समोसे के साथ मिलने वाली चटक लाल चटनी और स्कूलों के बाहर बिकने वाली बुढ़िया के गुलाबी बालों को देखकर शायद ही कोई सोचता हो कि इनका रंग इतना चमकीला कैसे है। लेकिन उत्तर प्रदेश में खाने में औद्योगिक रंगों को मिलाने पर सख्त कार्रवाई की जा रही है, क्योंकि चमकीले दिखने वाले ये रंग स्वास्थ्य के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं।

दीवाली नजदीक है और बाजारों में मिठाइयों से लेकर नमकीन तक की खरीदारी बढ़ने वाली है। ऐसे में उत्तर प्रदेश के खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FSDA) ने खाद्य पदार्थों में रंगों के इस्तेमाल को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं। विभाग ने साफ कर दिया है कि किस चीज में रंग डाल सकते हैं और किस चीज में नहीं। साथ ही विभाग ने रंगों की मात्रा से लेकर उनकी खरीद का हिसाब रखने तक नियमों के पालन के संबंध में निर्देश दिए हैं।

इन नियमों का सबसे ज्यादा असर सड़क किनारे खाने-पीने की चीजें बेचने वालों, मिठाई की दुकानों और बेकरी कारोबारियों पर पड़ेगा।

लाल चटनी और गुलाबी कॉटन कैंडी पर क्यों है नजर?

समोसे, चाट, मोमोज और रोल के साथ मिलने वाली लाल और हरी चटनी से शुरुआत करते हैं। अब दुकानदार चटनी को ज्यादा चमकीला दिखाने के लिए उसमें अलग से रंग नहीं मिला सकेंगे। विभाग ने इसके बजाय टमाटर, चुकंदर, धनिया और पुदीने जैसी प्राकृतिक सामग्री इस्तेमाल करने की सलाह दी है। इनसे चटनी को मनचाहा रंग और स्वाद दिया जा सकता है।

बच्चों को लुभाने वाली गुलाबी कॉटन कैंडी और रंगीन बर्फ की चुस्की भी जांच के दायरे में हैं। इनमें रोडामाइन-बी जैसे औद्योगिक रंगों का इस्तेमाल पूरी तरह प्रतिबंधित है। इस रंग का इस्तेमाल कपड़ों और कागज को रंगने में होता है, खाने में नहीं।

यही नियम चिकन टिक्का, कबाब, चाप और तली हुई मछली पर भी लागू होता है। इन्हें चटक लाल दिखाने के लिए औद्योगिक रंग नहीं मिलाए जा सकते। दुकानदारों को रंग और स्वाद के लिए कश्मीरी लाल मिर्च और देगी मिर्च जैसी खाद्य सामग्री इस्तेमाल करने की सलाह दी गई है।

छोटे दुकानदारों में ज्यादा दिखता है रोडामाइन-बी का इस्तेमाल

रोडामाइन-बी का इस्तेमाल कितना आम है? इस सवाल पर खाद्य सुरक्षा विभाग के एक अधिकारी ने पहले द इंडियन एक्सप्रेस को बताया था कि छोटे शहरों में सड़क किनारे लगने वाली दुकानों पर इस रंग का इस्तेमाल देखने को मिलता है।

अधिकारी के मुताबिक, छोटे दुकानदारों को अक्सर पता ही नहीं होता कि यह रंग सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकता है। उन्होंने कहा था, “इसका असर हमेशा तुरंत दिखाई नहीं देता। दुकानदार किसी दुकान पर जाकर सिर्फ लाल रंग मांग सकते हैं, बिना यह जाने कि वह रंग खाने के लिए सुरक्षित है या नहीं।”

अधिकारी ने बताया था कि दिल्ली और मुंबई जैसे बड़े शहरों में आम तौर पर ऐसा कम देखने को मिलता है। हालांकि, पके हुए खाने में किसी भी तरह का रंग मिलाने की अनुमति नहीं है, फिर भी वहां बटर चिकन और तंदूरी चिकन को लाल रंग देने के लिए आम तौर पर खाद्य रंगों का इस्तेमाल किया जाता है।

