वैज्ञानिकों का पूर्वानुमान है कि साल के अंत तक प्रशांत महासागर का तापमान बढ़ सकता है, जिसके कारण अल नीनो और विकराल रूप ले सकता है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन ने 21 अक्टूबर को चेतावनी दी कि अल नीनो का असर 2027 में भी देखने को मिल सकता है। इस साल भी अल-नीनो का प्रभाव देखने को मिला, जिसके कारण मानसून प्रभावित हुआ तथा एक साथ बाढ़ और सूखे दोनों की स्थितियां बनी। इन परिस्थितियों के कारण वैश्विक स्तर पर खाने की चीज़ों की कीमतों में भी बढ़ोतरी हुई।

प्रशांत महासागर के पानी के गर्म होने के कारण अल नीनो की स्थित पैदा हो जाती है। यह मानसून की बारिश को कमजोर करता है, तापमान बढ़ाता है और लू जैसी घटनाओं को बढ़ावा देता है।

इस साल भारत पर अल नीनो का क्या असर पड़ा?

इस साल जून में प्रशांत महासागर में अल नीनो की स्थिति बनने लगी। इसके करीब 40 से 45 दिन बाद भारत के आसपास के समुद्री इलाकों के मौसम पर इसका असर दिखने लगा।

अगस्त के आखिर में अल नीनो मजबूत हुआ तो भारत में दक्षिण-पूर्वी मानसून कमजोर पड़ गया। लंबी अवधि के औसत (एलपीए) बारिश केवल 87 प्रतिशत हुई। साल 2001 के बाद यह चौथा सबसे कम बारिश वाला मानसून रहा। हालांकि, भारत के दक्षिणी प्रायद्वीपीय हिस्से में चलने वाले उत्तर-पूर्वी मानसून के सामान्य रहने का अनुमान है।

अल नीनो इस बार सर्दियों में भी तापमान बढ़ा सकता है। वैज्ञानिकों ने अक्टूबर, नवंबर और दिसंबर में सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने का अनुमान जताया है।

2026 का अल नीनो पहले से अलग क्यों है?

अल नीनो प्रशांत महासागर के पानी के गर्म होने से जुड़ी मौसमी घटना है। यह समुद्र और वायुमंडल के बीच होने वाली एक प्राकृतिक प्रक्रिया का हिस्सा है, जो दुनिया के कई हिस्सों के मौसम को प्रभावित करती है। इस प्रक्रिया को ‘अल नीनो-दक्षिणी दोलन’ (ENSO) कहते हैं। इसके तीन चरण हैं—अल नीनो, सामान्य स्थिति और ला नीना। अल नीनो में समुद्र का पानी सामान्य से ज्यादा गर्म होता है, जबकि ला नीना में यह सामान्य से ज्यादा ठंडा हो जाता है।

वैज्ञानिक प्रशांत महासागर के भूमध्य रेखा के आसपास समुद्र की सतह का तापमान मापते हैं। इनमें ‘नीनो 3.4’ नाम का क्षेत्र खास है। यहां के तापमान में बदलाव से वैज्ञानिक पता लगाते हैं कि अल नीनो की स्थिति बनी है या नहीं और यह कितनी मजबूत है।

इसके लिए वैज्ञानिक ‘रिलेटिव ओशन नीनो इंडेक्स’ (RONI) का इस्तेमाल करते हैं। यह बताता है कि समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से कितना अलग है। जब तीन महीने का औसत तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा होता है, तो अल नीनो की स्थिति मानी जाती है। वहीं, तापमान सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नीचे चला जाए, तो ला नीना की स्थिति बनती है।

इस बार अल नीनो तेजी से मजबूत हुआ है। जून में इसकी शुरुआत हुई और जुलाई से सितंबर के बीच समुद्र की सतह का तापमान सामान्य से 2 से 2.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा दर्ज किया गया।

वैज्ञानिक पिछले चार दशकों से समुद्र के तापमान पर नजर रख रहे हैं। इस बार तापमान में बढ़ोतरी पुराने रिकॉर्ड तोड़ सकती है। अमेरिकी राष्ट्रीय महासागरीय और वायुमंडलीय प्रशासन (नोआ) के आंकड़ों के मुताबिक, 2014-15 में आए अल नीनो के दौरान तापमान सामान्य से 2.3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा पहुंचा था। वहीं, समुद्र के तापमान में सामान्य से 3 डिग्री सेल्सियस ज्यादा बढ़ोतरी अब तक का सबसे ऊंचा दर्ज स्तर रहा है।

