शरीर में बैड कोलेस्ट्रॉल (LDL) का स्तर बढ़ना एक गंभीर वैश्विक स्वास्थ्य समस्या बन चुका है, जो सीधे तौर पर दिल के रोगों (Cardiovascular Diseases) के जोखिम को बढ़ाता है। मेडिकल एक्सपर्ट और हालिया हेल्थ रिसर्च के मुताबिक डेली डाइट में विशिष्ट घुलनशील फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट से भरपूर सब्जियों को शामिल करके धमनियों में जमा होने वाले फैट को नेचुरल तरीके से कंट्रोल किया जा सकता है। एमडी मेडिसिन एक्सपर्ट डॉ. शालिनी सिंह सालुंके के अनुसार, हाई कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल रखने के लिए केवल दवाओं पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है, बल्कि खानपान में भी सुधार जरूरी है। कुछ सब्जियां ऐसी होती हैं जो फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट्स और पौधों से मिलने वाले लाभकारी यौगिकों से भरपूर होती हैं। ये पोषक तत्व शरीर में वसा के संतुलन को बनाए रखने, रक्त वाहिकाओं की सेहत को बेहतर बनाने और दिल को हेल्दी रखने में मदद कर सकते हैं।
एक्सपर्ट के मुताबिक कम कैलोरी और हाई फाइबर सब्जियों का सेवन न सिर्फ वजन को कंट्रोल करता है बल्कि डाइट और पाचन में भी सुधार करता है। इन सब्जियों का सेवन करने से पेट लम्बे समय तक भरा रहता है और अनहेल्दी खाने की क्रेविंग कंट्रोल रहती है। यही वजह है कि ये सब्जियां हार्ट हेल्थ और कोलेस्ट्रॉल को कंट्रोल करने में मददगार साबित होती हैं। आइए जानते हैं सब्जियों की जानकारी और उनकी वैज्ञानिक रिसर्च भी।
कंटोला- फाइबर से भरपूर, कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में मददगार
कंटोला पोषक तत्वों और फाइबर से भरपूर सब्जी मानी जाती है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन को बेहतर बनाने के साथ शरीर में कोलेस्ट्रॉल के स्तर को कंट्रोल रखने में मदद कर सकता है। कम कैलोरी और कम वसा वाली यह सब्जी वजन कंट्रोल रखने के लिए भी अच्छी मानी जाती है। Journal of Food Science and Technology और फाइटोकेमिकल रिसर्च के मुताबिक कंटोला में हाई क्वांटिटी में फ्लेवोनोइड्स (Flavonoids) और अघुलनशील फाइबर होते हैं। रिसर्च के अनुसार इसके एंटीऑक्सीडेंट तत्व रक्त वाहिकाओं (Blood Vessels) में वसा के ऑक्सीकरण (Oxidation) को रोकते हैं। जब कोलेस्ट्रॉल ऑक्सीडाइज नहीं होता, तो धमनियों में प्लाक (ब्लॉकेज) बनने का खतरा न्यूनतम हो जाता है, जिससे ब्लड सर्कुलेशन सुचारू रहता है।
भिंडी: दिल और पाचन दोनों के लिए फायदेमंद
भिंडी में घुलनशील फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है, जो शरीर में कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल में मदद कर सकता है। यह लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी सहायक होता है, जिससे ओवरईटिंग से बचाव होता है। भिंडी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट्स ओवर ऑल हेल्थ के लिए भी उपयोगी होते हैं। Phytotherapy Research और Global Journal of Medical Research का क्लिनिकल ट्रायल में पाया गया कि भिंडी को काटने पर जो चिपचिपा पदार्थ निकलता है, उसमें ‘पेक्टिन’ (Pectin) नामक घुलनशील फाइबर होता है। लैब रिसर्च में यह साबित हुआ है कि पेक्टिन पाचन के दौरान पित्त एसिड (Bile Acids) और भोजन के खराब कोलेस्ट्रॉल को अपने साथ चिपका लेता है और उसे खून में अवशोषित होने से पहले ही मल के रास्ते शरीर से बाहर निकाल देता है।
परवल: हल्की और पौष्टिक सब्जी
परवल कम कैलोरी और फाइबर से भरपूर सब्जी है। इसे नियमित डाइट में शामिल करने से पाचन तंत्र को फायदा मिल सकता है। इसमें मौजूद पोषक तत्व शरीर को ऊर्जा देने के साथ वजन को कंट्रोल करने में भी मदद करते हैं। संतुलित डाइट का हिस्सा बनने पर यह हार्ट हेल्थ को सपोर्ट कर सकते है। Journal of Ethnopharmacology में प्रकाशित चूहों और इंसानों पर की गई एक रिसर्च के मुताबिक परवल के अर्क ने शरीर में LDL यानी खराब कोलेस्ट्रॉल और ट्राइग्लिसराइड्स के स्तर को महत्वपूर्ण रूप से कम किया, जबकि HDL यानी गुड कोलेस्ट्रॉल को बढ़ावा दिया। इसमें मौजूद फाइबर रक्त वाहिकाओं को संकुचित (Narrow) होने से बचाता है।
लौकी: शरीर को हाइड्रेट रखने में सहायक
लौकी में पानी और फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जिससे शरीर को हाइड्रेशन बनाए रखने में मदद मिलती है। यह हल्की और आसानी से पचने वाली सब्जी है। गर्मियों में इसका सेवन शरीर को ठंडक पहुंचाने और संतुलित वजन बनाए रखने के लिए फायदेमंद माना जाता है। Journal of Herbal Medicine और ICMR से जुड़ी रिसर्च के मुताबिक जब मरीजों को 90 दिनों तक रोज सुबह खाली पेट लौकी का जूस दिया गया, तो उनके लिपिड प्रोफाइल में सुधार देखा गया। लौकी में मौजूद विटामिन-सी, जिंक और घुलनशील फाइबर धमनियों की सूजन को कम करते हैं और ब्लड प्रेशर को नेचुरल तरीके कंट्रोल रखकर हार्ट फेलियर के जोखिम को टालते हैं।
करेला: कड़वा स्वाद, कई स्वास्थ्य लाभ
करेला फाइटोकेमिकल्स, एंटीऑक्सीडेंट्स और फाइबर से भरपूर होता है। यह पाचन को बेहतर बनाने और स्वस्थ खानपान का हिस्सा बनने में मदद कर सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, संतुलित मात्रा में करेले का सेवन समग्र स्वास्थ्य के लिए लाभकारी माना जाता है और यह पोषक तत्वों की अच्छी आपूर्ति करता है। American Journal of Chinese Medicine और BioMed Research International के मुताबिक करेला सिर्फ शुगर ही कंट्रोल नहीं करता, बल्कि इसमें मौजूद फाइटोकेमिकल्स लिवर को सक्रिय करते हैं। लिवर हमारे शरीर में कोलेस्ट्रॉल बनाने और साफ करने का मुख्य केंद्र है। रिसर्च के अनुसार, करेले के तत्व लिवर को शरीर से अतिरिक्त कोलेस्ट्रॉल को तेजी से नष्ट करने में मदद करते हैं।
डिस्क्लेमर:यह लेख केवल सामान्य जानकारी और जागरूकता के उद्देश्य से तैयार किया गया है। इसमें दी गई जानकारी विभिन्न विशेषज्ञों की राय, उपलब्ध वैज्ञानिक अध्ययनों और सार्वजनिक स्रोतों पर आधारित है। यह किसी भी प्रकार की चिकित्सीय सलाह, निदान या उपचार का विकल्प नहीं है।
