त्योहारों का मौसम शुरू होते ही मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। लोग न केवल अपने इस्तेमाल के लिए मिठाइयां खरीदते हैं, बल्कि उपहार में देने के लिए भी मिठाइयां खरीदते हैं। ऐसे में घरों में उपयोग से ज्यादा मिठाइयां जमा हो जाती है। इसलिए यह जानना भी जरूरी हो जाता है कि आखिर कितने दिनों तक इन मिठाइयों का इस्तेमाल किया जा सकता है, और कितने दिनों के बाद ये खराब हो जाती है।
उत्तर प्रदेश में इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मिठाई की दुकानों को 15 अक्टूबर से बिक्री के लिए रखी गई सभी मिठाइयों पर उनकी इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखनी होगी। यह नियम दुकानों में ट्रे और काउंटर पर रखी मिठाइयों के साथ-साथ बिक्री के लिए भंडार में रखी मिठाइयों पर भी लागू होगा।
खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की आयुक्त डॉ. रोशन जैकब ने 24 सितंबर को ही यह आदेश जारी कर दिया था। अधिकारियों ने बताया कि इस आदेश का मुख्य उद्देश्य ग्राहकों को यह स्पष्ट जानकारी देना है कि किसी मिठाई को कितने समय तक खाना सुरक्षित है।
आदेश के तहत मिठाई की दुकानों को खुद तय करना होगा कि उनकी मिठाइयां कितने समय तक इस्तेमाल करने योग्य रहेंगी। साथ ही, तय अवधि के दौरान मिठाई की गुणवत्ता और सुरक्षा बनाए रखने की जिम्मेदारी भी उन्हीं की होगी।
आइए समझते हैं कि इस आदेश का ग्राहकों और मिठाई विक्रेताओं पर क्या असर पड़ेगा।
खुले में बिकने वाली मिठाइयों पर लागू होगा नियम
आदेश में कहा गया है कि पैकेट में बिकने वाली मिठाइयों पर इस्तेमाल की अंतिम तारीख लिखना पहले से अनिवार्य है, लेकिन खुले में बिकने वाली मिठाइयों के लिए ऐसा कोई नियम नहीं था।
नए नियम के तहत दुकानों में रखी मिठाइयों पर भी यह तारीख लिखनी होगी। इससे ग्राहक मिठाई खरीदते समय खुद देख सकेंगे कि उसे कब तक खाना चाहिए। उन्हें मिठाई की ताजगी के बारे में सिर्फ दुकानदार की बात पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।
मिठाई की इस्तेमाल की अवधि कौन तय करेगा?
सरकार ने सभी मिठाइयों के लिए इस्तेमाल की कोई एक निश्चित अवधि तय नहीं की है। आदेश के मुताबिक, मिठाई के प्रकार के आधार पर यह अवधि एक से 30 दिन तक हो सकती है।
इसका मतलब यह नहीं है कि हर मिठाई को 30 दिनों तक बेचा जा सकता है। मिठाई बनाने और बेचने वाले कारोबारी सामग्री, बनाने की प्रक्रिया और भंडारण की परिस्थितियों को ध्यान में रखकर उसकी इस्तेमाल की अवधि तय करेंगे।
मिठाई विक्रेताओं का क्या कहना है?
मिठाई की दुकानों के मालिकों का कहना है कि उनके सामने असली चुनौती स्टिकर के कीमत की नहीं, बल्कि मिठाइयों पर तारीख लिखने की है। इससे अतिरिक्त काम बढ़ जाएगा। छोटी दुकानों को और भी दिक्कत हो सकती है, क्यों वहां कर्मचारियों की संख्या कम होती है।
बाबू राम मिष्ठान भंडार के संजय गुप्ता ने द इंडियन एक्सप्रेस से कहा, “सरकार ने हमें ऐसा करने का निर्देश दिया है, इसलिए हम इसका पालन करेंगे और मिठाइयों की ट्रे पर स्टिकर लगाएंगे। यहां खर्च कोई मुद्दा नहीं है, क्योंकि स्टिकर की कीमत बहुत कम है। चिंता सिर्फ इतनी है कि किसी को इन्हें लगाने और हटाने का अतिरिक्त काम करना पड़ेगा।”
नाम न छापने की शर्त पर एक दुकान मालिक ने बताया कि कई बड़ी दुकानें पहले से ही मिठाई के डिब्बों पर स्टिकर लगाती हैं। इन पर ग्राहकों को मिठाई 24 घंटे या तीन दिन के भीतर खाने की सलाह दी जाती है। यह अवधि मिठाई के प्रकार पर निर्भर करती है।
दुकानदार ने कहा, “मिठाई की ज्यादातर बड़ी दुकानें पहले से ही डिब्बों पर स्टिकर लगाकर ग्राहकों को बताती हैं कि मिठाई 24 घंटे, तीन दिन आदि के भीतर खा लेनी चाहिए। लेकिन अब आदेश के तहत हमें मिठाइयों की ट्रे पर भी स्टिकर लगाने होंगे। हम ऐसा करेंगे, लेकिन कम कर्मचारियों वाले छोटे दुकानदारों के लिए यह मुश्किल हो सकता है।”
नियम लागू कराने के लिए कोई विशेष अभियान है?
