हाल ही में सोशल मीडिया पर सामने आए एक ऑडियो क्लिप के अनुसार, भगोड़े गैंगस्टर गोल्डी बराड़ ने कनाडा में खालिस्तानी अलगाववादी नेता हरदीप सिंह निज्जर की 2023 में हुई हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया है।

निज्जर की हत्या के बाद कनाडा के तत्कालीन प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा था कि कनाडाई सुरक्षा एजेंसियां इस मामले में भारतीय एजेंटों की ‘संभावित संलिप्तता’ की जांच कर रही हैं। भारत ने हालांकि इन आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया था, लेकिन इस घटनाक्रम के बाद दोनों देशों के बीच कूटनीतिक संबंधों में तनाव काफी बढ़ गया था।

इस ऑडियो क्लिप में बराड़ ने दावा किया है कि निज्जर की हत्या इसलिए की गई क्योंकि वह नाबालिगों को मादक पदार्थ (ड्रग्स) बेचने के लिए उकसाता था और उनका इस्तेमाल करता था। बराड़ कई आपराधिक मामलों में वांछित है। बीते महीने अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई ने उसकी जानकारी देने वाले के लिए 50,000 डॉलर के इनाम की घोषणा की थी। इसके अलावा भारत सरकार पहले ही उसे गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (UAPA) के तहत आतंकवादी घोषित कर चुकी है।

कौन गोल्डी बराड़?

बराड़ मूल रूप से पंजाब के फरीदकोट जिले का रहने वाला है। वह गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का करीबी सहयोगी है, जिसके गैंग ने 2022 में पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला और 2024 में वरिष्ठ कांग्रेस नेता बाबा सिद्दीकी की हत्या की जिम्मेदारी ली थी। बिश्नोई पंजाब में जबरन वसूली का गिरोह चलाने में भी शामिल रहा है और 2021 में युवा कांग्रेस नेता गुरलाल पहलवान की हत्या में भी उसका हाथ होने का आरोप है।

पंजाब के पूर्व पुलिस महानिदेशक (DGP) वी.के. भावरा ने कहा था कि सिद्धू मूसेवाला की हत्या का संबंध अकाली दल के नेता विक्की मिड्डूखेड़ा की हत्या से हो सकता है। बाद में गोल्डी बराड़ के नाम से जारी एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया कि मूसेवाला की हत्या, उत्तर भारत में गैंगवार से जुड़ी मिड्डूखेड़ा की हत्या का बदला लेने के लिए की गई थी।

देश की केंद्रीय एजेंसियों द्वारा तैयार की गई बराड़ की आपराधिक फाइल (डोज़ियर) के अनुसार, वह प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन ‘बब्बर खालसा इंटरनेशनल’ से जुड़ा हुआ है। डोज़ियर के मुताबिक, गोल्डी सीमा पार की एजेंसियों की मदद से कई हत्याओं में शामिल रहा है और कट्टरपंथी विचारधारा का प्रचार करता है। वह राष्ट्रवादी नेताओं को धमकी भरे कॉल करने, रंगदारी मांगने और सोशल मीडिया पर हत्याओं की जिम्मेदारी लेने वाली पोस्ट डालने में शामिल पाया गया है।

डोज़ियर में यह भी कहा गया है, “वह सीमा पार से ड्रोन के ज़रिए आधुनिक हथियार, गोला-बारूद और विस्फोटक सामग्री मंगवाने और हत्याओं को अंजाम देने के लिए उनकी आपूर्ति करने के अलावा शार्पशूटरों को मुहैया कराने में शामिल रहा है।”

साल 2022 में बराड़ के कनाडा में छिपे होने और वहीं से पंजाब में गिरोह चलाने की आशंका जताई गई थी। हालांकि, वह लगातार अपने ठिकाने बदलता रहता है।

एफबीआई का आरोप है कि गोल्डी फिलहाल अमेरिका में मौजूद है। इस साल जुलाई में अमेरिका ने लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बराड़ पर निज्जर की हत्या की साजिश रचने का आरोप दर्ज किया था, जिसके बाद एफबीआई ने उस पर इनाम की घोषणा की। इसी महीने कनाडा की ओर से भी स्पष्ट किया गया कि इस हत्या में भारत सरकार की संलिप्तता का कोई सबूत नहीं मिला है।

गोल्डी बराड़ का कनाडा से क्या संबंध है?

गोल्डी बराड़ के चचेरे भाई गुरलाल बराड़ की 2021 में चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में एक डिस्को के बाहर हत्या कर दी गई थी। गुरलाल, बिश्नोई और गोल्डी का बेहद करीबी था। इस हत्या का बदला लेने के लिए गोल्डी बराड़ ने कथित तौर पर फरीदकोट में गुरलाल पहलवान की हत्या करवाई। जब पुलिस ने बराड़ को मुख्य आरोपी बनाया, तो वह गिरफ्तारी से बचने के लिए कनाडा भाग गया और वहीं से अपना आपराधिक नेटवर्क चलाने लगा।

एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) ने 1 मई 2022 को बठिंडा से गोल्डी बराड़ के तीन सहयोगियों को गिरफ्तार किया। वे रंगदारी के सिलसिले में इलाके के एक उद्योगपति को निशाना बनाने वाले थे। पुलिस के मुताबिक, गोल्डी जेल में बंद लॉरेंस बिश्नोई के साथ तालमेल बिठाकर भारत में अपनी वारदातों को अंजाम दिलवाता है।

हरदीप सिंह निज्जर कौन था?

भारत सरकार के अनुसार, निज्जर ‘खालिस्तान टाइगर फोर्स’ (KTF) के लिए भर्ती, धन उपलब्ध करवाने और गतिविधियों को अंजाम देने में शामिल था। KTF को 2023 में UAPA के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया था। निज्जर 1997 में कनाडा का नागरिक बन गया था। जून 2023 में ब्रिटिश कोलंबिया के सरे में एक गुरुद्वारे के बाहर उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

यह भी पढ़ें- ऑपरेशन ‘हार्डबॉल’ क्या है? जिसके तहत भारत ने अमेरिका के साथ साझा की थी गैंगस्टरों की सूची

ऑपरेशन हार्डबॉल की तैयारी के दौरान अमेरिकी कानून प्रवर्तन अधिकारियों ने भारत में कई केंद्रीय एजेंसियों के साथ कई बैठकें की थीं। इन बैठकों में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई, गोल्डी बरार, रोहित गोदारा, जगगु भगवानपुरिया और उनके सहयोगियों के बारे में जानकारी साझा की गईं और उसकी पुष्टि की। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।