जांच कब की गई है। खाना खाने के तुरंत बाद और भोजन के कुछ समय बाद आने वाली रीडिंग अलग- अलग हो सकती है। इसके अलावा, व्यक्ति का सामान्य ब्लड शुगर पैटर्न और चल रही दवाओं का भी ध्यान रखना जरूरी है। डॉक्टर ने बताया ब्लड शुगर 278 mg/dL होना चाहे खाली पेट हो, खाने से पहले हो या खाने के बाद हो इसे बढ़ा हुआ स्तर माना जाता है।

कब हाई ब्लड शुगर में तुरंत अस्पताल जाना चाहिए?

  • ब्लड शुगर बढ़ने के साथ अगर बॉडी में कुछ लक्षण दिखाई दें, तो आप गंभीर स्थिति होने से पहले ही तुरंत अस्पताल में दिखाएं।
  • बहुत ज्यादा प्यास लगना।
  • बार-बार पेशाब आना।
  • उल्टी होना।
  • पेट में दर्द होना।
  • बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस होना।
  • भ्रम की स्थिति पैदा होना।
  • असामान्य रूप से नींद आना या सुस्ती महसूस होना।
  • सांस लेने में परेशानी होने जैसे लक्षण दिखने पर आप तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

डॉ. उल्लाल के अनुसार, अगर व्यक्ति पानी भी नहीं पी पा रहा है, बार-बार उल्टी हो रही है या वह भ्रम की स्थिति है और मरीज सुस्त महसूस कर रहा है तो आप तुरंत उसे डॉक्टर को दिखाएं। टाइप-1 डायबिटीज वाले लोगों को डायबिटिक कीटोएसिडोसिस (Diabetic Ketoacidosis) के लक्षणों के प्रति खासतौर पर सतर्क रहना चाहिए। यह एक गंभीर स्थिति है, जिसमें शरीर में कीटोन बढ़ने के साथ खून में एसिड की मात्रा खतरनाक स्तर तक बढ़ सकती है। ऐसे लक्षणों में तुरंत चिकित्सा सहायता लें।

ब्लड शुगर बढ़ने पर किन गलतियों से बचना चाहिए?

  • ब्लड शुगर बढ़ने पर इंटरनेट पर बताए गए घरेलू नुस्खों या उपायों को बिना सोचे-समझे अपनाना सही नहीं है।
  • बहुत ज्यादा ब्लड शुगर हाई होने पर एक्सरसाइज करना हमेशा सही नहीं होता। खासकर अगर शरीर में कीटोन मौजूद हों या व्यक्ति अस्वस्थ महसूस कर रहा हो, तो एक्सरसाइज से बचना चाहिए। ऐसी स्थिति में डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
  • जब ब्लड शुगर पहले से ही काफी अधिक हो तो  डाइट में कार्बोहाइड्रेट का सेवन करना बंद कर दें। कार्बोहाइड्रेट का सेवन आपके ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ा सकता है।
  • अपनी मर्जी से दवा या इंसुलिन की अतिरिक्त खुराक न लें बिना सलाह के अतिरिक्त दवा लेने से ब्लड शुगर जरूरत से ज्यादा कम हो सकता है, जिससे हाइपोग्लाइसीमिया की स्थिति पैदा हो सकती है।
  • अगर शुगर लगातार बढ़ी हुई है, तो डॉक्टर या डायबिटीज केयर टीम से संपर्क करें ।

अचानक ब्लड शुगर 278 तक क्यों पहुंच जाता है?

ब्लड शुगर अचानक बढ़ने के पीछे कई कारण हो सकते हैं जैसे  किसी बीमारी या संक्रमण का होना, शारीरिक या मानसिक तनाव, डायबिटीज की दवा समय पर न लेना या खुराक छूट जाना, खानपान में बदलाव करना और बॉड एक्टिविटी में कमी की वजह से ब्लड में शुगर का स्तर हाई हो सकता है। बॉडी में पानी की कमी होने से, बॉडी एक्टिविटी में कमी होने से और कुछ दवाओं का सेवन करने से ब्लड में शुगर का स्तर हाई हो सकता है। अगर बार-बार ब्लड शुगर लगभग 278 mg/dL या इसके आसपास पहुंच रहा है, तो डॉक्टर से सलाह लें। डॉक्टर खाली पेट और खाने के बाद की शुगर रीडिंग, HbA1c टेस्ट, दवाओं, खानपान, शारीरिक गतिविधि और संभावित संक्रमण या दूसरे कारणों की समीक्षा कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: यह लेख सामान्य स्वास्थ्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। ब्लड शुगर 278 mg/dL होने पर उचित कदम व्यक्ति की स्वास्थ्य स्थिति, लक्षणों और डायबिटीज के इतिहास पर निर्भर करते हैं। दवा या इंसुलिन की खुराक में बदलाव खुद न करें। गंभीर लक्षण दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सा सहायता लें।