चार राज्यों में हुए विधान परिषद (एमएलसी) चुनावों में 28 सीटों में से कांग्रेस को एक सीट मिले। इसपर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कांग्रेस पर तंज कसा। इसकी वजह यह है कि चुनावों में हार के बाद वह ईवीएम पर सवाल उठाती रही है और बैलेट से मतदान कराने की मांग करती रही है। विधान परिषद में चुनाव इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (ईवीएम) के बजाय बैलेट पेपर से होते हैं।
प्रधानमंत्री की टिप्पणी के बाद एक बार फिर ईवीएम और बैलेट पेपर से मतदान कराने को लेकर बहस शुरू हो गई है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि भारत में किन-किन चुनावों में बैलेट पेपर से मतदान कराया जाता है।
भारत में किन चुनावों में बैलेट पेपर का इस्तेमाल होता है?
ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और जिला परिषद के ज्यादातर चुनाव बैलेट पेपर से होते हैं। पंचायती राज मंत्रालय के सहयोग से भारतीय लोक प्रशासन संस्थान (आईआईपीए) ने 2023 में एक अध्ययन किया था। इस अध्ययन में बताया गया कि देश के 53 प्रतिशत राज्यों में ग्राम पंचायत चुनावों के लिए बैलेट पेपर का इस्तेमाल किया जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, सिर्फ तीन राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों- केरल, सिक्किम तथा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव में सभी ग्राम पंचायत सीटों पर ईवीएम से चुनाव होते हैं। बाकी राज्य धीरे-धीरे ईवीएम का इस्तेमाल शुरू कर रहे हैं। इनमें से 22 प्रतिशत राज्यों ने कुछ सीटों पर ईवीएम से मतदान कराना शुरू कर दिया है, जबकि बाकी सीटों पर अब भी बैलेट पेपर का इस्तेमाल होता है।
रिपोर्ट में बताया गया कि पंचायत चुनावों के ऊपरी स्तर यानी पंचायत समिति और जिला पंचायत के चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल करने वाले राज्यों की हिस्सेदारी अधिक है। उदाहरण के लिए, जिला पंचायत चुनावों में 17 प्रतिशत राज्य सभी सीटों पर ईवीएम से मतदान कराते हैं।
रिपोर्ट में यह भी बताया गया कि बैलेट पेपर से चुनाव कराने वाले राज्यों ने इसके पीछे पैसों की कमी और ईवीएम के इस्तेमाल को लेकर जागरूकता की कमी को बड़ी वजह बताया। हालांकि, रिपोर्ट ने इस तर्क पर सवाल उठाया। इसमें कहा गया कि यही मतदाता विधानसभा और लोकसभा चुनावों में ईवीएम से वोट डालते हैं। ऐसे में यह तर्क सही नहीं लगता कि मतदाताओं को ईवीएम का इस्तेमाल करना नहीं आता।
रिपोर्ट के मुताबिक, बैलेट पेपर से पड़े वोटों की गिनती करना भी मुश्किल और समय लेने वाला काम है। इसके लिए बड़ी संख्या में कर्मचारियों की जरूरत पड़ती है। इसके अलावा, बैलेट पेपर का इस्तेमाल पर्यावरण के लिहाज से भी ठीक नहीं है।