विश्व मौसम विज्ञान संगठन की महासचिव सेलेस्टे साउलो ने कहा, “प्रशांत महासागर में अल नीनो के केंद्र में तापमान सामान्य से 3.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहने का अनुमान है। समुद्र के तापमान की निगरानी शुरू होने के बाद से इतना ज्यादा तापमान कभी दर्ज नहीं किया गया। इस अल नीनो का असर आने वाले कई महीनों तक रहेगा।”

किन इलाकों पर पड़ेगा अल नीनो का असर?

उत्तरी गोलार्ध में दक्षिणी यूरोप, अफ्रीका के कुछ हिस्सों, अरब प्रायद्वीप, भारतीय उपमहाद्वीप और पूर्वी एशिया में तापमान सामान्य से ज्यादा रह सकता है। वहीं, अरब प्रायद्वीप, मध्य और पूर्वी एशिया, दक्षिण-पूर्व एशिया के तटीय इलाकों और उत्तरी अमेरिका में सामान्य से ज्यादा बारिश हो सकती है।

दक्षिणी गोलार्ध में भी तापमान बढ़ने की आशंका है। अफ्रीका के भूमध्य रेखा के आसपास के इलाकों, अफ्रीका के पूर्वी हिस्से, दक्षिण अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया में इसका असर दिख सकता है।

उत्तरी गोलार्ध के उलट, दक्षिणी गोलार्ध के कई हिस्सों में बारिश कम हो सकती है। इनमें दक्षिणी अफ्रीका, मध्य अमेरिका के दक्षिणी इलाके और कैरेबियाई क्षेत्र शामिल हैं।

कुल मिलाकर, अल नीनो के कारण बाढ़, सूखा, अत्यधिक गर्मी और चक्रवात जैसी घटनाएं दुनिया भर में हजारों लोगों को प्रभावित कर सकती हैं। मध्य और दक्षिण अमेरिका, दक्षिणी अफ्रीका और दक्षिण-पूर्व एशिया के लोगों को इन आपदाओं का ज्यादा सामना करना पड़ सकता है।

खाद्य संकट बढ़ेगा, खाद और ईंधन भी हो सकते हैं महंगे

अल नीनो भोजन और पानी की उपलब्धता की संकट को बढ़ा सकता है। इसके कारण खाद और दूसरे उर्वरकों के साथ ईंधन की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। दुनिया के कई हिस्सों में इन प्रभावों का सामना 2027 तक करना पड़ सकता है।

इससे दुनिया के संसाधनों पर और दबाव बढ़ेगा। कई देशों में जारी संघर्षों और होर्मुज जलडमरूमध्य से जुड़े संकट ने पहले ही वैश्विक संसाधनों पर दबाव बढ़ा रखा है।

संयुक्त राष्ट्र के मानवीय मामलों से जुड़े संगठन ने मध्य और दक्षिण अमेरिका के प्रभावित लोगों को आजीविका के दूसरे साधन उपलब्ध कराने की जरूरत बताई है। अफ्रीकी समुदायों को अपनी फसलों और बीजों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाकर रखना होगा, ताकि आपदा आने पर वे नष्ट न हों।

दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों को भी आने वाले महीनों में बाढ़, सूखे और चक्रवात से निपटने की तैयारी करनी होगी।

यह भी पढ़ें-अल नीनो से बढ़ा खाद्य संकट का खतरा, भारत समेत कई देशों में महंगाई-अशांति की आशंका; जानिए क्यों बढ़ी चिंता

एशिया में खराब मौसम और युद्ध के दोहरे असर से खाद्य सुरक्षा पर दबाव बढ़ने की आशंका है। एक नई रिपोर्ट में कहा गया है कि अगर खाद्य कीमतें और उपलब्धता का संकट गहराता है और सरकारें इससे निपटने में प्रभावी नहीं दिखतीं तो भारत, इंडोनेशिया और फिलीपींस जैसे संवेदनशील देशों में सामाजिक अशांति और राजनीतिक अस्थिरता का जोखिम बढ़ सकता है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।