राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने जेलों में बंद महिला कैदियों और उनके बच्चों के मानवाधिकारों की सुरक्षा के लिए नई एडवाइजरी जारी की है। आयोग ने नौ केंद्रीय मंत्रालयों, सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों और पुलिस महानिदेशकों को इस संबंध में जरूरी कदम उठाने को कहा है। NHRC ने सभी संबंधित अधिकारियों से एडवाइजरी की सिफारिशों पर कार्रवाई करने और दो महीने के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट (ATR) जमा करने को कहा है।

आयोग ने कहा कि महिला कैदियों और उनके साथ रहने वाले या उनसे अलग रह रहे बच्चों की जरूरतों पर खास ध्यान देने की जरूरत है। इसके लिए जेल प्रशासन में संवेदनशील और महिलाओं की जरूरतों के अनुरूप व्यवस्था होनी चाहिए। एडवाइजरी में महिलाओं की गरिमा, स्वास्थ्य, कानूनी सहायता, परिवार से संपर्क, बच्चों की देखभाल और जेल से रिहाई के बाद उनके पुनर्वास पर जोर दिया गया है।

महिला की गिरफ्तारी होते ही बच्चों की देखभाल का इंतजाम

NHRC ने कहा है कि अगर गिरफ्तार की जा रही महिला छोटे बच्चों की अकेली देखभाल करने वाली है या माता-पिता दोनों एक साथ गिरफ्तार होते हैं तो पुलिस बच्चों की देखभाल के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करने का उचित समय दे। अगर तत्काल कोई देखभाल करने वाला नहीं है तो पुलिस को जिला बाल संरक्षण इकाई और बाल कल्याण समिति को तुरंत सूचना देनी चाहिए।

महिला की गिरफ्तारी के बाद उसके परिवार को सूचना देने और संपर्क बनाए रखने की व्यवस्था भी जरूरी बताई गई है। एडवाइजरी के मुताबिक, महिला को सूर्यास्त के बाद और सूर्योदय से पहले गिरफ्तार करने से यथासंभव बचना चाहिए। यदि ऐसी गिरफ्तारी अपरिहार्य हो तो संबंधित कानूनी प्रावधानों का पालन किया जाए।

आयोग ने महिला की गिरफ्तारी के शुरुआती चरण में उसकी पारिवारिक, आर्थिक और स्वास्थ्य संबंधी परिस्थितियों का आकलन करने के लिए प्रारंभिक सामाजिक जांच रिपोर्ट तैयार करने की सिफारिश की है। यह रिपोर्ट गिरफ्तारी के 15 दिनों के भीतर अदालत में पेश की जानी चाहिए ताकि हिरासत, जमानत या अन्य कानूनी विकल्पों पर विचार करते समय महिला के बच्चों और परिवार पर पड़ने वाले प्रभाव को भी ध्यान में रखा जा सके।

जेल में बंद महिला के सभी बच्चों का बनेगा डिजिटल रिकॉर्ड

एडवाइजरी में महिला कैदी के उन बच्चों का भी अलग डिजिटल रिकॉर्ड तैयार करने की सिफारिश की गई है जो जेल के अंदर या बाहर रह रहे हैं। इस रिकॉर्ड में बच्चों की उम्र, पता, स्वास्थ्य, शिक्षा, टीकाकरण, दिव्यांगता की स्थिति और अभिभावक की जानकारी जैसे जरूरी डिटेल्स शामिल होंगी।

NHRC ने बच्चों के रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने और अधिकृत अधिकारियों के बीच कॉर्डिनेशन के लिए केंद्रीय डेटाबेस बनाने की बात कही है। इसे राष्ट्रीय अपराध रिकॉर्ड ब्यूरो (NCRB) के जेल संबंधी आंकड़ों से सालाना जोड़ने की भी सिफारिश की गई है।

