scorecardresearch

कौन है अमृतपाल सिंह का दाहिना हाथ भगवंत सिंह? जानिये लोग क्यों परधान मंत्री के नाम से बुलाते हैं

भगवंत सिंह उर्फ परधान मंत्री पिछले साल अमृतपाल सिंह के संपर्क में आया था। उसके बाद वह चोला धारण करने लगा।

Amritpal Singh, Bhagwant Singh alias Pardhan Mantri Bajeke
अमृतपाल सिंह का करीबी भगवंत सिंह उर्फ परधान मंत्री बजेके

अलगाववादी नेता और ‘वारिस पंजाब दे’ (Waris Punjab De) चीफ अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) की तलाश में पंजाब पुलिस पूरे सूबे में अभियान चला रही है। अब तक करीब 120 लोगों को पकड़ा गया है, जिसमें अमृतपाल सिंह के पांच करीबी भी शामिल हैं। इन्हें असम के डिब्रूगढ़ ले जाया गया है। इनमें गुरमीत सिंह बुक्कनवाला, बसंत सिंह, भगवंत सिंह उर्फ परधान मंत्री बजेके (Bhagwant Singh alias Pardhan Mantri Bajeke) और दलजीत सिंह कलसी शामिल हैं।

पुलिस के आला अफसरों ने बताया कि इनमें से 4 लोगों पर नेशनल सिक्योरिटी एक्ट 1980 (NSA) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि अमृतपाल सिंह के दाहिने हाथ कहे जाने वाले भगवंत सिंह उर्फ परधान मंत्री बजेके को 18 मार्च को पकड़ा गया था। भगवंत सिंह मोगा जिले के बजेके गांव का रहने वाला है। भगवान सिंह को पकड़ने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस टीम को करीब देख वह फेसबुक पर लाइव हो गया था। मोगा पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद उसे अमृतसर ग्रामीण पुलिस को सौंप दिया गया, जिसके पास NSA के तहत गिरफ्तारी वारंट था।

कैसे पकड़ा गया भगवंत सिंह उर्फ परधान मंत्री?

18 मार्च को जब पुलिस की टीम अमृतपाल सिंह (Amritpal Singh) को गिरफ्तार करने की तैयारी कर रही थी, ठीक उसी वक्त पुलिस की एक दूसरी टीम भगवंत सिंह को पकड़ने मोगा स्थित उसके गांव पहुंची। उस वक्त भगवंत सिंह खेत में काम कर रहा था। पुलिस टीम को आता देख वह फेसबुक पर लाइव हो गया और चीख- चीखकर पंजाबी में कहने लगा, ‘देखो पुलिस आ गई मेरे खेत में… घेरा बना लिया है… इस वीडियो को ज्यादा से ज्यादा शेयर करो…।

TikTok और इंस्टा रील बनाने का शौकीन

पुलिस के मुताबिक भगवंत सिंह सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर भी है। उसे टिक टॉक, यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, जैसे प्लेटफॉर्म के लिए वीडियो बनाने का शौक है। वह फेसबुक पर परधान मंत्री बजेके के नाम से अपना पेज भी चलाता है, जिस पर सोशल ओर पॉलिटिकल मुद्दों पर से सटायर वीडियो पोस्ट करता है।

भगवंत सिंह का कैसे पड़ा परधान मंत्री नाम?

साल 2020 में एक लोकल वेब चैनल को दिए इंटरव्यू में उसने बताया था कि वह सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होना चाहता था, इसलिए खुद अपना नाम परधान मंत्री रख लिया। भगवंत सिंह ने बताया कि उसने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री के नाम से एक पेज देखा था। इसीलए उसने अपने पेज का नाम परधान मंत्री रख लिया। इस इंटरव्यू में वह कहता है कि अगर मैं सोशल मीडिया से अपनी आजीविका चला रहा हूं तो किसी को क्या परेशानी हो सकती है?

बता दें कि भगवंत सिंह के फेसबुक पर करीब 6.11 लाख फॉलोअर हैं। उसके इंस्टाग्राम, यूट्यूब चैनल ब्लॉक कर दिए गए हैं।

भगवंत सिंह पर 8 मुकदमे दर्ज हैं

मोगा पुलिस ने बताया कि भगवंत सिंह (Bhagwant Singh alias Pardhan Mantri Bajeke) पर पहले से 8 एफआईआर दर्ज हैं। जिसमें हत्या का प्रयास, एनडीपीएस एक्ट जैसे मामले हैं। साल 2015 में उसके खिलाफ एक जमीन से जुड़े मामले में हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज हुआ था। साल 2017 में कथित तौर पर 400 ग्राम अफीम बरामद की गई थी। एक इंटरव्यू में भगवंत सिंह ने कहा था कि जाट कम्युनिटी से आने वाले लोगों के लिए इस तरह के मुकदमे बहुत आम हैं।

अमृतपाल सिंह के संपर्क में आते ही बदल ली वेशभूषा

पुलिस के मुताबिक भगवंत सिंह पिछले साल अमृतपाल सिंह के संपर्क में आया था और उसे सपोर्ट करना शुरू किया। पहले वह अपने वीडियो में सिर्फ टीशर्ट, शर्ट और ट्राउजर में दिखता था और पगड़ी भी नहीं पहनता था। लेकिन अमृतपाल सिंह के संपर्क में आने के बाद चोला (सिखों की पारंपरिक ड्रेस) पहनने लगा और पगड़ी भी धारण करने लगा। वह अपने साथ राइफल और तलवार जैसे हथियार भी लेकर चलता था और ‘वारिस पंजाब दे’ के लगभग सभी कार्यक्रमों में नजर आता था।

8वीं पास है भगवंत सिंह, 4 एकड़ जमीन का मालिक

पुलिस के दस्तावेजों के मुताबिक 38 साल का भगवंत सिंह आठवीं तक पढ़ा है। उसके पास 4 एकड़ जमीन है। साथ ही एक घर भी है। भगवंत सिंह अपने वीडियो में गाली गलौज भी करता नजर आता है। गांव के लोगों से भी उसकी अक्सर अनबन रहती है। पुलिस के मुताबिक अमृतपाल सिंह के संपर्क में आने के बाद पिछले साल नवंबर में भगवंत सिंह के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर हथियार लहराने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था। रिकॉर्ड के मुताबिक उसके पास किसी भी हथियार का कोई लाइसेंस नहीं है।

मोगा पुलिस के मुताबिक पिछले महीने अजनाला पुलिस स्टेशन पर हुए हमले में भगवंत सिंह का बड़ा रोल था। इसी के बाद वह पुलिस के रडार पर आया था। अमृतपाल सिंह के चाचा हरजीत सिंह ने एक इंटरव्यू में उसका बचाव करते हुए कहा था कि परधान मंत्री बजेके जैसे लोग सिर्फ आम समर्थक हैं।

पढें मुद्दा समझें (Explained News) खबरें, ताजा हिंदी समाचार (Latest Hindi News)के लिए डाउनलोड करें Hindi News App.

First published on: 21-03-2023 at 13:08 IST
अपडेट