ऑनलाइन धोखाधड़ी और डिजिटल अरेस्ट की बढ़ती घटनाओं के बीच दूरसंचार विभाग ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। दूरसंचार कंपनियों को फोन पर कॉल करने वाले उन व्यक्तियों का नाम दिखाना अनिवार्य होगा, जिनका नाम कॉन्टैक्ट में सेव नहीं है।
अब जब आपके फोन पर कॉल आएगी, तो स्क्रीन पर फोन नंबर के साथ कॉल करने वाले का नाम भी दिखाई देगा। इस सुविधा को कॉलर नेम प्रेजेंटेशन (CNAP) कहते हैं। इससे आप फोन उठाने से पहले जान सकेंगे कि आपको कौन कॉल कर रहा है।
दूरसंचार विभाग ने अपने सर्कुलर में कहा, “जब किसी के फोन पर कॉल आती है, तो CNAP सेवा फोन स्क्रीन पर कॉल करने वाले का नाम दिखाती है। दूरसंचार कंपनी अपने ग्राहक रिकॉर्ड में जो नाम दर्ज करती है, वही नाम स्क्रीन पर दिखाई देता है।”
यह सुविधा कम से कम 4G नेटवर्क इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों को मिलेगी। 2G और 3G नेटवर्क के साथ-साथ लैंडलाइन फोन पर इसे लागू करने के बारे में विभाग अलग से फैसला करेगा।
कॉलर आईडी की नई व्यवस्था कैसे काम करेगी?
जिस दूरसंचार कंपनी के नेटवर्क से कॉल की जाएगी, वही कंपनी कॉल करने वाले का नाम दिखाएगी। आपको इसके लिए अलग से आवेदन करने या कोई अनुरोध करने की जरूरत नहीं होगी।
कॉल आने पर स्क्रीन पर दो जानकारियां दिखाई देंगी। पहली में कॉल करने वाले का फोन नंबर होगा, जैसा कि अभी दिखाई देता है। दूसरी में उसका नाम होगा। अगर आपने कॉल करने वाले का नंबर अपने फोन में सेव कर रखा है, तो स्क्रीन पर वही नाम दिखाई देगा जो आपने सेव किया है। अगर नंबर सेव नहीं है, तो देश के भीतर से आने वाली कॉल पर दूरसंचार कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम दिखाई देगा। विदेश से कॉल आने पर स्क्रीन पर ‘इंटरनेशनल कॉल’ लिखा आएगा।
दूरसंचार विभाग ने कंपनियों से ग्राहकों की निजता का ध्यान रखने को कहा है। कंपनियां कॉल खत्म होने के बाद कॉल करने वाले के नाम की जानकारी अपने पास सुरक्षित नहीं रख सकेंगी।
जिन ग्राहकों ने कॉलर लाइन आइडेंटिफिकेशन रिस्ट्रिक्शन (CLIR) सुविधा चालू कर रखी है, उन्हें इस व्यवस्था से छूट मिलेगी। ऐसे ग्राहकों के नाम CNAP के तहत दिखाई नहीं देंगे। विभाग ने कंपनियों से अपने ग्राहक रिकॉर्ड, नेटवर्क और कनेक्टिविटी से जुड़े तकनीकी ढांचे की सुरक्षा सुनिश्चित करने को भी कहा है।
बिजनेस नंबर और बड़ी संख्या में इस्तेमाल होने वाले नंबरों का क्या होगा?
बिजनेस नंबर या बड़ी संख्या में फोन कनेक्शन इस्तेमाल करने वाले ग्राहक स्क्रीन पर दिखाने के लिए अपनी पसंद का नाम चुन सकेंगे। यह नाम दूरसंचार कंपनी के रिकॉर्ड में दर्ज नाम से अलग हो सकता है। हालांकि, व्यापारी अपनी मर्जी से कोई भी नाम नहीं चुन सकेंगे। उन्हें अपने नाम पर पंजीकृत ट्रेडमार्क या जीएसटी पोर्टल पर दर्ज व्यापारिक नाम में से किसी एक को चुनना होगा।
दूरसंचार कंपनियां नाम मंजूर करने से पहले जरूरी जांच करेंगी। वे ग्राहक से ऐसे दस्तावेज भी लेंगी, जिनसे साबित हो कि वह उस नाम से पंजीकृत है। कंपनियों को इन दस्तावेजों की प्रतियां अपने पास रखनी होंगी।
यह भी पढ़ें- आईएनएस मंगरोलः पानी के नीचे छीपा यह शिकारी कैसे करेगा समुद्री सीमा की रक्षा? EXPLAINED
समुद्री सीमाओं की सुरक्षा में अब नौसेना को एक नया साथी मिल गया है। नौसेना ने 12 अक्टूबर को मुंबई के नौसेना डॉकयार्ड में आईएनएस मंगरोल को अपने बेड़े में शामिल किया। माहे श्रेणी का यह युद्धपोत खास तौर पर तट के निकट उथले पानी में पनडुब्बियों का पता लगाने और उनका मुकाबला करने के लिए बनाया गया है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