आयोग ने यह भी कहा है कि जेल में रहने वाले जिन बच्चों के पास जन्म प्रमाणपत्र या आधार कार्ड नहीं है, उन्हें ये दस्तावेज बनवाने में मदद दी जाए। जेल में जन्म लेने वाले बच्चों के जन्म प्रमाणपत्र में जेल का नाम जन्मस्थान या पते के रूप में दर्ज नहीं किया जाना चाहिए ताकि भविष्य में बच्चे की पहचान और गरिमा प्रभावित ना हो।

नई मां बनी महिलाओं के लिए विशेष व्यवस्था

NHRC ने गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिला कैदियों के लिए विशेष पोषण और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया है। जेल में दाखिले के समय महिला कैदी की स्वास्थ्य जांच, गर्भावस्था की जांच और मानसिक स्वास्थ्य का आकलन किया जाना चाहिए।

एडवाइजरी में प्रसव की संभावित तारीख से एक महीने पहले और प्रसव के बाद कम से कम छह महीने तक गर्भवती महिला कैदी को अंतरिम जमानत देने या सजा निलंबित करने के प्रयास करने की सिफारिश की गई है ताकि वह परिवार के माहौल में बच्चे को जन्म दे सके। अगर महिला इस सुविधा का लाभ नहीं लेना चाहती तो उसकी इच्छा का सम्मान किया जाना चाहिए।

आयोग ने जेलों में महिलाओं के लिए अलग चिकित्सा जांच कक्ष बनाने, मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों और काउंसलर की सेवाएं उपलब्ध कराने तथा जरूरत के मुताबिक अस्पतालों में इलाज की व्यवस्था करने पर भी जोर दिया है।

बच्चों को मां के साथ जेल में रहने की अनुमति

NHRC की एडवाइजरी के मुताबिक, छह साल से कम उम्र के बच्चों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपनी मां के साथ जेल में रहने की अनुमति दी जानी चाहिए। ऐसे बच्चों के लिए क्रेच, आंगनवाड़ी, शुरुआती शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य जांच और खेलने की सुविधाएं उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है।

आयोग ने कहा है कि बच्चों को जेल के बंद माहौल से यथासंभव दूर रखते हुए उनके विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार किया जाना चाहिए। जेल में रहने वाले बच्चों की नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए बाल रोग विशेषज्ञ की व्यवस्था करने और उनके टीकाकरण तथा स्वास्थ्य रिकॉर्ड को सुरक्षित रखने पर भी जोर दिया गया है।

अगर महिला कैदी के बच्चे जेल से बाहर रह रहे हैं और उनकी उचित देखभाल नहीं हो रही है तो संबंधित राज्यों के बाल संरक्षण अधिकारियों को आपसी समन्वय से उनकी सुरक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और परिवार से संपर्क सुनिश्चित करना चाहिए।

हर हफ्ते बच्चों से मिलने की सुविधा देने की सिफारिश

NHRC ने महिला कैदियों और उनके बच्चों के बीच संपर्क बनाए रखने के लिए नियमित मुलाकात की व्यवस्था पर जोर दिया है। एडवाइजरी में बच्चों और उनकी मां के बीच सप्ताह में कम से कम एक बार आमने-सामने मुलाकात कराने की सिफारिश की गई है। यदि ऐसा संभव ना हो तो कम से कम महीने में एक बार मुलाकात कराई जानी चाहिए।

इसके अलावा 18 साल से कम उम्र के बच्चों को अपने माता-पिता से जेल में विशेष मुलाकात की सुविधा देने की बात कही गई है। वीडियो और ऑडियो कॉल के जरिए ई-मुलाकात की व्यवस्था भी नियमित और समान रूप से उपलब्ध कराने की सिफारिश की गई है।

मुफ्त सैनिटरी पैड, साफ पानी और बेहतर सुविधाओं पर जोर

आयोग ने सभी जेलों के महिला वार्डों में मुफ्त सैनिटरी नैपकिन उपलब्ध कराने की सिफारिश की है। इसके लिए सैनिटरी नैपकिन वेंडिंग मशीन लगाने और जहां यह संभव ना हो वहां हर महीने मुफ्त सैनिटरी पैड वितरित करने की बात कही गई है।

