रुस के इरकुत्स्क में 2 अक्तूबर को अनजान प्लेग से एक महिला की मौत हो जाने के बाद लगभग 200 लोगों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। महिला एक एंटी-प्लेग संस्थान की कर्मचारी थी।

स्थानीय खबरों के मुताबिक, दारिया शिपिलोवा काम के सिलसिले में मंगोलया की सीमा के पास बुर्यातिया गई थीं। वहाँ से लौटने के बाद उनकी तबीयत खराब हो गई। उनमें न्यूमोनिक प्लेग के लक्षण पाए गए थे। यह फेफड़ों में होने वाला प्लेग है। बुर्यातिया में उस समय प्लेग फैलने की खबर सामने आई थी।

रूस की निगरानी संस्था रोस्पोत्रेबनादजोर ने सरकारी समाचार एजेंसी तास को बताया, “इरकुत्स्क एंटी-प्लेग रिसर्च इंस्टीट्यूट की एक कर्मचारी के मामले के बाद विशेष उपाय किए गए हैं। कर्मचारी में अज्ञात कारणों से होने वाले निमोनिया का पता चला था।”

स्थानीय खबरों के मुताबिक, दारिया शिपिलोवा से प्लेग के रोगाणु वाला एक टेस्ट ट्यूब टूट गया था। हालांकि निगरानी संस्था ने बताया कि मरीज के नमूनों की विस्तृत जांच में ऐसे कोई सूक्ष्मजीव नहीं मिले, जिनका संबंध प्रयोगशाला में उसके काम से हो।

संस्थान की वेबसाइट के मुताबिक, एंटी-प्लेग इंस्टीट्यूट साइबेरिया और रूस के सुदूर पूर्व में बैक्टीरिया और वायरस से होने वाले खतरनाक संक्रमणों के प्रकोप पर नजर रखता है। यह इन संक्रमणों को रोकने के लिए काम करने वाला एक प्रमुख शोध और जन स्वास्थ्य संस्थान है।

प्लेग क्या है?

प्लेग एक संक्रामक बीमारी है, जो येरसिनिया पेस्टिस (Yersinia pestis) नामक बैक्टीरिया से होती है। वाई पेस्टिस आमतौर पर छोटे जानवरों और उनके शरीर पर रहने वाले पिस्सुओं (fleas) में पाया जाता है। पिस्सु, पंख वाले छोटे खून चूसने वाले कीड़े होते हैं।

विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, इंसान तीन तरीकों से प्लेग की चपेट में आ सकते हैं। पहला, संक्रमित पिस्सू के काटने से। दूसरा, जानवर के संपर्क में आने से, जैसे संक्रमित चूहे के काटने से। तीसरा, न्यूमोनिक प्लेग से संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से। यह संक्रमित व्यक्ति के खांसने से निकलने वाली बूंदों को सांस के साथ अंदर लेने से हो सकता है।

प्लेग कितने प्रकार का होता है?

ब्यूबोनिक प्लेग- यह संक्रमित पिस्सू के काटने से होता है। इसके कारण लसीका प्रणाली (lymphatic system) प्रभावित होती है तथा बैक्टीरिया सबसे नजदीकी लसीका ग्रंथी (गांठ) में फैल जाता है।

ब्यूबोनिक प्लेग के कारण कमर, बगल या गर्दन की गांठों में सूजन तथा तेज दर्द होने लगता है। साथ ही तेज बुखार आना, ठंड लगना, सिर और शरीर में दर्द होना, कमजोरी, उल्टी और जी मिचलाना इसके सामान्य लक्षण हैं।

प्लेग के तीनों प्रकारों में ब्यूबोनिक प्लेग अतीत में बहुत खतरनाक रहा है। यूरोप में 14 वीं सदी में फैला प्लेग ब्यूबोनिक प्लेग ही था। WHO के मुताबिक, 14वीं सदी में इस महामारी से यूरोप में 5 करोड़ से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी। यह संख्या उस समय यूरोप की कुल आबादी की करीब एक-तिहाई थी। इस लिए इसे ब्लैक डेथ भी कहा जाता है।