महाराष्ट्र के चंद्रपुर में पूर्व सरपंच रह चुके कल्याण कुमार ने बताया कि ग्रामीण निकायों के चुनाव में तहसीलदार मतदान से कुछ दिन पहले उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न आवंटित करते हैं। उम्मीदवारों से तीन चुनाव चिह्नों के विकल्प मांगे जाते हैं और उनमें से एक चिह्न दे दिया जाता है। ये चिह्न राजनीतिक दलों के जाने-पहचाने चुनाव चिह्नों से अलग होते हैं।
कल्याण कुमार के मुताबिक, इन चुनावों में उम्मीदवार की विचारधारा से ज्यादा यह मायने रखता है कि वह अपने मतदाताओं के संपर्क में कितना रहता है और उनके रोजमर्रा के काम कराने में कितनी मदद करता है। इन चुनावों में जीत से पता चलता है कि उम्मीदवार का मतदाताओं से कितना जुड़ाव है।
बिहार के एक अधिकारी ने नाम न छापने की शर्त पर द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि ग्राम पंचायत, पंचायत समिति और दूसरे ग्रामीण निकायों के चुनाव लगभग एक ही समय पर होते हैं। ऐसे में बैलेट पेपर का इस्तेमाल करना ज्यादा सुविधाजनक होता है, क्योंकि इतने सारे चुनावों के लिए बड़ी संख्या में ईवीएम का इंतजाम करना मुश्किल हो सकता है। हालांकि, उन्होंने माना कि बैलेट पेपर से वोटों की गिनती करना काफी मुश्किल होता है।
कुछ राज्य पंचायत चुनावों में ईवीएम का इस्तेमाल कैसे करते हैं, जबकि उम्मीदवारों के चुनाव चिह्न राजनीतिक दलों के पारंपरिक चुनाव चिह्नों से अलग होते हैं? इस सवाल पर पूर्व चुनाव आयुक्त अशोक लवासा ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि इसके लिए ‘सिंबल लोडिंग’ नाम की प्रक्रिया अपनाई जाती है। इसके तहत चुनाव में इस्तेमाल होने वाले चुनाव चिह्न ईवीएम में दर्ज किए जाते हैं।
नगर निगम चुनावों के बारे में अशोक लवासा ने बताया कि ये राज्य चुनाव आयोगों के अधिकार क्षेत्र में आते हैं। इसलिए राज्य चुनाव आयोग ही तय करते हैं कि चुनाव ईवीएम से कराए जाएंगे या बैलेट पेपर से।
उदाहरण के लिए, दिल्ली नगर निगम के चुनाव ईवीएम से होते हैं, जबकि पंजाब ने 2026 में बैलेट पेपर से चुनाव कराने का फैसला किया। पंजाब और हरियाणा हाई कोर्ट ने कहा कि पंजाब नगर निगम चुनाव नियम, 1994 में बैलेट पेपर और ईवीएम, दोनों से चुनाव कराने का प्रावधान है। इसलिए राज्य निर्वाचन आयोग को इनमें से किसी भी तरीके से चुनाव कराने का अधिकार है।
छात्र संघ के चुनाव भी ईवीएम या बैलेट पेपर, दोनों तरीकों से होते हैं। उदाहरण के लिए, दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) के चुनाव ईवीएम से कराए जाते हैं। वहीं, जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय छात्र संघ (जेएनयूएसयू) के चुनाव बैलेट पेपर से कराए जाते हैं।
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक हर्ष अत्री ने बताया कि ईवीएम में उम्मीदवारों के नाम अंग्रेजी वर्णमाला के क्रम में दिखाई देते हैं। इन चुनावों में उम्मीदवार का नाम और उसके नाम के सामने दिया गया बैलेट नंबर महत्वपूर्ण होता है।
एकल हस्तांतरणीय मत प्रणाली क्या है?