महिला कैदियों को साफ पीने का पानी, पौष्टिक भोजन, साफ कपड़े, बिस्तर, स्वच्छ शौचालय और नहाने की उचित सुविधाएं उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रही कैदियों के लिए विशेष आहार की व्यवस्था करने की सिफारिश की गई है।

जेल से अदालत ले जाते समय भी महिला कैदियों के लिए अलग और सुरक्षित प्रतीक्षा कक्ष, पीने का पानी, भोजन और साफ शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही गई है।

जमानत मिलने के बाद पैसे नहीं होने से जेल में न रहें महिलाएं

NHRC ने उन महिला कैदियों के मामलों की पहचान कर जल्द कार्रवाई करने को कहा है जिन्हें जमानत मिल चुकी है। लेकिन जमानत की राशि या जमानतदार की व्यवस्था नहीं कर पाने के कारण वे जेल में बंद हैं।

एडवाइजरी में केंद्र सरकार की ‘गरीब कैदियों को सहायता योजना’ के तहत पात्र महिलाओं को आर्थिक मदद दिलाने की सिफारिश की गई है। ऐसे मामलों की जानकारी जेल अधीक्षक को सात दिनों के भीतर संबंधित जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) के सचिव को भेजनी चाहिए।

आयोग ने अदालतों से भी आग्रह किया है कि महिला आरोपियों की जमानत पर विचार करते समय संवेदनशील और उदार दृष्टिकोण अपनाया जाए। जहां कानून अनुमति देता है, वहां निजी मुचलके पर रिहाई पर विचार किया जाना चाहिए ताकि आर्थिक कमजोरी के कारण जमानत मिलने के बावजूद किसी महिला को जेल में ना रहना पड़े।

एडवाइजरी में यह भी कहा गया है कि गरीब या सामाजिक रूप से कमजोर महिला विचाराधीन कैदी पर केवल सजा कम कराने या जल्द रिहाई के लिए अपराध स्वीकार करने का दबाव नहीं डाला जाना चाहिए।

जेल से रिहाई के बाद महिलाओं के पुनर्वास की भी व्यवस्था

NHRC ने महिला कैदियों की रिहाई से पहले उनके रहने, भोजन, स्वास्थ्य, बच्चों की देखभाल और पुनर्वास की जरूरतों का आकलन करने की सिफारिश की है। जिन महिलाओं के पास रिहाई के बाद रहने की जगह या परिवार का सहारा नहीं है, उनके लिए आश्रय गृह और दूसरी सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था होनी चाहिए।

महिलाओं को कौशल विकास, रोजगार और स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया गया है। जेल में काम करने वाली महिलाओं की मजदूरी का पारदर्शी रिकॉर्ड रखने और मजदूरी की दरों की समीक्षा करने की सिफारिश की गई है।

आयोग ने कैदियों के बच्चों की शिक्षा, पोषण, स्वास्थ्य और अन्य जरूरतों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर विशेष कल्याण योजना शुरू करने की भी सिफारिश की है।

नौ केंद्रीय मंत्रालयों और सभी राज्यों को करना होगा विचार

NHRC की एडवाइजरी में गृह मंत्रालय, महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, कानून एवं न्याय मंत्रालय, शिक्षा मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय, कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय और विदेश मंत्रालय को शामिल किया गया है।

इसके अलावा सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के मुख्य सचिवों या प्रशासकों तथा पुलिस महानिदेशकों को भी सिफारिशों पर कार्रवाई के लिए कहा गया है। NHRC ने संबंधित अधिकारियों से दो महीने के भीतर एक्शन टेकन रिपोर्ट मांगी है ताकि एडवाइजरी को लागू करने की दिशा में हुई प्रगति की जानकारी मिल सके।