डॉ. जैकब ने द इंडियन एक्सप्रेस को बताया कि यह पहल उपभोक्ताओं में जागरूकता बढ़ाने और खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विभाग के ‘शुद्ध ही शुभ है’ अभियान का हिस्सा है।
आयुक्त ने कहा, “यह नियम लागू कराने के लिए चलाया जा रहा कोई विशेष अभियान नहीं है। यह खाद्य सुरक्षा से जुड़ा जागरूकता अभियान है। हम इस पर काम कर रहे हैं, लेकिन पहले हमारा ध्यान उत्पादन से जुड़े क्षेत्रों पर ज्यादा था। इनमें दूध, मसाले, पानी और दूसरे उत्पाद शामिल थे। साल के इस समय इन चीजों की खपत सबसे ज्यादा होती है, इसलिए हम एक-एक करके अलग-अलग क्षेत्रों पर ध्यान दे रहे हैं। त्योहार नजदीक हैं, इसलिए अब हमारा ध्यान मिठाइयों पर है।”
डॉ. रोशन जैकब ने बताया कि नियम का पालन नहीं करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है या दुकान का लाइसेंस लेकर कार्रवाई की जा सकती है।
मिठाई की गुणवत्ता और सुरक्षा की जिम्मेदारी किसकी होगी?
दुकानदार को यह सुनिश्चित करना होगा कि बताई गई अवधि के दौरान मिठाई खाद्य सुरक्षा और गुणवत्ता के तय मानकों पर खरी उतरे। उदाहरण के लिए, अगर कोई दुकानदार किसी मिठाई की इस्तेमाल की अवधि पांच दिन बताता है, तो उचित रखरखाव और भंडारण की शर्तों के तहत उस मिठाई को इन पांच दिनों तक तय मानकों पर खरा उतरना होगा।
इस आदेश का कानूनी आधार क्या है?
यह आदेश खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा 18(1)(a) और 30(2)(d) के तहत जारी किया गया है।
धारा 18(1)(a) के तहत मानव जीवन और स्वास्थ्य की रक्षा करने के साथ उपभोक्ताओं के हितों का ध्यान रखना जरूरी है। इसके तहत खाद्य सुरक्षा के नियमों का पालन और खाद्य कारोबार में उचित व्यवहार सुनिश्चित करना भी शामिल है।
धारा 30(2)(d) के मुताबिक, अधिकारियों को यह सुनिश्चित करना होगा कि खाद्य सुरक्षा के नियमों को सही तरीके से और एकसमान लागू किया जाए। साथ ही, कामकाज में निष्पक्षता, जवाबदेही, पारदर्शिता और भरोसा बनाए रखना भी जरूरी है।
ग्राहकों को किन बातों का ध्यान रखना चाहिए?
15 अक्टूबर से मिठाई खरीदते समय उसकी इस्तेमाल की अंतिम तारीख जरूर देखें। खासकर खुली मिठाई खरीदते समय इस बात का ध्यान रखें। अगर तारीख नहीं लिखी है या साफ नहीं दिख रही है, तो दुकानदार से पूछें। तारीख निकलने के बाद मिठाई न खाएं।
यह भी पढ़ें-संभल केसः क्या पुलिस के सामने दिए गए बयान के आधार पर एनएसए के तहत हिरासत में रखा जा सकता है, कोर्ट ने क्या कहा?
उच्चतम न्यायालय ने मंगलवार को 2024 में संभल की शाही जामा मस्जिद के सर्वे के दौरान हुई हिंसा के आरोपी मुल्ला अफरोज की राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (NSA) के तहत की गई हिरासत रद्द कर दी। न्यायालय ने कहा कि हिरासत में रखने के लिए जिन सबूतों और तथ्यों पर भरोसा किया गया, वे रिकॉर्ड में स्पष्ट रूप से मौजूद नहीं थे। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
