लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने गुरुवार को देशभर के छात्रों से इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की। यह प्रदर्शन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग को लेकर किया जाएगा। राहुल गांधी ने छात्रों से कहा कि वे पुलिस और लाठियों से न डरें। उन्होंने दावा किया कि भाजपा में इस तरह की कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं होगी।
वायनाड के सांसद राहुल गांधी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक वीडियो संदेश साझा करते हुए लिखा, “पुलिस की चिंता मत कीजिए, लाठियों से मत डरिए। भाजपा में इस तरह की हरकत करने की हिम्मत नहीं होगी। हमारे साथ मार्च में आइए। हम संविधान और देश की रक्षा के लिए साथ चलेंगे।”
राहुल गांधी एक नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ का नेतृत्व करेंगे। उन्होंने कहा कि यह किसी एक राजनीतिक दल का प्रदर्शन नहीं होगा, बल्कि उन सभी लोगों का साझा विरोध होगा, जो प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार से परेशान हैं।
राहुल गांधी ने कहा, “डरने की कोई जरूरत नहीं है। मैं सभी छात्र संगठनों से अपील करता हूं कि वे हमारे साथ आएं, चाहे उनका किसी भी राजनीतिक दल से जुड़ाव हो। अगर आपको लगता है कि भारत पर हमला हो रहा है, अगर आपको लगता है कि आप पर, आपकी अभिव्यक्ति, आपके विचारों और आपके सोचने के तरीके पर हमला हो रहा है, तो हमारे साथ जुड़िए। यह एक शानदार मार्च होगा और देश की आत्मा के लिए होगा। मैं आप सभी से वहां मिलने की उम्मीद करता हूं।”
‘जनता की अदालत में महाभियोग’ की तैयारी
कांग्रेस के नेतृत्व वाला इंडिया गठबंधन चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ अपना ‘वोट चोरी’ अभियान तेज करने की तैयारी में है। इसके तहत शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रतीकात्मक रूप से ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ चलाया जाएगा।
प्रशासन ने रामलीला मैदान में इस कार्यक्रम की अनुमति नहीं दी। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के आवास पर आयोजन की तैयारी शुरू कर दी। गठबंधन के सभी सहयोगी दलों से रविवार की रैली में बड़ी संख्या में लोगों को लाने को कहा गया है।
ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर विपक्ष पिछले कुछ समय से विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत मतदाता सूचियों में बदलाव का विरोध कर रहा है। करीब दो सप्ताह तक अभियान धीमा रहने के बाद विपक्ष अब फिर से अपनी गतिविधियां तेज करने की तैयारी में है।
मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर प्रतीकात्मक सुनवाई
कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक, संसद में ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई शुरू करने की विपक्ष की कोशिशें नाकाम रहने के बाद ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ का विचार सामने आया।
कांग्रेस के एक वरिष्ठ सांसद ने कहा कि विपक्ष ने ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने के लिए संसद के दोनों सदनों में कई प्रस्ताव पेश किए थे। जरूरी समर्थन होने के बावजूद ये प्रस्ताव स्वीकार नहीं किए गए। अब गठबंधन जनता के सामने अपना पक्ष रखेगा।
इस साल अप्रैल में संसद के दोनों सदनों के पीठासीन अधिकारियों ने विपक्ष के प्रस्तावों को खारिज कर दिया था।
कांग्रेस की वरिष्ठ नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल ने खड़गे के आवास पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। बंगले के लॉन में एक मंच बनाया गया है। यहां संसद में होने वाली बहस और अदालत में होने वाली सुनवाई की तर्ज पर कार्यवाही होगी।
सूत्रों ने बताया कि इंडिया गठबंधन के सांसदों, न्यायविदों, वकीलों और आम लोगों को इसमें हिस्सा लेने का मौका मिलेगा। एसआईआर से प्रभावित लोग भी अपनी बात रख सकेंगे। एक सूत्र ने इसे छोटे नाटक जैसा कार्यक्रम बताया, जिसमें अलग-अलग लोगों को भूमिकाएं दी जाएंगी।
गुरुवार दोपहर मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर गठबंधन के वरिष्ठ नेताओं की बैठक हुई। बैठक में शामिल एक सूत्र के मुताबिक, लोकसभा की पूर्व अध्यक्ष मीरा कुमार इस कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगी।
राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष खड़गे प्रस्ताव पेश करेंगे। संसद में विभिन्न दलों की संख्या के हिसाब से उन्हें बोलने का समय दिया जाएगा। नागरिक समाज के प्रतिनिधियों के अलावा एसआईआर के दौरान मतदाता सूची से नाम हटाए जाने का सामना करने वाले लोगों को भी अपनी बात रखने के लिए बुलाया जाएगा।
रामलीला मैदान की रैली के लिए कांग्रेस ने तय किए लक्ष्य
एक नवंबर को होने वाली रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को जुटाने के लिए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राज्य इकाइयों के साथ बैठकें कर रहे हैं। इनमें सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और केसी वेणुगोपाल भी शामिल हैं।
उत्तर प्रदेश कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की इकाई को कम से कम 25,000 लोगों को रैली में लाने का लक्ष्य दिया गया है। दिल्ली के आसपास के राज्यों के सांसदों और नेताओं को भी बड़ी संख्या में लोगों को जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कांग्रेस के एक सांसद ने कहा कि दिल्ली के पड़ोसी राज्यों, खासकर हरियाणा और उत्तर प्रदेश की कांग्रेस इकाइयों के बीच रैली में ज्यादा से ज्यादा लोगों को लाने की होड़ लगी है।
यह भी पढ़ें-ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ और रामलीला मैदान में रैली की तैयारी में इंडिया गठबंधन
कांग्रेस के नेतृत्वा वाला इंडिया गठबंधन इस सप्ताह के अंत में चुनाव आयोग और केंद्र सरकार के खिलाफ ‘वोट चोरी’ अभियान तेज करने की तैयारी में है। इसके तहत शनिवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ ‘जनता की अदालत में महाभियोग’ जैसा आयोजन किया जाएगा। वहीं, रविवार को दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली करने की योजना है। पूरी खबर के लिए यहाँ क्लिक करें।
