आर्थिक मंदी (Economic Recession) की आशंका बीच दिग्गज टेक कंपनियां (Big Tech Companies) बड़े स्तर पर छंटनी (Layoffs) कर रही हैं। गूगल (Google), माइक्रोसॉफ्ट (Microsoft), अमेजन (Amazon) जैसी कंपनियों ने अब तक हजारों कर्मचारियों को निकालने की घोषणा कर दी है। माइक्रोसॉफ्ट ने तो अपने ग्लोबल वर्कफोर्स के करीब 5 फीसदी एम्प्लॉइज की छंटनी की जानकारी दी है।
इस बीच माइक्रोसॉफ्ट के HR (ह्यूमन रिसोर्स) डिपार्टमेंट के पूर्व वाइस प्रेसिडेंट क्रिस विलियम्स (Chris Williams) बेहद जरूरी जानकारी के साथ सामने आए हैं। उन्होंने बताया है कि किन तीन कैटेगरी के कर्मचारियों की नौकरी जाने का खतरा अधिक है और किन दो कैटेगरी के कर्मचारियों की नौकरी सुरक्षित है।
क्रिस विलियम्स अब पॉडकास्ट करते हैं। उन्होंने कहा है, “बहुत से लोग न्यूज़ में छंटनी की खबर देख रहे हैं और अपनी छंटनी के जोखिम के बारे में सोच रहे हैं। हर बिजनेस, कंपनी, यहां तक कि हर विभाग का जोखिम अलग होता है। लेकिन कुछ डिपार्टमेंट दूसरों की तुलना में अधिक असुरक्षित होते हैं।”
कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स पर गिरेगी सबसे अधिक गाज
क्रिस विलियम्स के मुताबिक, छंटनी के दौर में कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स की नौकरियों को सबसे अधिक खतरा होता है। इसका मुख्य कारण यह है कि कंपनियों ने कॉन्ट्रैक्ट वर्कर्स को जरूरत के अनुसार अस्थाई तौर रखा होता है। ऐसा कर कंपनियां खुद को मंदी के लिए तैयार रखती हैं। जैसे मुश्किल समय आता है अनुबंध कर्मचारी को हटाना सबसे आसान होता है।
नए इनिशिएटिव के जुड़े कर्मचारी भी असुरक्षित
विलियम्स की मानें तो नए इनिशिएटिव के जुड़े कर्मचारियों की इस सूची में दूसरे नंबर पर रखा जा सकता है। दअसल जब कंपनी अपने अच्छे दौर में होती है तो नए-नए प्रयोग करती है। उन प्रयोगों के लिए नए-नए कर्मचारी हायर किए जाते हैं। पैसे कमाने के नए रास्ते बनाने में जुटती है। लेकिन मंदी सामने दिखते ही कंपनियां उन प्रयोगों को बंद कर और अपने बेस प्रोग्राम पर फोकस करती है। ऐसे में नए इनिशिएटिव के लिए हायर किए गए कर्मचारियों की छुट्टी कर दी जाती है।
इवेंट प्लानिंग से जुड़े कर्मचारियों की जाती है नौकरी
विलियम्स स्पष्ट कहते हैं कि मुश्किल दौर में कंपनियां लक्जरी गतिविधियों पर तुरंत लगाम लगती हैं। इवेंट में कटौती करती है। ऐसा कर कंपनियां पैसा बचाती हैं। ऐसी गतिविधियों को इग्नोर करने से कंपनियों की कमाई पर कुछ फर्क भी नहीं पड़ता। लेकिन इवेंट प्लानिंग से जुड़े कर्मचारियों के लिए मुश्लिक हो जाती है। इस डिपार्टमेंट से जुड़े लोगों की नौकरी जाने का खतरा बढ़ जाता है।
दो कैटेगरी के कर्मचारियों की नौकरी होती है सुरक्षित
1. जो कर्मचारी कंपनी के प्रॉफिटेबल प्रोडक्ट बनाने का हिस्सा होते हैं, उनकी नौकरी जाने का खतरा बहुत कम होता है। आसान भाषा में आपकी नौकरी कंपनी की सबसे प्रॉफिटेबल गतिविधियों के जितनी करीब होगी, आपकी छंटनी का जोखिम उतना ही कम होगा।
मंदी के दौर में कंपनियां उन प्रोडक्ट्स पर फोकस करती हैं, जिससे उन्हें अधिक से अधिक फायदा हो। यदि आप उन प्रोडक्ट्स में से एक के लिए जरूरी हैं, तो आपकी नौकरी खोने की संभावना पूरी कंपनी की विफलता के जोखिम के बराबर है।
2. विलियम्स बताते हैं कि छंटनी की मार HR डिपार्टमेंट पर बहुत कम पड़ती है। इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि छंटनी दौरान HR डिपार्टमेंट के पास काम अधिक होता है। छंटनी प्रक्रिया में एचआर आवश्यक होती है।
सिर्फ तीन कंपनियां निकाल सकती हैं 40,000 कर्मचारी
नए साल के पहले ही महीने में अमेजन, माइक्रोसॉफ्ट और गूगल ने बड़े पैमाने पर छंटनी की घोषणा की है। अमेजन 18,000, माइक्रोसॉफ्ट ने 10,000 और गूगल 12,000 कर्मचारियों को निकाल सकता है। इस तरह सिर्फ इन तीन कंपनियों से 40,000 कर्मचारी निकाले जा सकते हैं।