लिवर हमारे शरीर का वो साइलेंट वॉरियर है जो हमारी बॉडी के 500 से अधिक जरूरी काम करता है, लेकिन आधुनिक जीवनशैली और शराब की लत इसे अंदर से खोखला कर रही है। चिकित्सा विशेषज्ञों के अनुसार, शराब की हर घूंट लिवर की कोशिकाओं में फैट जमा कर उसे ‘फैटी’ (Alcoholic Fatty Liver) बना सकती है, जो आगे चलकर लिवर सिरोसिस जैसी जानलेवा स्थिति का रूप ले लेती है। मेडिकल साइंस में इसका इलाज करने के लिए दवाएं, डाइट पर कंट्रोल और बॉडी की एक्टिविटी पर जोर दिया जाता है। लेकिन क्या आयुर्वेद के प्राचीन खजाने में इसका कोई समाधान है?

जाने-माने आयुर्वेदिक डॉक्टर दीपक कुमार के मुताबिक शराब पीने वाले लोगों को फैटी लिवर की परेशानी ज्यादा होती है। फैटी लिवर से मतलब है लिवर में फैट का डिपॉजिट होना। डॉक्टर ने बताया 60 फीसदी लोगों का लिवर फैटी है जो लिवर की पहली स्टेज है। फैटी लिवर की दूसरी स्टेज लिवर फाइब्रोसिस की होती है। फाइब्रोसिस के कारण ब्लड हमारे सेल्स तक नहीं पहुंच पाता जिसकी वजह से लिवर में सूजन और घाव होने का खतरा बढ़ जाता है। तीसरी स्टेज आती है लिवर सिरोसिस की जो बहुत खराब स्थिति है। इसके बाद की स्थिति असाइटिस की होती है जिसमें पेट में पानी आने लगता है जिसका इलाज काफी मुश्किल होता है। आइए जानते हैं शराब से प्रभावित लिवर को फिर से स्वस्थ बनाने के आयुर्वेदिक तरीके कौन कौन से हैं।

फैटी लिवर के मुख्य कारण

  • खराब खानपान और अनियमित डाइट
  • लंबे समय तक खाली पेट रहना या टाइम पर खाना न खाना
  • जंक फूड, तला-भुना और ज्यादा तेल-मसाले का सेवन
  • अत्यधिक शराब का सेवन
  • फिजिकल एक्टिविटी की कमी
  • ज्यादा पेन किलर या दवाइयों का सेवन
  • जरूरत से ज्यादा मीठा और प्रोसेस्ड फूड खाना
  • बार-बार चाय या कैफीन का अधिक सेवन

फैटी लिवर के लक्षण

  • भूख कम लगना
  • पाचन कमजोर होना
  • पेट में भारीपन
  • गैस और एसिडिटी
  • कब्ज या लूज मोशन
  • थकान और चिड़चिड़ापन
  • पेट फूलना और असहजता

फैटी लिवर का इलाज और सुधार के उपाय

फैटी लिवर को कंट्रोल करने के लिए सबसे जरूरी है लाइफस्टाइल में बदलाव। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सही डाइट और रोजमर्रा की आदतों में सुधार से इसे काफी हद तक ठीक किया जा सकता है।

डाइट में करें इन चीजों को शामिल

फैटी लिवर से राहत पाने के लिए सबसे पहले खानपान में सुधार करना जरूरी है। डाइट में हरी सब्जियां, अंकुरित अनाज और फाइबर से भरपूर चीजें शामिल करें। लौकी, तोरी, टिंडा और परवल जैसी हल्की सब्जियां लीवर के लिए फायदेमंद मानी जाती हैं।

गुनगुना पानी पिएं

गुनगुना पानी पीना भी काफी लाभकारी बताया गया है, क्योंकि इससे शरीर में जमा फैट धीरे-धीरे कम होने लगता है। इसके अलावा, लौकी का जूस या सूप लेने से भी फायदा मिल सकता है।

इन फूड्स से करें परहेज

मीठा, तला-भुना और जंक फूड का सेवन पूरी तरह कम करना चाहिए। साथ ही ज्यादा भूखा रहने की आदत छोड़कर थोड़ी-थोड़ी मात्रा में खाना बेहतर होता है।

आयुर्वेदिक उपाय अपनाएं

आयुर्वेदिक उपाय जैसे जीरा गुनगुने पानी के साथ लेना, त्रिफला का सेवन और आंवला-करेला जैसे प्राकृतिक तत्व भी लीवर हेल्थ को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं।

बॉडी एक्टिविटी भी है जरूरी

रोजाना हल्की-फुल्की एक्सरसाइज और वॉक को अपनी डेली रूटीन में शामिल करें।

कितने समय में ठीक हो सकता है फैटी लिवर?

एक्सपर्ट्स के अनुसार अगर सही डाइट और लाइफस्टाइल अपनाया जाए तो 3 से 4 महीने में फैटी लिवर में सुधार देखा जा सकता है। हालांकि यह व्यक्ति की स्थिति और बीमारी के स्तर पर निर्भर करता है।

डिस्क्लेमर:

यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी किसी भी प्रकार की चिकित्सा सलाह का विकल्प नहीं है। फैटी लिवर या किसी अन्य स्वास्थ्य समस्या के लिए कोई भी उपाय अपनाने से पहले योग्य डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श जरूर लें।