सेब और केला दो ऐसे फल हैं जो लगभग पूरे साल मिलते हैं। इन दोनों फलों का सेवन देश और दुनिया में सबसे ज्यादा किया जाता है। इन फलों की ज्यादा खपत के पीछे इसमें मौजूद पोषक तत्व है। लेकिन अगर सेब और केले के पोषण की तुलना की जाए तो अक्सर यह सवाल उठता है कि कौन सा ज्यादा बेहतर है। इसका जवाब बहुत सीधा है,  दोनों ही फल फायदेमंद हैं, लेकिन ये आपके शरीर को अलग-अलग पोषक तत्व देते हैं। सेब में कैलोरी कम और फाइबर ज़्यादा होता है, जबकि केले से आपको पोटैशियम, विटामिन B6 और कार्बोहाइड्रेट मिलता हैं। कम शब्दों में कहें तो दोनों ही फलों की अपनी-अपनी खूबियां हैं दोनों ही सेहत को फायदा पहुंचाते हैं।

डायटीशियन दिव्या प्रकाश ने एक वीडियो में जानकारी दी है कि जिस तरह हमारे हाथों की हर उंगली की अपनी एक अहमियत है उसी तरह सेब और केला की भी हमारी सेहत के लिए खास अहमियत होती है। सेब में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है खासतौर पर सेब के छिलके में भरपूर फाइबर मौजूद होता है इसलिए इसका सेवन छिलके के साथ करें। फाइबर पाचन को बेहतर बनाता है और पेट को लम्बे समय तक भरा हुआ रहता है। अगर आप खाने के बीच कुछ और खाने से बचना चाहते हैं, तो सेब एक अच्छा स्नैक हो सकता है। सेब में पेक्टिन नाम का एक घुलनशील फाइबर भी होता है जो आंतों की सेहत को दुरुस्त करने में मदद करता है।

केला और सेब के पोषक तत्व

केला पोषण के मामले में बेहतर फल है। इसमें पोटैशियम एक ऐसा खनिज है जो मांसपेशियों और न्यूरॉन्स के सही ढंग से काम करने और शरीर में तरल पदार्थों का संतुलन बनाए रखने के लिए बहुत ज़रूरी है। एक मीडियम साइज के केले में लगभग 420 mg पोटैशियम होता है, जबकि एक मीडियम साइज के सेब में लगभग 195 mg होता है। यही एक कारण है कि जो लोग वर्कआउट करते हैं, उन्हें केले बहुत पसंद होते हैं। लेकिन, सिर्फ पोटैशियम पाने के लिए ही आपको केले खाने की ज़रूरत नहीं है। पोटैशियम के लिए आप आलू, बीन्स, दालें और पालक खा सकते हैं।

पाचन के लिए सेब ज्यादा बेहतर है या केला?

md lines हेल्थ इनसाइट पर दी गई जानकारी के मुताबिक संतुलित आहार में दोनों को शामिल किया जा सकता है। सेब में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो मल त्याग की प्रक्रिया को कंट्रोल करने में मदद करता है। केला भी कई लोगों को आसानी से पच जाता है। जब आप कुछ हल्का खाना चाहते हैं तो केला एक बेस्ट ऑप्शन हो सकता है। सेब में कुछ ऐसे कार्बोहाइड्रेट भी होते हैं जो फर्मेंट हो सकते हैं, जिससे कुछ लोगों को इन्हें खाने के बाद पेट फूलने या भारीपन महसूस हो सकता है। वहीं कुछ लोगों का पाचन ऐसा होता है जिन्हें सेब खाने से किसी भी तरह की कोई दिक्कत नहीं होती। इसके अलावा, कुछ लोगों को कम पके केले की तुलना में ज्यादा पके केले पचाने में ज्यादा आसान लग सकते हैं। एक्सपर्ट के मुताबिक ये कहना कि पाचन के लिए कौन सा फल सबसे अच्छा है, इसका कोई एक निश्चित जवाब नहीं है।

वजन कम करने के लिए कौन सा फल है ज्यादा बेहतर?