कुछ चुनाव ऐसे भी हैं, जिनमें बैलेट पेपर का इस्तेमाल करना जरूरी होता है। ऐसा उन चुनावों में होता है, जिनमें एकल हस्तांतरणीय मत प्रणाली (सिंगल ट्रांसफरेबल वोट) अपनाई जाती है।
भारतीय संविधान के अनुच्छेद 171 के तहत विधान परिषद के चुनाव इसी प्रणाली से होते हैं। इस व्यवस्था में मतदाता को बैलेट पेपर पर अपनी पसंद के उम्मीदवारों को प्राथमिकता के क्रम में रखना होता है। यानी वह अपनी पहली पसंद, दूसरी पसंद, तीसरी पसंद और इसी तरह आगे की पसंद दर्ज करता है। जरूरत पड़ने पर मतदाता का वोट उसकी अगली पसंद के उम्मीदवार को हस्तांतरित किया जा सकता है। इसी वजह से इस व्यवस्था में ईवीएम के बजाय बैलेट पेपर का इस्तेमाल होता है।
राज्यसभा के चुनाव भी एकल हस्तांतरणीय मत प्रणाली के तहत होते हैं। इनमें विधायक बैलेट पेपर पर उम्मीदवारों के सामने अपनी पहली, दूसरी और उसके बाद की पसंद दर्ज करते हैं।
राज्यसभा चुनाव में किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए कितने वोटों की जरूरत होगी, यह एक तय फॉर्मूले से निकाला जाता है। इसके लिए राज्य में मतदान करने वाले कुल विधायकों की संख्या को चुनाव में भरी जाने वाली सीटों की संख्या में एक जोड़कर मिली संख्या से भाग दिया जाता है। इसके बाद भाग देने से मिले नतीजे में एक जोड़ दिया जाता है। इस तरह जीत के लिए जरूरी वोटों की संख्या तय होती है।
इसे एक उदाहरण से समझते हैं। मान लीजिए किसी राज्य में कुल 200 विधायक मतदान कर रहे हैं और राज्यसभा की चार सीटों के लिए चुनाव हो रहा है। ऐसे में 200 को चार में एक जोड़कर यानी पांच से भाग दिया जाएगा। इससे 40 का आंकड़ा मिलेगा। अब इसमें एक जोड़ने पर 41 होगा। यानी किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए 41 वोट हासिल करने होंगे।
लेकिन इस चुनाव में सिर्फ पहली पसंद के वोटों के आधार पर ही सभी सीटों का फैसला नहीं होता। विधायक अपनी पहली पसंद के साथ-साथ दूसरी, तीसरी और उसके बाद की पसंद भी दर्ज करते हैं। राज्यसभा चुनाव में मतदान खुली मतपत्र व्यवस्था के तहत होता है।
इस व्यवस्था में अगर किसी उम्मीदवार को पहली पसंद के 41 वोट मिल जाते हैं, तो उसे विजयी घोषित कर दिया जाता है। लेकिन अगर सभी सीटें इस तरह नहीं भर पाती हैं, तो जीत चुके उम्मीदवारों को मिले अतिरिक्त वोट दूसरी पसंद के उम्मीदवारों को हस्तांतरित किए जाते हैं।
इसे फिर उसी उदाहरण से समझते हैं। जीतने के लिए 41 वोटों की जरूरत है। अगर किसी उम्मीदवार को पहली पसंद के 45 वोट मिलते हैं, तो उसके पास जीत के लिए जरूरी संख्या से चार वोट ज्यादा हैं। इन चार अतिरिक्त वोटों को उन विधायकों की दूसरी पसंद वाले उम्मीदवारों को हस्तांतरित किया जाएगा, जिन्होंने पहले उम्मीदवार को अपनी पहली पसंद बताया था।
अगर एक से ज्यादा विजयी उम्मीदवारों के पास अतिरिक्त वोट हैं, तो सबसे पहले उस उम्मीदवार के अतिरिक्त वोट हस्तांतरित किए जाएंगे, जिसके पास सबसे ज्यादा अतिरिक्त वोट हैं।
अगर इसके बाद भी सभी सीटें नहीं भरती हैं, तो पहली पसंद के सबसे कम वोट पाने वाले उम्मीदवार को चुनाव से बाहर कर दिया जाता है। उसके बैलेट पेपर पर दर्ज दूसरी पसंद के वोटों को दूसरे उम्मीदवारों के खाते में हस्तांतरित कर दिया जाता है।
यह प्रक्रिया तब तक जारी रहती है, जब तक चुनाव की सभी सीटें नहीं भर जातीं।
यह भी पढ़ें-MLC चुनावः सिर्फ 6 राज्यों में ही क्यों हैं विधान परिषद, कैसे होता है सदस्यों का चुनाव? EXPLAINED
बिहार और उत्तर प्रदेश समेत चार राज्यों में 28 विधान परिषद सीटों के लिए चुनाव हो रहे हैं। राजनीतिक दल अपने-अपने उम्मीदवारों के पीछे लामबंद हैं, तो कुछ सीटों पर बगावत देखने को भी मिले। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
