आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में हाई ब्लड प्रेशर (Hypertension) एक आम लेकिन गंभीर समस्या बन गई है। अगर बढ़े हुए ब्लड प्रेशर को लम्बे समय तक कंट्रोल नहीं किया जाए तो ये दिल के रोगों और स्ट्रोक का कारण बन सकता है। कुछ लोग ऐसे है जिनका ब्लड प्रेशर सुबह उठते ही बढ़ने लगता है, ऐसे में अगर सुबह के समय कुछ खास ड्रिंक का सेवन किया जाए तो सुबह के समय हाई होने वाले बीपी को कंट्रोल किया जा सकता है।

भारतीय योग गुरु और हेल्थ एक्सपर्ट डॉक्टर हंसा योगेंद्र ने सुबह के समय बढ़ने वाले बीपी को नेचुरल तरीके से कंट्रोल करने की सलाह दी है। एक्सपर्ट ने बताया लाइफस्टाइल और डाइट से आसानी से सुबह के समय हाई होने वाले ब्लड प्रेशर को नॉर्मल किया जा सकता है। हंसा जी के मुताबिक सुबह के समय आंवला और अजवाइन के पानी का सेवन करके हाई ब्लड प्रेशर को आसानी से और नेचुरल तरीके से कंट्रोल कर सकते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि हाई बीपी होने पर बॉडी में कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं और इसे कंट्रोल करने के लिए आंवला और अजवाइन का सेवन कैसे असरदार होता है।

सामान्य बीपी का मानक (वयस्कों में)

120/80 mmHg को नॉर्मल बीपी माना जाता है।
120–129 / 80 को थोड़ा हाई बीपी माना जाता है।
130–139 / 80–89 को हाई बीपी माना जाता है जिसे स्टेज 1 भी कहते हैं।
140/90 या उससे अधिक बीपी को हाई बीपी कहा जाता है। ये स्टेज 2 बीपी होता है।

हाई बीपी के शुरुआती लक्षण

  • शरीर में बीपी बढ़ने पर कुछ स्पष्ट संकेत मिलते हैं, जिन्हें नजरअंदाज नहीं करना चाहिए जैसे
  • सिर में तेज दर्द और चक्कर आना।
  • बिना मेहनत के थकान और कमजोरी महसूस होना।
  • छाती में भारीपन या दर्द।
  • सांस लेने में अचानक तकलीफ होना।

हंसा योगेंद्र का नुस्खा, आंवला और अजवाइन का पानी

डॉ. हंसा योगेंद्र के अनुसार सुबह खाली पेट आंवला और अजवाइन के पानी का सेवन बीपी के मरीजों के लिए सुरक्षा कवच की तरह काम कर सकता है। बात करें आंवला की तो आंवला (Indian Gooseberry) को आयुर्वेद में तो अमृत माना ही जाता है, लेकिन आधुनिक विज्ञान और हालिया रिसर्च भी इसकी एंटी-हाइपरटेंसिव क्षमताओं की पुष्टि करते हैं। journal of Ethnopharmacology में प्रकाशित रिसर्च के अनुसार आंवला रक्त वाहिकाओं की अंदरूनी परत को आराम पहुंचाता है। जब रक्त वाहिकाएं चौड़ी और रिलैक्स होती हैं, तो रक्त का प्रवाह आसान हो जाता है, जिससे सिस्टोलिक और डायस्टोलिक ब्लड प्रेशर दोनों कम होते हैं।

Phytomedicine जर्नल के मुताबिक आंवला में विटामिन C और पॉलीफेनोल्स की मात्रा ज्यादा होती है। हाई ब्लड प्रेशर अक्सर नसों में सूजन और ऑक्सीडेटिव डैमेज के कारण होता है। आंवला के एंटीऑक्सीडेंट्स नसों को इस डैमेज से बचाते हैं, जिससे वे सख्त नहीं होतीं। बीपी को नॉर्मल करने में आंवला दवा का काम करता है।

बात करें अजवाइन की तो अगर इसे आंवला के साथ पानी में उबालकर पिया जाए तो दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। इस मसाले में डाइयूरेटिक गुण मौजूद होते हैं जो शरीर से फालतू पानी और सोडियम को बाहर निकालने में मदद करते है और बीपी नॉर्मल रहता है। एंटी-इंफ्लेमेटरी गुणों से भरपूर अजवाइन सूजन कंट्रोल करती है और ब्लड प्रेशर को कम करती है। इसका सेवन करने से ब्लड वैसल्स को आराम मिलता है। अजवाइन में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं जो नसों की अंदरूनी सूजन को कम करते हैं। अजवाइन का सेवन पाचन को सुधारकर गैस और ब्लोटिंग को कंट्रोल करता है जिससे शरीर का आंतरिक तनाव कम होता है और बीपी नॉर्मल रहता है।

बीपी कंट्रोल करने के लिए अजवाइन के सेवन का सही तरीका

बीपी को नॉर्मल रखने के लिए अगर आप अजवाइन का सेवन करना चाहते हैं तो आप अजवाइन का पानी बनाकर उसका सेवन करें, ये सबसे असरदार तरीका है। 1 चम्मच अजवाइन को रात भर एक गिलास पानी में भिगो दें। सुबह इस पानी को उबालकर आधा कर लें और खाली पेट गुनगुना पिएं। अजवाइन का सेवन आप हल्का भूनकर उसका पाउडर बनाकर भी कर सकते हैं। रोजाना खाने के बाद एक चुटकी पाउडर गुनगुने पानी के साथ लें आपका बीपी नॉर्मल रहेगा।

आंवला सेवन करने का सही तरीका

आप सुबह ताजा आंवला लें और उसे काट लें और उसका सेवन करें। आप आंवला का सेवन उसका पाउडर बनाकर भी कर सकते हैं। आधा चम्मच आंवला पाउडर गुनगुने पानी के साथ लें आपको फायदा होगा।
आंवला का सेवन आप उसका जूस बनाकर भी कर सकते हैं। 10 से 20 ml आंवला जूस को पानी में मिलाकर पिया जा सकता है।

आंवला और अजवाइन का पानी कैसे पिएं

सामग्री:
2-3 आंवला
1 चम्मच अजवाइन मसाला
1 गिलास पानी
नींबू और शहद स्वाद के मुताबिक

बनाने की विधि:

आंवला और अजवाइन का सेवन बीपी नॉर्मल करने के लिए करना चाहते हैं तो आप आंवला लें और उसे काटकर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें और उसे एक गिलास पानी में डाल दें। इस पानी को आंवला के साथ मिक्सर में मिलाएं और उसे अच्छे से मिक्स करें। आप अजवाइन को तवे पर डालकर उसे भून लें और उसका पाउडर बना लें। इस पाउडर को आंवला के पानी में मिक्स करें  और उसका सेवन करें। इस पानी में आप स्वाद बढ़ाने के लिए एक चम्मच शहद और नींबू भी मिला सकते हैं। 

डिस्क्लेमर:

इस लेख में साझा की गई जानकारी केवल सामान्य जागरूकता और शैक्षिक उद्देश्यों के लिए है। इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह, निदान या उपचार के विकल्प के रूप में नहीं लिया जाना चाहिए। अपनी डाइट, एक्सरसाइज या दवाओं में कोई भी बदलाव करने से पहले हमेशा अपने डॉक्टर या योग्य स्वास्थ्य विशेषज्ञ से परामर्श लें। किसी भी स्वास्थ्य आपात स्थिति के मामले में तुरंत नजदीकी अस्पताल से संपर्क करें।