रंग से बढ़ सकती है लिवर और किडनी की परेशानी

खाने को चमकीला बनाने के लिए इस्तेमाल होने वाले सभी रंग एक जैसे नहीं होते। कुछ रंग खास खाद्य पदार्थों में तय मात्रा के भीतर इस्तेमाल किए जा सकते हैं, जबकि कुछ औद्योगिक रंगों का खाने में इस्तेमाल प्रतिबंधित है।

दिशा-निर्देशों में रोडामाइन-बी, मेटानिल येलो, बटर येलो, मैलाकाइट ग्रीन, ऑरामाइन, ऑरेंज-2 और सूडान रंगों को प्रतिबंधित औद्योगिक रंगों में शामिल किया गया है। इनका गलत इस्तेमाल कई तरह से हो सकता है। मसलन, कॉटन कैंडी, चटनी और मिठाइयों को गहरा गुलाबी या लाल दिखाने के लिए। हल्दी, दालों, मिर्च पाउडर और दूसरे मसालों का रंग ज्यादा चमकीला बनाने के लिए भी ऐसे रंग मिलाए जा सकते हैं। सूडान रंगों का संबंध खाद्य तेलों और पैकेट में मिलने वाली सॉस में मिलावट से भी रहा है।

ऐसे रंगों का सेवन शरीर पर जहरीला असर डाल सकता है। कुछ रंग लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचा सकते हैं, जबकि कुछ से एलर्जी हो सकती है। नुकसान कितना होगा, यह रंग के प्रकार और शरीर में पहुंचने वाली उसकी मात्रा पर निर्भर करता है।

मसलन, रोडामाइन-बी के लंबे समय तक सेवन से लिवर की कार्यक्षमता प्रभावित हो सकती है और कैंसर का खतरा बढ़ सकता है। कम समय में इसकी बड़ी मात्रा शरीर में पहुंचने पर गंभीर विषाक्तता हो सकती है।

इसी तरह, टार्ट्राजीन नाम के कृत्रिम पीले रंग से फूड एलर्जी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। एलर्जी होने पर होंठ, जीभ, गले और गर्दन में सूजन आ सकती है।

लाल रंग कार्मोइसिन भी कुछ लोगों में एलर्जी जैसी प्रतिक्रिया पैदा कर सकता है। इससे त्वचा पर सूजन, पित्ती और सांस लेने में परेशानी हो सकती है। अस्थमा से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

क्या मिठाइयों और केक में रंग डाल सकते हैं?

रंगों पर पूरी तरह रोक नहीं है। मिठाइयों, केक और बेकरी के कुछ उत्पादों में कृत्रिम रंग इस्तेमाल किए जा सकते हैं, लेकिन इसके लिए रंग का स्वीकृत होना और उसकी मात्रा तय सीमा में रखना जरूरी है।

खाद्य सुरक्षा एवं मानक (खाद्य उत्पाद मानक और खाद्य सहायक पदार्थ) विनियम, 2011 के तहत कुछ मिठाइयों, टॉफी और अन्य मीठे उत्पादों, केक, पेस्ट्री, बिस्कुट, केक की सजावट में इस्तेमाल होने वाली आइसिंग, कुछ दुग्ध उत्पादों, प्रसंस्कृत फलों, पेय पदार्थों और नमकीन में निर्धारित कृत्रिम रंगों की अनुमति है।

सूची में शामिल मिठाइयों और मीठे उत्पादों में स्वीकृत कृत्रिम रंगों की सामान्य अधिकतम सीमा 100 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम है। बेकरी के निर्धारित उत्पादों पर भी यही सामान्य सीमा लागू होती है।