अगर आप केला और सेब का सेवन वजन कम करने के लिए करना चाहते हैं तो सेब का सेवन आपके लिए ज्यादा बेहतर साबित हो सकता है। इसमें समान मात्रा वाले दूसरे फलों की तुलना में कैलोरी थोड़ी कम और फाइबर ज्यादा होता है। हालांकि वेट लॉस डाइट में केला को भी शामिल किया जा सकता है। वेट लॉस करने के लिए सबसे जरूरी सवाल ये है कि आप फल को किस तरह खाते हैं। एक सादा सेब या केला, चीनी, आइसक्रीम और दूसरे ज्यादा कैलोरी वाली चीजों के साथ बनाए गए बनाना शेक से काफी अलग होता है। साबुत फल खाने से आपको फाइबर मिलता है और आपको फल को चबाना पड़ता है। फलों के जूस की तुलना में साबुत फल खाना रोजमर्रा के लिए आमतौर पर एक बेहतर विकल्प है।

दिल की सेहत के लिए कौन सा फल सबसे अच्छा है?

दोनों ही फल दिल के लिए फायदेमंद डाइट का हिस्सा हो सकते हैं। सेब में फाइबर और पॉलीफेनोल्स मौजूद होते हैं तो केला में पोटैशियम होता है। दोनों ही फलों का सेवन दिल को हेल्दी रखने में मददगार साबित होता है। हालांकि दिल को हेल्दी रखने के लिए सिर्फ फलों का सेवन ही काफी नहीं है उनके साथ ही हरी सब्जियां, साबुत अनाज, दालें,सीड्स और नट्स का सेवन भी असरदार साबित होता है।

डायबिटीज में कौन सा फल है बेहतर?

सेब और केले, दोनों में नेचुरल शुगर और कार्बोहाइड्रेट होता हैं। इन दोनों फलों में फाइबर और पानी भरपूर होता है। केले का टेक्सचर और उसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट की मात्रा, उसके पकने के स्तर पर भी निर्भर करती है। पूरी तरह पका हुआ केला अधिक नरम और स्वादिष्ट होता है। अगर आपको डायबिटीज है और ब्लड शुगर को नॉर्मल रखने के लिए बहुत अलर्ट रहते हैं तो किसी एक फल की दूसरे से तुलना करने के बजाय आप कितनी मात्रा में इसका सेवन कर रहे हैं और आपका पूरा भोजन कैसा है इसपर ज्यादा ध्यान दें। अपनी डाइट के अनुसार आप फलों के साथ प्रोटीन या हेल्दी फैट वाली चीजों का भी सेवन कर सकते हैं। सादा दही,बादाम और सीड्स का सेवन असरदार साबित होता है।

रोज़ खाने के लिए कौन सा फल ज्यादा बेहतर है?

अगर ये दोनों फल आपकी कुल डाइट में फिट बैठते हैं, तो आप रोज़ इनमें से कुछ भी खा सकते हैं। ऐसा ज़रूरी नहीं है कि आपको रोज़ एक सेब खाना ही है या केले से परहेज़ करना है। असल में अलग-अलग तरह के फल खाना सबसे अच्छा रहता है, क्योंकि हर फल से अलग-अलग पोषक तत्व मिलते हैं। जब आप कुछ कुरकुरा और फाइबर से भरपूर स्नैक खाना चाहें तो आप सेब खाएं। जब आपको तुरंत पोटैशियम और कार्ब्स चाहिए तो सेब खाएं। जब आपको दोनों पसंद हों और आप अपनी डाइट में विविधता लाना चाहते हैं तो आप दोनों फलों का सेवन कर सकते हैं।

डिस्क्लेमर: इस लेख में दी गई जानकारी और स्वास्थ्य संबंधी सुझाव केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षणिक उद्देश्य के लिए हैं। अपनी डाइट में बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर या विशेषज्ञ से परामर्श लें।