सेप्टीसीमिक प्लेग- यह तब होता है जब प्लेग के बैक्टीरिया सीधे खून में फैल जाते हैं। यह पिस्सू के काटने से या संक्रमित जानवर के संपर्क में आने से हो सकता है। इसमें खून में संक्रमण के कारण आंतरिक रक्तस्राव और अंगों के काम करना बंद करने का खतरा रहता है।

इसके लक्षणों में त्वचा के नीचे खून जमा होना और गंभीर जटिलताएं शामिल हैं। सांस लेने में भी गंभीर परेशानी हो सकती है। इलाज न मिलने पर यह जानलेवा हो सकता है। समय पर इलाज न मिलने पर यह जानलेवा हो सकता है।

न्यूमोनिक प्लेग- शिपिलोवा में इसी प्रकार के प्लेग का संदेह था। न्यूमोनिक प्लेग प्लेग का सबसे गंभीर और तेजी से फैलने वाला रूप है। इससे संक्रमित होने और लक्षण दिखने के बीच का समय 24 घंटे तक कम हो सकता है।

WHO के मुताबिक, इलाज न मिलने पर यह लगभग हमेशा जानलेवा होता है। जैसा कि इसके नाम से पता चलता है, इसमें बैक्टीरिया फेफड़ों तक पहुंच जाते हैं, जिससे तेजी से निमोनिया और दूसरे लक्षण विकसित होते हैं।

अमेरिका के रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (सीडीसी) के मुताबिक, प्लेग का यही एकमात्र प्रकार है जो संक्रमित व्यक्ति से दूसरे व्यक्ति में फैल सकता है। इसमें संक्रमित व्यक्ति के सांस से निकलने वाली बूंदों का दूसरे व्यक्ति के सांस लेते समय अंदर जाने का खतरा रहता है। इसी वजह से यह प्लेग का सबसे संक्रामक रूप भी है।

हालांकि, अगर बीमारी का पता लक्षण शुरू होने के 24 घंटे के भीतर चल जाए और तुरंत इलाज शुरू कर दिया जाए तो मरीज के ठीक होने की संभावना काफी ज्यादा होती है।

आपको क्या जानना चाहिए?

आधुनिक एंटीबायोटिक दवाओं के आने के बाद संक्रमण का इलाज हो सकता है। साफ-सफाई में सुधार तथा बीमारी के बारे में बेहतर जानकारी के कारण अब प्लेग अपेक्षाकृत कम पाया जाता है। हालांकि, कई देशों में यह बीमारी अब भी मौजूद है।

आज प्लेग के ज्यादातर मामले कांगो लोकतांत्रिक गणराज्य और मेडागास्कर में पाए जाते हैं। WHO के मुताबिक, 2019 से 2025 के बीच दुनिया भर में प्लेग के 3,860 संदिग्ध मामले दर्ज किए गए। इनमें 2,646 मामलों की पुष्टि हुई और जिन देशों में मामलों की पुष्टि हुई, वहां 423 लोगों की मौत हुई।

प्लेग का इलाज एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा सकता है। समय पर इलाज मिलने से मरीज के बचने की संभावना काफी बढ़ जाती है। इलाज न मिलने पर न्यूमोनिक और सेप्टीसीमिक प्लेग लगभग हमेशा जानलेवा साबित होते हैं।

यह भी पढ़ें-चमगादड़ों के शरीर में होता है जानलेवा वायरस, जानें इसके बाद भी क्यों नहीं पड़ते बीमार

वैज्ञानिकों के बीच यह सवाल आज भी बना हुआ है कि चमगादड़ अपने शरीर में ऐसे वायरस कैसे रख सकते हैं, जो इंसानों और दूसरे जानवरों में गंभीर बीमारी पैदा कर सकते हैं। इसके बाद भी वह गंभीर रूप से बीमार नहीं पड़े। इसपर आज भी रिसर्च जारी है। सांइस डेली में प्रकाशित एक रिपोर्ट के अनुसार, टुलेन यूनिवर्सिटी के शोधकर्ताओं ने स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी और अमेरिका के सेंट फॉर डिजीज कंट्रोल एंड प्रिवेंशन के विशेषज्ञों के साथ मिलकर इस सावल के जवाब का एक अहम हिस्सा खोजा है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।