प्रसंस्कृत फलों के लिए अलग सीमाएं हैं। डिब्बाबंद या चमकदार परत चढ़ी चेरी में 200 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम और अन्य संबंधित प्रसंस्कृत फलों में 100 मिलीग्राम प्रति किलोग्राम तक रंग इस्तेमाल किया जा सकता है।

लेकिन यहां एक बात समझना जरूरी है कि खाने के लिए स्वीकृत रंग का मतलब यह नहीं कि उसे हर खाद्य पदार्थ में मिलाया जा सकता है। किसी केक में जिस रंग की अनुमति है, जरूरी नहीं कि वही रंग ब्रेड या चटनी में भी इस्तेमाल किया जा सके।

ऐसा इसलिए है क्योंकि हर खाद्य पदार्थ की प्रकृति अलग होती है। रंग की सुरक्षा इस बात पर भी निर्भर करती है कि उसे किस चीज में और कितनी मात्रा में मिलाया जा रहा है। खाना पकाते समय गर्मी से रंग में बदलाव हो सकता है और कुछ स्थितियों में दूसरे पदार्थ भी बन सकते हैं। भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण के मुताबिक, तेल में देर तक तले जाने वाले नमकीन में रंग के इस्तेमाल का आकलन करते समय यह देखना जरूरी हो सकता है कि रंग गर्मी सहन कर सकता है या नहीं।

प्राकृतिक रंगों के इस्तेमाल पर भी संबंधित खाद्य पदार्थ के नियम लागू होते हैं यानी प्राकृतिक होने भर से किसी रंग को हर चीज में मिलाने की छूट नहीं मिल जाती।

दूध, दाल और बिरयानी में रंग डालने की मनाही

कुछ खाद्य पदार्थ ऐसे हैं, जिनमें अलग से रंग मिलाने की अनुमति ही नहीं है। दूध और सादे दुग्ध उत्पादों, पाश्चुरीकृत दूध, क्रीम, सादा दही, बिना स्वाद वाले मक्खन, छेना और पनीर में रंग मिलाने की बिल्कुल अनुमती नहीं है। ताजे फल, कच्ची सब्जियां, प्राकृतिक फलों का रस, पैकेट में मिलने वाला पीने का पानी और मिनरल वॉटर भी इस सूची में शामिल हैं।

रसोई में इस्तेमाल होने वाली चीजों में पिसे मसाले, चाय, कॉफी, अनाज, दालें, आटा और सूजी में रंग मिलाने की अनुमति नहीं है। खाने के तेल, वसा, गुड़, शहद, सूखे मेवे, बच्चों के भोजन और मां के दूध के विकल्प के तौर पर इस्तेमाल होने वाले उत्पादों में भी अलग से रंग नहीं मिलाया जा सकता।

पकी हुई चीजों को लेकर भी नियम स्पष्ट हैं। दाल, सब्जी, बिरयानी, चटनी और फ्रेंच फ्राइज में रंग डालने की अनुमति नहीं है। ब्रेड और बन के मुख्य हिस्से में भी कृत्रिम रंग इस्तेमाल नहीं किए जा सकते।

अब चम्मच से अंदाजा लगाकर नहीं डाल सकेंगे रंग

रंग कौन-सा है, यह जानना ही काफी नहीं है। उसकी मात्रा कितनी है, यह भी उतना ही जरूरी है। इसी वजह से विभाग ने रंग मिलाने के तरीके पर भी सख्ती की है।

अब दुकानदार खुले पैकेट से सीधे खाना पकाने वाले बर्तन में रंग नहीं डाल सकेंगे। न ही चम्मच या चुटकी से अंदाजा लगाकर उसकी मात्रा तय कर सकेंगे। रंग की सही मात्रा मापने के लिए उपयुक्त डिजिटल तराजू का इस्तेमाल करना होगा। अगर तय मात्रा को ठीक से मापना संभव नहीं है, तो उस रंग का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।

खाद्य कारोबारियों को अधिकृत स्रोतों से ही रंग खरीदने होंगे। पैकेट पर लिखी जानकारी और आपूर्तिकर्ता का विवरण जांचना होगा। खरीद के बिल, रसीदें और बैच नंबर भी सुरक्षित रखने होंगे, ताकि निरीक्षण के दौरान इन्हें दिखाया जा सके।

खुले बाजार या सामान्य किराना दुकानों से मिलने वाले बिना लेबल के रसायनों और खुले रंगों का इस्तेमाल नहीं किया जा सकता। पैकेट में बिकने वाले खाद्य पदार्थों पर भी लेबल से जुड़े नियम लागू होंगे। जहां जरूरी हो, वहां स्वीकृत रंगों के इस्तेमाल की जानकारी देना अनिवार्य होगा।

नियम तोड़े तो लग सकता है जुर्माना, हो सकती है जेल

प्रतिबंधित औद्योगिक रंग मिलाना, जिस खाद्य पदार्थ में रंग की अनुमति नहीं है उसमें रंग डालना, तय सीमा से ज्यादा रंग इस्तेमाल करना या लेबल से जुड़े नियम तोड़ना महंगा पड़ सकता है। ऐसे मामलों में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई हो सकती है।

कानून में उल्लंघन की प्रकृति के हिसाब से अलग-अलग प्रावधान हैं।

धारा 51 — घटिया गुणवत्ता वाला खाद्य पदार्थ: इसके तहत पांच लाख रुपये तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।

धारा 52 — गलत लेबल या भ्रामक जानकारी वाला खाद्य पदार्थ: इस मामले में तीन लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। संबंधित अधिकारी गलती सुधारने या खाद्य पदार्थ नष्ट करने का निर्देश भी दे सकता है।

धारा 59 — असुरक्षित खाद्य पदार्थ: इसमें सजा इस बात पर निर्भर करती है कि खाने से कितना नुकसान हुआ। अगर किसी को हानि नहीं पहुंचती, तो छह महीने तक की कैद और एक लाख रुपये तक का जुर्माना हो सकता है। अगर असुरक्षित खाद्य पदार्थ खाने से किसी की मौत हो जाती है, तो आजीवन कारावास और कम से कम 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया जा सकता है। कानून में मामूली और गंभीर चोट के मामलों के लिए भी अलग-अलग सजा का प्रावधान है।

खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने मिठाई की दुकानों, बेकरी, रेस्तरां, होटलों, ढाबों, खाद्य पदार्थ बनाने वाली कंपनियों और सड़क किनारे खाने-पीने की चीजें बेचने वालों को इन नियमों का पालन करने का निर्देश दिया है। विभाग व्यापारिक संगठनों और खाद्य विक्रेताओं के समूहों के जरिए भी इन दिशा-निर्देशों का प्रचार करेगा।

खाने का रंग उसकी खूबसूरती बढ़ा सकता है, लेकिन सिर्फ चमकीला दिखने के लिए उसमें कोई भी रंग मिलाना सही नहीं है। जरूरी यह है कि रंग स्वीकृत हो, उसकी मात्रा तय सीमा में हो और उसे उसी खाद्य पदार्थ में इस्तेमाल किया जाए, जहां इसकी अनुमति है।

यह भी पढ़ें-बतानी होगी मिठाइयों के इस्तेमाल की आखिरी तारीख, जानिए क्या है उत्तर प्रदेश में लागू नया नियम? EXPLAINED

त्योहारों का मौसम शुरू होते ही मिठाइयों की मांग बढ़ जाती है। लोग न केवल अपने इस्तेमाल के लिए मिठाइयां खरीदते हैं, बल्कि उपहार में देने के लिए भी मिठाइयां खरीदते हैं। ऐसे में घरों में उपयोग से ज्यादा मिठाइयां जमा हो जाती है। इसलिए यह जानना भी जरूरी हो जाता है कि आखिर कितने दिनों तक इन मिठाइयों का इस्तेमाल किया जा सकता है, और कितने दिनों के बाद ये खराब हो जाती है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।